हल्द्वानी। आगामी ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में सीएलजी/पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और धर्मगुरुओं के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर मंथन किया। बैठक में पुलिस ने स्पष्ट किया कि ईद मिलादुन्नबी के जुलूस निर्धारित रूट और स्थानों से ही निकाला जाएगा तथा धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, गश्त और पिकेट तैनात किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ यातायात को सुचारु रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। जुलूस और आयोजनों को व्यवस्थित कराने में वालंटियरों की भी मदद ली जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी धर्म या धार्मिक भावनाओं का जानबूझकर अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को भी निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। भ्रामक या आपत्तिजनक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म पर निगरानी रखेगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एसडीएम मोनिका, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, निरीक्षक यातायात योगेश पांडेय, नगर निगम के अधिकारी, व्यापार मंडल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीएलजी/पीस कमेटी सदस्य, धार्मिक अनुयायी और पुलिस-अभिसूचना इकाई के अधिकारी मौजूद रहे।





