Home Blog Page 14

अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिया’ बयान पर विवाद, करणी सेना ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

  • उत्तराखंड के लोगों की भावनाएं आहत होने का आरोप
  • सपा प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई की मांग

हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए ‘घुसपैठिया’ संबंधी बयान पर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में उत्तराखंड करणी सेना के गौरक्षकों ने आपत्ति जताते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है और सपा प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 27 अक्टूबर को दिए गए ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के बयान से देवभूमि उत्तराखंड और यहां के निवासियों का अपमान हुआ है।

 ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड की पहचान देश को सैनिक देने वाली वीरभूमि के साथ-साथ बदरीनाथ-केदारनाथ धाम, हिमालय और मां गंगा की पवित्र धरती के रूप में है। ऐसे में प्रदेशवासियों के लिए इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है। संगठन ने राष्ट्रपति से मामले को गंभीरता से लेते हुए अखिलेश यादव के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक और राष्ट्रीय पहचान का सम्मान किया जाना चाहिए।

रुद्रपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, छह गिरफ्तार, ₹3.88 लाख नकद बरामद

  • ओमेक्स रिवेरा के विला में ताश और पोकर से लगाई जा रही थी हार-जीत की बाजी, संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ओमेक्स रिवेरा स्थित एक विला में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मौके से ₹3,88,100 नकद, ताश की दो गड्डियां और टेक्सास होल्डम पोकर सेट समेत पोकर के विभिन्न रंगों के सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर विभव सैनी के मार्गदर्शन में कोतवाली पंतनगर, कोतवाली रुद्रपुर और सिडकुल चौकी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओमेक्स रिवेरा के लेमेडा विला नंबर 39 में छापा मारा। 

विला की दूसरी मंजिल पर छह व्यक्ति ताश और पोकर के माध्यम से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (43), अशोक कुमार (50), अपूर्व कुमार (35), अभिषेक कुमार (42), मनवेन्द्र सिंह (34) और विवेक गुप्ता (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर बरामद सामग्री को सीलबंद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में रुद्रपुर और पंतनगर पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित संयुक्त टीम शामिल रही।

हल्द्वानी में जनगणना की तैयारियां तेज, कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू

  • 27 से 29 अक्टूबर तक पहले चरण की ट्रेनिंग
  • 15 दिसंबर से जनगणना शुरू होने की जानकारी

हल्द्वानी। राष्ट्रीय जनगणना कार्यक्रम को लेकर हल्द्वानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 27 अक्टूबर से कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में 29 अक्टूबर तक कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित कार्यों की जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जनगणना के चार्ज अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे उपजिलाधिकारी हल्द्वानी ने बताया कि कार्मिकों का प्रशिक्षण दो चरणों में पूरा कराया जाएगा, ताकि जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने बताया कि जनगणना का शुभारंभ 15 दिसंबर से किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही लोगों को स्वयं जनगणना से जुड़ी जानकारी दर्ज करने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद संबंधित कार्मिक जनगणना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।

निर्माणाधीन इमारत में मिला पंजाब निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका

  • रायपुर क्षेत्र की एटीएस कॉलोनी के पास मिला शव
  • सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली। 

इसके बाद रायपुर थाना पुलिस और मयूर विहार चौकी की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान पंकज मित्तल (52), निवासी गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हल्द्वानी में बाल यौन शोषण मामले का खुलासा, डिजिटल उपकरणों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद

  • साइबर टिपलाइन की 11 शिकायतों पर दर्ज हुआ मुकदमा
  • नाबालिग आरोपी की पहचान, मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट जब्त

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने साइबर टिपलाइन से प्राप्त 11 शिकायतों के आधार पर बाल यौन शोषण से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच के दौरान आरोपी की पहचान की है। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी और पीड़ित दोनों घटना के समय नाबालिग थे। जांच के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी में  तहत पॉक्सो एक्ट की धारा 14/15 और आईटी एक्ट की धारा 67(बी) में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई।

पुलिस के मुताबिक, डिजिटल उपकरणों की जांच में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तथा अश्लील सामग्री की सर्च और डाउनलोड हिस्ट्री मिली।जांच में आरोप सामने आया कि आरोपी ने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग बच्चे का यौन शोषण कर वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट पर अपलोड किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंटरनेट से आपत्तिजनक सामग्री डाउनलोड कर लैपटॉप में भी सुरक्षित रखता था। पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग कराई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट इस्तेमाल पर निगरानी रखने, उनसे संवाद बनाए रखने तथा किसी भी तरह के शोषण की आशंका होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। ऑनलाइन शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

गोला बाईपास पर कार-स्कूटी की भिड़ंत, 55 वर्षीय स्कूटी सवार गंभीर घायल

  • इंदिरा नगर फाटक के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ हादसा
  • मौके पर पहुंची बनभूलपुरा पुलिस ने शुरू की जांच

