Home Blog Page 17

सुरेश भट्ट ने प्रदेशवासियों और कालाढूंगी की जनता को दी दशहरे की शुभकामनाएं

  • बोले—बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है विजयादशमी
  • भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाने का दिया संदेश

कालाढूंगी। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण एवं स्वास्थ्य अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने विजयादशमी के पावन पर्व पर उत्तराखंड के समस्त प्रदेशवासियों और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। सुरेश भट्ट ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। 

यह पर्व अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर सदाचार और सकारात्मक विचारों को अपनाने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने कामना की कि विजयादशमी का यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि लेकर आए तथा उत्तराखंड निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

दशहरा अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक: मुख्यमंत्री धामी

  • विजयदशमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
  • भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाने और सामाजिक समरसता के लिए मिलकर काम करने की अपील

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजयदशमी एवं दशहरा पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। साथ ही यह जीवन में सदाचार अपनाने और अपने भीतर की बुराइयों को त्यागने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति अहंकार से मुक्त होकर सत्य के मार्ग पर चले और प्रदेश व देश में सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करे। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व यह संदेश देता है कि अंततः सत्य का साथ देने वालों की जीत होती है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीराम की शिक्षाओं और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी के सुख, कल्याण और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि इस पावन पर्व पर हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए।

नानकमत्ता में गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

  • सतनाम सिंह हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का पुलिस का दावा
  • एक आरोपी से तमंचा और कारतूस बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता में घर पर पथराव और फायरिंग कर 35 वर्षीय सतनाम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28) और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23), निवासी ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को सोनू सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उनके घर पर पथराव और फायरिंग की, जिसमें उनके भाई सतनाम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई।

शिकायत के आधार पर कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान, साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरागरसी करते हुए 19 अक्टूबर को मटिहा बॉर्डर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में कोतवाली नानकमत्ता पुलिस, खटीमा और सितारगंज के पुलिसकर्मियों के साथ एसओजी टीम भी शामिल रही।

दो उपनिरीक्षकों पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज

  • विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद कार्रवाई
  • एसएसपी नवनीत सिंह की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मामला

हरिद्वार। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद दो उपनिरीक्षकों के विरुद्ध कोतवाली गंगनहर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर की गई जांच के बाद हुई है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच एसपी देहात के नेतृत्व में कराई गई थी। जांच में भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की पुष्टि होने के बाद दोनों उपनिरीक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। एसएसपी नवनीत सिंह की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई इस कार्रवाई के जरिए हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा। पुलिस ने पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रुख बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की ली शपथ

  • शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार को गति देना प्राथमिकता
  • संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

देहरादून। उत्तराखंड को सोमवार को नया राज्यपाल मिल गया। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने 19 अक्टूबर को लोक भवन, देहरादून में उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। शपथ ग्रहण से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया। इसके बाद राज्यपाल डॉ. बिसेन ने उत्तराखंड पुलिस के सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव ने किया। 

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल डॉ. बिसेन ने देवभूमि उत्तराखंड की जनता के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें सेवा का अवसर देने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।  उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का केंद्र है। चारधाम, आदि कैलाश और जागेश्वर धाम जैसी पवित्र स्थलों की भूमि होने के साथ यह वीरभूमि भी है, जहां के युवा, किसान और मातृशक्ति प्रदेश की ताकत हैं। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के विकास को लेकर व्यक्त किए गए विजन को साकार करने के लिए प्रदेश को निरंतर नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और राज्यपाल पद की गरिमा बनाए रखने को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया। 

साथ ही राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार तथा जनकल्याण की योजनाओं को गति देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही उनका परम ध्येय रहेगा। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, योग गुरु स्वामी रामदेव और परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी समारोह में भाग लिया।

भाजपा को झटका, रामशरण नौटियाल ने थामा कांग्रेस का हाथ

  • चकराता से भाजपा प्रत्याशी रहे और गायक जुबिन नौटियाल के पिता ने दिल्ली में ली कांग्रेस की सदस्यता
  • कुमारी शैलजा और गणेश गोदियाल रहे मौजूद

नई दिल्ली। उत्तराखंड की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत देहरादून के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और चकराता विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रहे रामशरण नौटियाल ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल कराया गया। इस दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य गुरदीप सप्पल मौजूद रहे।

कुमारी शैलजा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए रामशरण नौटियाल का कांग्रेस परिवार में पुनः स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि रामशरण नौटियाल पार्टी के पुराने साथी हैं और उनके दोबारा कांग्रेस में शामिल होने से उन्हें खुशी है। शैलजा के मुताबिक, रामशरण नौटियाल भाजपा के माहौल और कार्यशैली से असंतुष्ट थे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व तथा पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस में लौटने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस नेताओं ने रामशरण नौटियाल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सहयोग से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उनके कांग्रेस में लौटने को उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

