हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर रविवार को समाजसेवी उवैस राजा के नेतृत्व में लाइन नंबर 17, आजाद नगर में सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में जल्द सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त कराने की मांग उठाई। उवैस राजा ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पर्व नजदीक है और इस दौरान क्षेत्र से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाता है। टूटी और बदहाल सड़कों के कारण जुलूस में शामिल होने वाले लोगों के साथ स्थानीय नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़कें बदहाल हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “विधायक जी खुशहाल हैं, बनभूलपुरा बदहाल है” जैसे नारे लगाकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनता को अब आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर अच्छी सड़कें और मूलभूत सुविधाएं चाहिए। उन्होंने प्रशासन से ईद मिलादुन्नबी से पहले क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की।





