Home Blog Page 15

राशन कार्ड धारकों के लिए अलर्ट! 15 नवंबर तक ई-केवाईसी नहीं कराई तो कट सकता है राशन

  • नैनीताल जिले में सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य
  • जिला पूर्ति अधिकारी ने दी अंतिम अवसर की जानकारी

नैनीताल। नैनीताल जिले के राशन कार्ड धारकों को अपने राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी 15 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरी करानी होगी। निर्धारित समयसीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर शासन के निर्देशों के अनुसार संबंधित राशन कार्ड या यूनिट निरस्त की जा सकती है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी कराने की अपील की है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी पूरी कराना आवश्यक है।

इसके लिए उपभोक्ता उत्तराखंड में किसी भी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर उपलब्ध ई-पॉस मशीन के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल एप के जरिए भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर संबंधित राशन कार्डधारक या यूनिट के विरुद्ध कार्रवाई हो सकती है। इसकी जिम्मेदारी राशन कार्डधारक की होगी। ऐसे में उपभोक्ताओं को अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए 15 नवंबर से पहले अपने परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी कराने की सलाह दी गई है।

किराये के मकान में देह व्यापार का खुलासा, व्हाट्सऐप पर ग्राहकों को भेजी जाती थीं युवतियों की तस्वीरें

  • महिला समेत चार गिरफ्तार
  • पुलिस ने छापेमारी में 3500 रुपये और आपत्तिजनक सामग्री की बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में किराये के मकान से कथित अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला में एक मकान पर छापा मारकर इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 3500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस को 23 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर एक स्थित मकान में किराये का कमरा लेकर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है।  सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की।

पुलिस के मुताबिक, मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। इसके बाद पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ के अनुसार, गिरफ्तार महिला अजमीरा कथित तौर पर मकान किराये पर लेकर इस गतिविधि का संचालन कर रही थी। पुलिस का दावा है कि वह फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी तथा उन्हें युवतियों की तस्वीरें भेजती थी। ग्राहकों की मांग के अनुसार बाहरी जिलों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर किराये के कमरे में देह व्यापार कराया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

हल्द्वानी में तेज रफ्तार कार का कहर, तीनपानी फ्लाईओवर पर हादसे में एक की मौत, दो गंभीर

  • कार में सवार थे चार लोग
  • एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जुटाई जानकारी

हल्द्वानी। शहर के तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। यूके 02 ए 2544 नंबर की कार में चार लोग सवार बताए जा रहे थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वाहन में सवार युवती सुरक्षित बताई जा रही। घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे और सभी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने अधिनिस्थो से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार यानी ओवरस्पीडिंग बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

हल्द्वानी में तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, कार सवार दो लोगों की मौत की सूचना

  • अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई कार, चार लोग थे सवार
  • घायलों का सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार जारी

हल्द्वानी। शहर के तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यूके 02 ए 2544 नंबर की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चार लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में दो लोगों की मौत होने की सूचना सामने आई है, जबकि घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे। सभी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। 

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हालांकि, दो लोगों की मौत की सूचना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सूचना मिलने पर बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण कार का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

त्योहार और पर्यटन सीजन को लेकर परिवहन विभाग अलर्ट, पर्वतीय मार्गों पर होगी सख्त चेकिंग

  • नैनीताल जिले में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
  • कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा और पार्किंग की व्यवस्था

हल्द्वानी। त्योहारों और पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल जिले में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्वतीय मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और वाहन चालकों की लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की प्रवर्तन टीमें नियमित चेकिंग करेंगी। वहीं, कैंची धाम में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शटल सेवा और पार्किंग व्यवस्था के माध्यम से वाहनों का संचालन किया जाएगा। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि दशहरा से ही पर्यटन सीजन की शुरुआत हो जाती है। नैनीताल जिले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ पर्वतीय मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में परिवहन विभाग का प्रयास है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जाए और वाहन चालक पहाड़ी रास्तों पर पूरी सावधानी एवं सुरक्षा के साथ वाहन चलाएं। उन्होंने बाहर से आने वाले वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

