लूट की कोशिश बनी मौत की वजह! लावारिस शव की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार

  • शराब के नशे में जा रहे व्यक्ति को बनाया निशाना
  • सुनसान सड़क पर धक्का देने से हुई थी मौत, CCTV फुटेज से खुला मामला

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर लूट के इरादे से व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। गिरने से आई अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह राजा-रानी वेडिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास किए। 

लूट की कोशिश बनी मौत की वजह! लावारिस शव की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार

आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक के साथ मारपीट कर उसे धक्का देते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में अशरफ उर्फ काला (26), निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर और सफदर (36), निवासी जीवनगढ़, विकासनगर, हाल निवासी ब्राह्मणवाला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे शराब के ठेकों के आसपास नशे में जा रहे लोगों को निशाना बनाकर सुनसान जगह पर उनसे पैसे और सामान छीनने का प्रयास करते थे। घटना वाली रात भी उन्होंने मृतक को निशाना बनाया था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की जांच तथा 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Read more

Local News