- कार्यकारिणी के प्रस्तावों की मंजूरी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 पर होगी अहम चर्चा
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की आगामी बोर्ड बैठक 6 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित होगी। महापौर के निर्देशानुसार बुलाई गई इस महत्वपूर्ण बैठक में नव-नामित पार्षदों के शपथ ग्रहण से लेकर कार्यकारिणी समिति के प्रस्तावों के अनुमोदन तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के उपनियमों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। नगर आयुक्त परितोष वर्मा द्वारा जारी सूचना के अनुसार सभी पार्षदों एवं संबंधित सदस्यों से निर्धारित तिथि और समय पर बोर्ड बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
बैठक का पहला प्रस्ताव शासनादेश संख्या 1777/10(3)/20263/01(40)/2012 दिनांक 13 जुलाई 2026 के क्रम में शासन द्वारा नामित पार्षदों के शपथ ग्रहण से संबंधित होगा। बैठक में दूसरा विशेष प्रस्ताव कार्यकारिणी समिति द्वारा पूर्व में पारित प्रस्तावों के अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं तीसरे प्रस्ताव के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अंतर्गत नगर निगम के उपनियम बनाए जाने पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।







