- विजयदशमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
- भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाने और सामाजिक समरसता के लिए मिलकर काम करने की अपील
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजयदशमी एवं दशहरा पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। साथ ही यह जीवन में सदाचार अपनाने और अपने भीतर की बुराइयों को त्यागने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति अहंकार से मुक्त होकर सत्य के मार्ग पर चले और प्रदेश व देश में सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करे। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व यह संदेश देता है कि अंततः सत्य का साथ देने वालों की जीत होती है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीराम की शिक्षाओं और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी के सुख, कल्याण और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि इस पावन पर्व पर हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए।