कालाढूंगी में सड़क हादसा, एसपी सिटी ने घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल

  • बर पुल के पास बाइक और स्कूटी की भिड़ंत
  • 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल

कालाढूंगी। कोटाबाग रोड पर बर पुल के पास सोमवार दोपहर मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर में 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान रामनगर की ओर जा रहे एसपी सिटी हल्द्वानी हरबन्स सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कालाढूंगी भिजवाया।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:10 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। हादसे में छोटी हल्द्वानी निवासी मोहम्मद फैज पुत्र मोहम्मद तूफानी की मोटरसाइकिल की सामने से आ रही स्कूटी से टक्कर हो गई। दुर्घटना में फैज के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्कूटी चालक मौके से चला गया। पुलिस उसकी पहचान और जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घरेलू उद्योगों और छोटे कारोबारियों की आजीविका बचाए सरकार: ललित जोशी

  • सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जताई चिंता
  • पुनर्विचार याचिका और अध्यादेश की संभावनाओं पर विचार करने की मांग

हल्द्वानी। घरेलू दुकानों, कुटीर उद्योगों और छोटे कारोबारियों की आजीविका पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर पूर्व मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने चिंता जताई है। प्रेसवार्ता में उन्होंने राज्य सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा के लिए कानूनी विकल्प तलाशने की मांग की। ललित जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में हजारों परिवार सिलाई-कढ़ाई, मोमबत्ती निर्माण, मसाला उद्योग, छोटी दुकानों और सीमित पर्यटन से जुड़े कारोबार के माध्यम से अपनी आजीविका चलाते हैं। कई लोग महंगी व्यावसायिक दुकानों का किराया वहन नहीं कर पाते और घर से ही छोटा व्यवसाय संचालित कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे कारोबार पर प्रतिबंधात्मक प्रभाव पड़ने से रोजगार और परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने सरकार से इस विषय पर आवश्यक कानूनी कदम उठाने, प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए अध्यादेश की संभावनाओं पर विचार करने तथा नियमानुसार सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप ऐसा समाधान निकाला जाना चाहिए, जिससे छोटे कारोबारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की आजीविका सुरक्षित रह सके। ललित जोशी ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग न्यायालय के विरोध में नहीं, बल्कि संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से मेहनतकश लोगों के रोजगार और अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने सरकार से इस मामले में जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की।

महानवमी पर उत्तराखंड में 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर फैसला
  • प्रदेशवासियों को दी पर्व की शुभकामनाएं

देहरादून। शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर उत्तराखंड में सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में मातृ शक्ति को पूजनीय स्थान प्राप्त है।

नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व समाज में महिलाओं के सम्मान, उनके सामर्थ्य और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं देश की समृद्ध विरासत की पहचान हैं। त्योहार न केवल सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी सद्भाव, एकता और आस्था की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ ही उसके मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हल्द्वानी में झोलाछाप डॉक्टरों पर शिकंजा, गलत पद्धति से इलाज करने वालों पर होगी कार्रवाई

  • प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त छापेमारी जारी
  • सीएमओ बोलीं—बिना पंजीकरण और निर्धारित अनुमति के सेवाएं देने वालों पर होगी सख्ती

हल्द्वानी। शहर में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। संयुक्त छापेमारी के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें चिकित्सक अपनी डिग्री और मान्य चिकित्सा पद्धति से इतर दूसरी पद्धतियों की दवाएं लिखकर इलाज कर रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने स्पष्ट किया कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत बीएएमएस, बीएचएमएस, यूनानी, नेचुरोपैथी और एलोपैथी सहित विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के चिकित्सकों के लिए नियमानुसार पंजीकरण कराना और उसका समय पर नवीनीकरण जरूरी है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम अवैध एवं अपंजीकृत क्लीनिकों का निरीक्षण कर रही है। संबंधित संचालकों को पहले भी पत्रों के माध्यम से नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक जिस चिकित्सा पद्धति में सेवाएं देने के लिए अधिकृत हैं, उन्हें उसी के दायरे में उपचार करना होगा। यदि कोई क्लीनिक अतिरिक्त बेड लगाकर नर्सिंग होम की तरह संचालित किया जा रहा है या बिना आवश्यक अनुमति के नई चिकित्सा सेवाएं शुरू की गई हैं, तो इसकी जानकारी तत्काल सीएमओ कार्यालय को देनी होगी। निर्धारित अनुमति के बिना अतिरिक्त सेवाएं देने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में भी डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और पंजीकरण की जांच की जाती है। सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों को अपने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और अन्य संबंधित कर्मचारियों का आवश्यक पंजीकरण सुनिश्चित करना होता है। यदि अन्य चिकित्सा पद्धतियों के चिकित्सकों द्वारा नियमों के विपरीत सेवाएं दिए जाने की शिकायत मिलती है, तो उसका भी निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।