- साइबर टिपलाइन की 11 शिकायतों पर दर्ज हुआ मुकदमा
- नाबालिग आरोपी की पहचान, मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट जब्त
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने साइबर टिपलाइन से प्राप्त 11 शिकायतों के आधार पर बाल यौन शोषण से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच के दौरान आरोपी की पहचान की है। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी और पीड़ित दोनों घटना के समय नाबालिग थे। जांच के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी में तहत पॉक्सो एक्ट की धारा 14/15 और आईटी एक्ट की धारा 67(बी) में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई।

पुलिस के मुताबिक, डिजिटल उपकरणों की जांच में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तथा अश्लील सामग्री की सर्च और डाउनलोड हिस्ट्री मिली।जांच में आरोप सामने आया कि आरोपी ने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग बच्चे का यौन शोषण कर वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट पर अपलोड किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंटरनेट से आपत्तिजनक सामग्री डाउनलोड कर लैपटॉप में भी सुरक्षित रखता था। पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग कराई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट इस्तेमाल पर निगरानी रखने, उनसे संवाद बनाए रखने तथा किसी भी तरह के शोषण की आशंका होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। ऑनलाइन शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
