देहरादून। उत्तराखंड में आगामी दिनों में भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की चेतावनी के बाद राज्य सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून समेत राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज होने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। बढ़ती गर्मी और संभावित हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को विशेष एडवाइजरी जारी कर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 18 मई से 22 मई तक मैदानी जिलों में गर्मी का असर सबसे अधिक दिखाई देगा। 19 मई से हरिद्वार में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना जताई गई है, जबकि ऊधम सिंह नगर और देहरादून सहित कई क्षेत्रों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चम्पावत और अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय जनपदों में भी तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है और 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह व्यापक स्तर पर प्रचारित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन तथा गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने, स्कूलों, निर्माण स्थलों और खुले में कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया है। राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि यदि तापमान में और वृद्धि होती है तो स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त एहतियाती कदम भी उठाए जा सकते हैं।