हल्द्वानी। गोला बाईपास पर इंदिरा नगर फाटक के पास सोमवार दोपहर कार और स्कूटी की भिड़ंत में 55 वर्षीय स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, हुंडई कार संख्या DL 2C AV 2826 और होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या UK 04 AL 6734 की इंदिरा नगर फाटक के पास टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार बाबू पुत्र दिलावर खां, निवासी वार्ड नंबर 32, इंदिरा नगर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। कार सवार नैनीताल से दिल्ली की ओर जा रहे थे। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर चेतावनी, किसान हित प्रभावित हुए तो देशव्यापी आंदोलन

  • 19 नवंबर को उत्तराखण्ड में देश बचाओ मोर्चा की बैठक
  • 20 से अधिक राज्यों के प्रतिनिधियों को बुलाने की तैयारी

हल्द्वानी। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर किसान मंच उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय ने केंद्र सरकार से कृषि, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अमेरिकी दबाव में किसान हितों के खिलाफ समझौते पर हस्ताक्षर किए गए, तो देशव्यापी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। हल्द्वानी में प्रेस वार्ता के दौरान उपाध्याय ने कहा कि व्यापार समझौते की शर्तें सार्वजनिक की जानी चाहिए और संभावित आयात तथा शुल्क रियायतों का भारतीय किसानों पर पड़ने वाला प्रभाव स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों की कर्जमुक्ति और मजदूरों के अधिकारों को भी प्रमुख मुद्दा बताया।

उपाध्याय के अनुसार, देश बचाओ मोर्चा से अब तक 100 से अधिक किसान, मजदूर और सामाजिक संगठन जुड़ चुके हैं। मोर्चे की अगली महत्वपूर्ण बैठक 19 नवंबर 2026 को उत्तराखण्ड में आयोजित करने की योजना है, जिसमें 20 से अधिक राज्यों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक के लिए देहरादून या हरिद्वार में से किसी एक स्थान का चयन किया जाना है। उन्होंने कहा कि बैठक में उत्तराखण्ड के विभिन्न जनआंदोलनों के बीच समन्वय बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर पर साझा रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी। मोर्चा किसानों, पशुपालकों, युवाओं और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को एक मंच पर उठाने की दिशा में काम करेगा।

लूट की कोशिश बनी मौत की वजह! लावारिस शव की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार

  • शराब के नशे में जा रहे व्यक्ति को बनाया निशाना
  • सुनसान सड़क पर धक्का देने से हुई थी मौत, CCTV फुटेज से खुला मामला

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर लूट के इरादे से व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। गिरने से आई अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह राजा-रानी वेडिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास किए। 

आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक के साथ मारपीट कर उसे धक्का देते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में अशरफ उर्फ काला (26), निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर और सफदर (36), निवासी जीवनगढ़, विकासनगर, हाल निवासी ब्राह्मणवाला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे शराब के ठेकों के आसपास नशे में जा रहे लोगों को निशाना बनाकर सुनसान जगह पर उनसे पैसे और सामान छीनने का प्रयास करते थे। घटना वाली रात भी उन्होंने मृतक को निशाना बनाया था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की जांच तथा 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

उत्तराखंड में नशे की बड़ी खेप पकड़ी! 35 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

  • STF और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
  • झारखंड से अफीम लाकर ऊंचे दामों पर बेचने की थी तैयारी

किच्छा। उत्तराखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और किच्छा पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये कीमत की 7 किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी झारखंड से अफीम खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। STF के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम ने ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी खलीक अहमद और बरेली निवासी जीतेन्द्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से बरामद अफीम का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 35 लाख रुपये है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर झारखंड से अफीम खरीदकर लाने की जानकारी दी है। STF अब इस तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है, ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत और इसके वितरण में शामिल अन्य व्यक्तियों तक पहुंचा जा सके। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी सहित टीम के अन्य सदस्य तथा किच्छा कोतवाली पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। STF ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।

दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को 32 लाख का बोनस, बिंदुखत्ता की छह समितियों में बांटी गई राशि

  • चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर मिला बोनस
  • दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा बोले—उत्पादकों के हित सर्वोपरि

लालकुआं। दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात दी है। क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को कुल 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर बोनस मिलने से उत्पादकों में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों और महिलाओं ने भाग लिया। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देना संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में दुग्ध उत्पादकों की अहम भूमिका है और इस व्यवसाय में महिलाओं का योगदान भी सराहनीय है।

बिंदुखत्ता की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों के सदस्यों को बोनस वितरित किया गया। मुकेश बोरा ने कहा कि दीपावली से पहले बोनस देना उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का प्रयास है। उन्होंने उत्पादकों से सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और दुग्ध व्यवसाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्यों, समिति पदाधिकारियों, अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे। बोनस मिलने पर उत्पादकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दुग्ध संघ के प्रयासों की सराहना की।