Home Blog Page 13

हल्द्वानी में यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन वोल्वो बसें सीज, 73 वाहनों के चालान

  • रोडवेज स्टेशन से मंगल पड़ाव तक हटवाई गईं अवैध रेहड़ी-ठेलियां
  • यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस का सघन अभियान

हल्द्वानी। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही तीन वोल्वो बसों को सीज किया गया, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन और यातायात बाधित करने के मामलों में 73 वाहनों के चालान किए गए। इसके साथ ही रोडवेज बस स्टेशन से मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे लगी अवैध रेहड़ी-ठेलियों को भी हटवाया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बीते दिवस मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारियों, सीपीयू और यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। 

इसी क्रम में एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक हल्द्वानी भूपेश पांडेय और सीपीयू प्रभारी जगदीश राम के नेतृत्व में यातायात पुलिस व सीपीयू की संयुक्त टीम ने शहर के व्यस्त और संवेदनशील मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही तीन वोल्वो बसों को सीज किया गया। वहीं, ओवरलोडिंग, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले कुल 73 वाहनों के चालान कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-ठेलियों को हटवाकर पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के लिए रास्ता सुगम बनाने का प्रयास किया। नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों और आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़कों पर अवैध अतिक्रमण न करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

अल्पसंख्यक शिक्षा संशोधन अध्यादेश पर सपा प्रदेश अध्यक्ष का विरोध, अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने की वापसी की मांग

  • बोले—अध्यादेश से मदरसों को निशाना बनाए जाने की आशंका
  • मुस्लिम संगठनों को सुनवाई का अवसर दिया जाए

हल्द्वानी। उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम (संशोधन) अध्यादेश, 2026 को लेकर समाजवादी पार्टी ने विरोध जताया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने अध्यादेश पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों के विपरीत बताया और राज्य सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि 30 जून 2026 को प्रख्यापित अध्यादेश संख्या 03/2026 के प्रावधान धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों के शैक्षणिक अधिकारों को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके जरिए मुस्लिम समाज को धार्मिक शिक्षा से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1)(g), 25, 26, 29 और 30 के तहत प्राप्त अधिकारों के संदर्भ में इस अध्यादेश की समीक्षा होनी चाहिए।

सिद्दीकी ने अध्यादेश की धारा 16(सी) पर सवाल उठाते हुए कहा कि कथित तौर पर धार्मिक शिक्षा दिए जाने की स्थिति में संस्थान पर ताला लगाने, पांच लाख रुपये तक जुर्माना लगाने, रिसीवर नियुक्त करने और एफआईआर दर्ज कराने जैसे प्रावधान चिंता पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि अधिनियम में धार्मिक शिक्षा की स्पष्ट परिभाषा नहीं होने से इसके दुरुपयोग की आशंका बनी हुई है। उनके मुताबिक, कुरान की तिलावत, हदीस और दुआ पढ़ाने जैसी गतिविधियों को लेकर भी अस्पष्टता पैदा हो सकती है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 30(1) का हवाला देते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों को अपनी शैक्षणिक संस्थाएं स्थापित करने और उनका प्रशासन चलाने का अधिकार प्राप्त है। सिद्दीकी ने यह भी सवाल उठाया कि एक ही कथित उल्लंघन पर कई तरह की दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान कितना उचित है और क्या यह संवैधानिक कसौटी पर खरा उतरता है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि अध्यादेश को तत्काल वापस लिया जाए और विधानसभा में इस पर विस्तृत चर्चा होने तक दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। उन्होंने मुस्लिम अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों, मदरसा बोर्ड, जमीयत उलेमा-ए-हिंद और अन्य मुस्लिम संगठनों को अपना पक्ष रखने का अवसर देने की भी मांग की।

दमुवाढूंगा के गोकुल नगर में सीसी सड़क निर्माण अंतिम चरण में, जल्द मिलेगी राहत

  • वार्ड-36 में एडीबी करा रहा सड़क निर्माण
  • वार्ड-48 में बल्यूटिया की गली में भी काम जारी

