- रायपुर क्षेत्र की एटीएस कॉलोनी के पास मिला शव
- सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली।

इसके बाद रायपुर थाना पुलिस और मयूर विहार चौकी की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान पंकज मित्तल (52), निवासी गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
