- 39 निजी विद्यालयों में शुल्क समायोजन का होगा सत्यापन
- वेंडी पब्लिक स्कूल मामले में 31 अगस्त को जांच और सुनवाई
भीमताल। निजी विद्यालयों की फीस से जुड़ी शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नैनीताल की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन, भीमताल में हुई समीक्षा बैठक में निजी स्कूलों द्वारा विभिन्न मदों में लिए जा रहे शुल्क, लंबित शिकायतों और जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि विकासखंड क्षेत्र के 39 निजी विद्यालयों द्वारा विभिन्न मदों में शुल्क का समायोजन किया गया है, जिसका भौतिक सत्यापन संबंधित प्रधानाचार्यों के माध्यम से कराया जाएगा। वहीं पूर्व में 17 निजी विद्यालयों को जारी नोटिसों के मामलों की जांच मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित समिति कर रही है।
बैठक में अभिभावकों की फीस संबंधी शिकायतों पर भी कार्रवाई की जानकारी दी गई। डॉन बॉस्को स्कूल से जुड़े एक मामले में अतिरिक्त शुल्क की धनराशि अगस्त और सितंबर की फीस में समायोजित किए जाने पर प्रकरण का समाधान किया गया है। वहीं वेंडी पब्लिक स्कूल, दौलतपुर से संबंधित शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले में 31 अगस्त को सुबह 10 बजे विद्यालय में स्थलीय जांच और दोपहर 1 बजे सीआरसी कार्यालय, कालाढूंगी रोड हल्द्वानी में सुनवाई होगी। इसके लिए छह सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निजी विद्यालयों की फीस से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और अभिभावकों के हितों को ध्यान में रखते हुए जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए।




