हल्द्वानी। नैनीताल जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने हल्द्वानी स्थित एनआईसी सभागार में भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष पुनरीक्षण अभियान की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें सभी संबंधित विभागों एवं राजनीतिक दलों का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने जानकारी दी कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक जिले के सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं आवश्यक विवरण संकलित करेंगे। इसके लिए सभी तहसील स्तरों पर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा तथा 14 जुलाई को मतदाता सूची के आलेख का प्रकाशन होगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा, जिसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। बैठक में एसआईआर अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे सहित सभी ईआरओ एवं एईआरओ मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस, भाजपा और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में प्रतिभाग कर अपने सुझाव रखे।






