- नैनीताल जिले में जाम की समस्या पर भी सख्ती
- डग्गामार बसों और वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में लंबित आपराधिक मामलों की विवेचना में देरी और यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाया है। मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने विवेचनाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जांच अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय पर विवेचना पूरी नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है।बैठक में एसएसपी ने विवेचना कर रहे जांच अधिकारियों से मामलों की प्रगति की समीक्षा की और देरी को लेकर नाराजगी जताई।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की नियमित निगरानी की जाए और विवेचनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाएं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री भी हर महीने इसकी समीक्षा करते हैं, इसलिए पुलिस अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। वहीं, जिले में लगातार सामने आ रही जाम की समस्या को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने डग्गामार निजी बसों और अन्य अनियमित रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाई जा सके और आम लोगों को जाम से राहत मिले। अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, विवेचनाओं में तेजी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
