हल्द्वानी। पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ और संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को परखने के लिए रेलवे स्टेशन काठगोदाम में आगजनी की घटना पर आधारित संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल में रेलवे पुलिस, आरपीएफ, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग, 108 सेवा, जिला आपदा प्रबंधन टीम और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर आपदा से निपटने की तत्परता और समन्वय का प्रदर्शन किया। रेलवे स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित निर्माणाधीन भवन के पास खाना बनाते समय अचानक आग लगने और धुएं से एक व्यक्ति के बेहोश होने की काल्पनिक सूचना पर यह अभ्यास किया गया।
सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और अन्य एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्टेशन परिसर को सुरक्षित करते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया, जबकि धुएं से अचेत व्यक्ति को स्ट्रेचर के माध्यम से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। रेलवे पुलिस की ओर से बताया गया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य पर्यटन सीजन के दौरान किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को मजबूत करना है। मॉक ड्रिल का संचालन कमल सिंह कोरंगा के नेतृत्व में किया गया, जबकि इसकी निगरानी एसपी अरुण भारती और सीओ अनुज कुमार के निर्देशन में हुई।