हल्द्वानी। शहर के वार्डों में सड़क निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। वार्ड नंबर 36, दमुवाढूंगा के गोकुल नगर में एडीबी (ADB) की ओर से कराया जा रहा सीसी सड़क निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क की समस्या से राहत मिल सकेगी।

इसके अलावा वार्ड नंबर 48 में बल्यूटिया की गली में एम-30 श्रेणी के कंक्रीट कार्य की प्रक्रिया जारी है। वहीं, मुकुल बल्यूटिया की गली में पीक्यूसी (PQC) सड़क निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों के आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

हल्द्वानी में EVM की जांच तेज, 40 प्रतिशत मशीनों की FLC पूरी

  • राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो रही जांच
  • खराब मशीनें अलग कर निर्माता कंपनियों को भेजी जाएंगी

हल्द्वानी। आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत हल्द्वानी स्थित निर्वाचन कार्यालय में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) का कार्य तेजी से चल रहा है। 23 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रक्रिया में अब तक करीब 40 प्रतिशत मशीनों की जांच पूरी की जा चुकी है। जांच के दौरान सही पाई जाने वाली मशीनों को अगले चुनाव के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है, जबकि खराब मशीनों को अलग किया जा रहा है। उप निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी नैनीताल विवेक राय ने बताया कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के इंजीनियरों की मौजूदगी में मशीनों की जांच की जा रही है। यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने संपन्न कराई जा रही है, ताकि पूरी कार्यवाही पारदर्शी तरीके से हो सके। उन्होंने बताया कि जांच में जो मशीनें सही पाई जा रही हैं, उन पर एफएलसी ओके का निशान लगाकर सुरक्षित किया जा रहा है। वहीं, खराब मिलने वाली मशीनों पर नॉन-फंक्शनिंग का प्रमाणपत्र लगाकर उन्हें अलग रखा जा रहा है। ऐसी मशीनों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार संबंधित निर्माता कंपनियों को वापस भेजा जाएगा।

एडीएम विवेक राय के अनुसार, एफएलसी के दौरान प्रतिदिन लगभग 175 मशीनों के सेट की जांच की जा रही है। इन सेटों में बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और वीवीपैट मशीनें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इंजीनियर तत्परता से कार्य कर रहे हैं और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी नियमित रूप से उपस्थित रहकर प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं। नगर आयुक्त के स्तर से भी पर्यवेक्षण किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एसडीएम और तहसीलदार सुबह वेयरहाउस की सील खुलवाते हैं और शाम को काम पूरा होने के बाद दोबारा सील लगवाई जाती है। वेयरहाउस की चाबियां ट्रेजरी में सुरक्षित रखी जाती हैं। विवेक राय ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए एफएलसी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शेष मशीनों की जांच भी जल्द पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

फर्जी दस्तावेजों से MBBS में दाखिले का मामला: तीन और गिरफ्तार, अब तक आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

  • बेटियों के मेडिकल एडमिशन के लिए बनवाए थे कूटरचित प्रमाणपत्र
  • आरोपियों ने कंसल्टेंट को दिए 25 और 30 लाख रुपये

देहरादून। उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिले के मामले में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने अपनी बेटियों को मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के लिए फर्जी आधार कार्ड, स्थायी निवास और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र तैयार करवाए थे। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को थाना रायपुर और थाना क्लेमेनटाउन में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी पोर्टल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन करने के संबंध में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-1 जया बलोनी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया था। एसआईटी ने संबंधित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की और शिक्षण संस्थानों से रिकॉर्ड जुटाए। जांच में दस्तावेजों पर दर्ज पते गलत पाए जाने के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर प्रवीण कुमार (48), जगपाल सिंह (50) और रामपाल सिंह (52) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।

 पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रवीण कुमार और जगपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटियों खुशी और स्वाति के एमबीबीएस दाखिले के लिए पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी रूपेश पंडित से संपर्क किया था। आरोप है कि रूपेश और उसके साथी शिक्षा कंसल्टेंसी के माध्यम से निजी विश्वविद्यालयों और विदेशों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला दिलाने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने के एवज में प्रवीण कुमार ने 25 लाख रुपये और जगपाल सिंह ने 30 लाख रुपये दिए थे। इन दस्तावेजों के आधार पर खुशी का मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराया गया, जबकि स्वाति को नीट काउंसलिंग में शामिल कराया गया था। वहीं, पुलिस के अनुसार रामपाल सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने परिचित विशाल कुमार के साथ मिलकर अपनी बेटी तृप्ति के लिए कथित तौर पर फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र और आधार कार्ड तैयार करवाए थे। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसकी बेटी का हरिद्वार स्थित जीएमसी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला कराया गया था। एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

करवा चौथ पर महिला कर्मचारियों को धामी सरकार का तोहफा, 29 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जारी हुआ आदेश
  • महिलाओं की आस्था और परंपराओं के सम्मान की कही बात

देहरादून। उत्तराखंड की महिला कार्मिकों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में राज्य सरकार ने करवा चौथ पर्व के अवसर पर 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को महिला कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में शासन की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि करवा चौथ महिलाओं की आस्था, प्रेम और पारिवारिक विश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। राज्य सरकार महिलाओं की भावनाओं, धार्मिक आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए उनके हितों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पर्वों से जुड़ी भावनाओं को भी मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि करवा चौथ जैसे त्योहार परिवारों में प्रेम, विश्वास और आपसी समर्पण की भावना को सशक्त बनाते हैं।

हल्द्वानी में मिठाई और बताशे बनाने वाले गोदामों पर छापा, गंदगी और बिना लाइसेंस कारोबार पर कार्रवाई

  • अंबेडकर नगर में अस्वच्छता के बीच बन रहे थे बताशे, मिश्री और खिलौने
  • ऊंचापुल की अजय स्वीट्स में मिलीं पुरानी मिठाइयां

हल्द्वानी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन ने मिलावट व अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम हल्द्वानी मोनिका के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में मिठाई, बताशे और खाद्य खिलौने बनाने वाले प्रतिष्ठानों व गोदामों पर छापेमारी की। इस दौरान अंबेडकर नगर स्थित एक गोदाम में बिना लाइसेंस अस्वच्छ परिस्थितियों में सामग्री तैयार किए जाने और ऊंचापुल स्थित अजय स्वीट्स के गोदाम में पुरानी मिठाइयां मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई। एसडीएम मोनिका ने बताया कि सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में की गई जांच के दौरान प्रभात जायसवाल के अंबेडकर नगर स्थित गोदाम में बताशे, मिश्री और खाद्य खिलौनों का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना लाइसेंस किया जा रहा था। 

इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, ऊंचापुल स्थित अजय स्वीट्स के गोदाम में पुरानी मिठाइयां मिलने और गंदगी पाए जाने पर भी चालान किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बिना लाइसेंस संचालित और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी की जाएगी।अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए। विभाग के अनुसार, फूड सेफ्टी लैब ऑन व्हील्स के माध्यम से मौके पर 97 नमूनों की प्राथमिक जांच की गई, जिनमें खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप परिणाम मिले। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।

सड़कें ठीक कराने पहुंचे व्यापारियों को सिटी मजिस्ट्रेट ने पढ़ाया नियमों का पाठ

  • दीपावली से पहले बाजार की सड़कें दुरुस्त करने की मांग
  • सिटी मजिस्ट्रेट बोले—अतिक्रमण हटाने में सहयोग करें व्यापारी

हल्द्वानी। दीपावली से पहले बाजार क्षेत्र की जर्जर सड़कों और गड्ढों की समस्या को लेकर व्यापारियों ने हल्द्वानी में सिटी मजिस्ट्रेट का घेराव किया। व्यापारियों ने कहा कि बाजार की सड़कें खुदी होने से धूल उड़ रही है, जिससे दुकानदारों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने त्योहार से पहले सभी प्रमुख बाजार मार्गों को दुरुस्त करने की मांग उठाई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने में सहयोग करने की नसीहत दी। व्यापारियों का कहना था कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है, लेकिन सड़कों की खराब हालत और धूल के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि समय रहते सड़क मरम्मत का काम पूरा कराया जाए, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिल सके।

व्यापारियों की मांग पर सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि जब सड़क ठीक करने के लिए टीम पहुंची थी, तो उसे काम करने से क्यों रोका गया। उन्होंने कहा कि बाजार में अतिक्रमण के कारण प्रशासन की जेसीबी और निर्माण कार्य करने वाली टीम को पहुंचने में परेशानी होती है। उन्होंने व्यापारियों से विरोध करने के बजाय सड़क सुधार कार्य में सहयोग करने और अपने स्तर से अतिक्रमण हटाने की अपील की। सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि बाजार की सड़कों को जल्द दुरुस्त कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, सड़क सुधार कार्य में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। प्रशासन के सख्त रुख के बाद मौके पर मौजूद व्यापारी शांत हुए। अब देखना होगा कि दीपावली से पहले बाजार की सड़कों की मरम्मत कितनी तेजी से पूरी हो पाती है।

विवेचनाओं में देरी पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी सख्त, बोले- लापरवाही पर निलंबन तय

  • नैनीताल जिले में जाम की समस्या पर भी सख्ती
  • डग्गामार बसों और वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में लंबित आपराधिक मामलों की विवेचना में देरी और यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाया है। मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने विवेचनाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जांच अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय पर विवेचना पूरी नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है।बैठक में एसएसपी ने विवेचना कर रहे जांच अधिकारियों से मामलों की प्रगति की समीक्षा की और देरी को लेकर नाराजगी जताई। 

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की नियमित निगरानी की जाए और विवेचनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाएं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री भी हर महीने इसकी समीक्षा करते हैं, इसलिए पुलिस अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। वहीं, जिले में लगातार सामने आ रही जाम की समस्या को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने डग्गामार निजी बसों और अन्य अनियमित रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाई जा सके और आम लोगों को जाम से राहत मिले। अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, विवेचनाओं में तेजी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

धामी कैबिनेट के समानांतर हल्द्वानी में बैठी ‘सांकेतिक सरकार’, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का प्रस्ताव पारित

  • बुद्ध पार्क में मेज-कुर्सियां सजाकर हुई सांकेतिक कैबिनेट बैठक
  • हरीश रावत बने मुख्यमंत्री, 10 दिन से जारी है धरना और अनशन

हल्द्वानी। गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया गया। गैरसैंण में जहां प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक और विधानसभा सत्र को लेकर राजनीतिक हलचल तेज रही, वहीं हल्द्वानी में आंदोलनकारियों ने सरकार के समानांतर एक ‘सांकेतिक कैबिनेट’ आयोजित कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बुद्ध पार्क में आयोजित इस सांकेतिक बैठक में पहाड़ी आर्मी के संस्थापक हरीश रावत को सांकेतिक मुख्यमंत्री बनाया गया, जबकि अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं को मंत्रियों की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के लिए बाकायदा मेज-कुर्सियां लगाई गईं और सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक पहाड़ी टोपी पहनकर राजधानी के मुद्दे पर चर्चा की। प्रदर्शनकारियों ने इस आयोजन के जरिए सरकार से गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग उठाई।

गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर हल्द्वानी में पिछले 10 दिनों से धरना-प्रदर्शन और अनशन जारी है। आंदोलन की अगुवाई पूर्व आईएएस अधिकारी मनोज प्रसाद रतूड़ी और पहाड़ी आर्मी के सदस्य कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि स्थायी राजधानी का मुद्दा लंबे समय से लंबित है और सरकार को इस पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। सांकेतिक मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर वर्षों से आंदोलन चल रहा है। उनके मुताबिक, प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारें सत्ता में आईं, लेकिन स्थायी राजधानी का फैसला नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि सांकेतिक कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य सरकार का ध्यान जनता की भावनाओं की ओर आकर्षित करना और गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को फिर से मजबूती से उठाना है। बुद्ध पार्क में आयोजित इस सांकेतिक कैबिनेट बैठक के जरिए आंदोलनकारियों ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का मुद्दा अभी भी उनके आंदोलन के केंद्र में है।