- हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों में नई तैनाती, तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों एवं वरिष्ठ संकाय सदस्यों के स्थानांतरण और प्रभार परिवर्तन के आदेश जारी कर दिए हैं। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-5 द्वारा जारी आदेश के तहत हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों में नई नियुक्तियां की गई हैं। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार डॉ. अजय कुमार आर्या, जो अब तक चिकित्सा शिक्षा निदेशक का प्रभार संभाल रहे थे, उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. आशुतोष सयाना, जो वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य हैं, उन्हें चिकित्सा शिक्षा निदेशक का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा डॉ. चन्द्रप्रकाश भैंसोड़ा को राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का प्राचार्य बनाया गया है। डॉ. मोहन चन्द्र सिंह रावत, जो हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य थे, उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। शासनादेश के तहत डॉ. जी. तितियाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा का प्राचार्य बनाया गया है। वहीं डॉ. पंकज सिंह, जो राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है। संयुक्त सचिव शिवेन्द्र नारायण सिंह द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्थानांतरित प्राचार्य एवं संकाय सदस्य तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।






