त्योहार और पर्यटन सीजन को लेकर परिवहन विभाग अलर्ट, पर्वतीय मार्गों पर होगी सख्त चेकिंग

  • नैनीताल जिले में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
  • कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा और पार्किंग की व्यवस्था

हल्द्वानी। त्योहारों और पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल जिले में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्वतीय मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और वाहन चालकों की लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की प्रवर्तन टीमें नियमित चेकिंग करेंगी। वहीं, कैंची धाम में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शटल सेवा और पार्किंग व्यवस्था के माध्यम से वाहनों का संचालन किया जाएगा। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि दशहरा से ही पर्यटन सीजन की शुरुआत हो जाती है। नैनीताल जिले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ पर्वतीय मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में परिवहन विभाग का प्रयास है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जाए और वाहन चालक पहाड़ी रास्तों पर पूरी सावधानी एवं सुरक्षा के साथ वाहन चलाएं। उन्होंने बाहर से आने वाले वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

त्योहार और पर्यटन सीजन को लेकर परिवहन विभाग अलर्ट, पर्वतीय मार्गों पर होगी सख्त चेकिंग

आरटीओ अरविंद पांडे के अनुसार, पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रवर्तन दलों को नियमित चेकिंग के लिए तैनात किया जाएगा। नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के विभिन्न मार्गों पर परिवहन विभाग की टीमें निगरानी रखेंगी। नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कैंची धाम में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को लेकर उन्होंने बताया कि भीमताल और सैनिटोरियम क्षेत्र से शटल सेवा संचालित की जा रही है। इसके साथ ही कैंची धाम में पार्किंग बनकर तैयार हो चुकी है और वहां वाहनों के संचालन की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। पार्किंग की क्षमता के अनुसार ही वाहनों को आगे जाने दिया जाएगा, जबकि अन्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

परिवहन विभाग का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने, पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Read more

Local News