आरटीओ अरविंद पांडे के अनुसार, पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रवर्तन दलों को नियमित चेकिंग के लिए तैनात किया जाएगा। नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के विभिन्न मार्गों पर परिवहन विभाग की टीमें निगरानी रखेंगी। नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कैंची धाम में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को लेकर उन्होंने बताया कि भीमताल और सैनिटोरियम क्षेत्र से शटल सेवा संचालित की जा रही है। इसके साथ ही कैंची धाम में पार्किंग बनकर तैयार हो चुकी है और वहां वाहनों के संचालन की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। पार्किंग की क्षमता के अनुसार ही वाहनों को आगे जाने दिया जाएगा, जबकि अन्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

परिवहन विभाग का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने, पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मारपीट का आरोप, तीन छात्र चिह्नित

  • एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र के पिता की शिकायत पर जांच शुरू
  • प्राचार्य बोले- पीड़ित के बयान लेने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र के साथ मारपीट और रैगिंग किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज के वार्षिकोत्सव ‘क्रीसेंडो’ की तैयारियों के दौरान यह घटना हुई, जिसके बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्र के पिता की शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन और एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय आर्य ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कुछ शिकायतें सामने आई थीं। 

कॉलेज प्रशासन ने संबंधित छात्रों से बातचीत की है और प्रारंभिक जांच में फिलहाल मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, जिस छात्र के साथ रैगिंग किए जाने का आरोप है, उसके बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। प्राचार्य के अनुसार, शिकायत करने वाले छात्र के पिता से संपर्क हुआ है, जबकि छात्र किसी कारण से उस समय उपलब्ध नहीं था। प्राचार्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान तीन छात्रों को चिह्नित किया गया है और उनके बयान भी लिए गए हैं। मामले की जांच अभी जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित छात्र के बयान सहित सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली से पहले नैनीताल में मिलावटखोरों पर प्रशासन सख्त, 10 नवंबर तक चलेगा विशेष जांच अभियान

  • दूध, मावा, पनीर और घी की आपूर्ति करने वाले वाहनों पर रहेगी खास नजर
  • मिठाई की दुकानों और डेयरियों से लिए जाएंगे नमूने

हल्द्वानी। दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में 21 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत मिठाई की दुकानों, डेयरियों, थोक मंडियों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। मिलावट या दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया है। इनमें संबंधित क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी, खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहेंगे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित रूप से प्रतिष्ठानों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले दूध, मावा, खोया, पनीर और घी की आपूर्ति करने वाले वाहनों की विशेष जांच की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने नियमानुसार लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजेगा, ताकि उनकी गुणवत्ता और शुद्धता का पता लगाया जा सके। इसी क्रम में सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, नैनीताल अजब सिंह रावत ने संबंधित वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रतिदिन शाम चार बजे तक कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि उच्च अधिकारियों को नियमित रूप से जानकारी भेजी जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा मिलावट के जरिए आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर अंकुश लगाना है।

उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। लोक भवन, देहरादून की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस मुलाकात की जानकारी दी गई। हालांकि, लोक भवन की ओर से जारी संक्षिप्त विज्ञप्ति में मुलाकात के दौरान हुई चर्चा या किसी विशेष विषय पर बातचीत का विवरण साझा नहीं किया गया है।

दर्दनाक हादसा: रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबे में दबकर दो श्रमिकों की मौत, एक घायल

  • मेहरा गांव में बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से गिरा मलबा
  • निर्माण कार्य के मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई

भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल के निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के समय अचानक ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार 22 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। सूचना पर भीमताल कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रमिक रिटेनिंग वॉल का बेस तैयार कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से अचानक मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि नेत्र बहादुर उर्फ संजू घायल हो गया। घटना दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। घायल श्रमिक को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र, और हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा, के रूप में हुई है। दोनों का संबंध मूल रूप से नेपाल के राजापुर क्षेत्र से बताया गया है और वे वर्तमान में भीमताल क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों के शव मिले। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए हैं। हादसे के कारणों और निर्माण कार्य से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य के मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हल्द्वानी में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की संगठनात्मक बैठक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों पर चर्चा

  • प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़ ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद
  • संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़ अपने दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी पहुंचे। यहां उन्होंने संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बैठक में मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली के आगामी उत्तराखंड प्रवास कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन रहे, जबकि अध्यक्षता नैनीताल जिला अध्यक्ष अली नकवी ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मोहम्मद हसन बंजारा ने किया। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नैनीताल जिला प्रभारी परवेज खान, प्रदेश उपाध्यक्ष राव जमीर सहित जिला महामंत्री, अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक को संगठनात्मक समन्वय और आगामी कार्यक्रमों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया।