- अंबेडकर नगर में अस्वच्छता के बीच बन रहे थे बताशे, मिश्री और खिलौने
- ऊंचापुल की अजय स्वीट्स में मिलीं पुरानी मिठाइयां
हल्द्वानी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन ने मिलावट व अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम हल्द्वानी मोनिका के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में मिठाई, बताशे और खाद्य खिलौने बनाने वाले प्रतिष्ठानों व गोदामों पर छापेमारी की। इस दौरान अंबेडकर नगर स्थित एक गोदाम में बिना लाइसेंस अस्वच्छ परिस्थितियों में सामग्री तैयार किए जाने और ऊंचापुल स्थित अजय स्वीट्स के गोदाम में पुरानी मिठाइयां मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई। एसडीएम मोनिका ने बताया कि सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में की गई जांच के दौरान प्रभात जायसवाल के अंबेडकर नगर स्थित गोदाम में बताशे, मिश्री और खाद्य खिलौनों का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना लाइसेंस किया जा रहा था।

इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, ऊंचापुल स्थित अजय स्वीट्स के गोदाम में पुरानी मिठाइयां मिलने और गंदगी पाए जाने पर भी चालान किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बिना लाइसेंस संचालित और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी की जाएगी।अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए। विभाग के अनुसार, फूड सेफ्टी लैब ऑन व्हील्स के माध्यम से मौके पर 97 नमूनों की प्राथमिक जांच की गई, जिनमें खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप परिणाम मिले। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।
