Home Blog Page 35

नंदा देवी महोत्सव के चलते 23 सितंबर को नैनीताल, भवाली और भीमताल के स्कूल बंद

  • डोला विसर्जन और शोभायात्रा को देखते हुए शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित

नैनीताल। ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के समापन और मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 23 सितंबर को नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार 23 सितंबर को नैनीताल में भव्य शोभायात्रा के साथ नंदा देवी महोत्सव का समापन होगा और मां नंदा-सुनंदा के डोले का विसर्जन किया जाएगा। इसके अलावा भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इन क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विश्वविद्यालयों में 23 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने वाले संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खस्ताहाल सड़क को लेकर उवेस राजा का धरना, मरम्मत की उठी मांग

  • उत्तर उजाला बरेली रोड से नूरी मस्जिद इंदिरा नगर छोटी रोड तक सड़क की बदहाली पर सामाजिक कार्यकर्ता ने जताया विरोध

हल्द्वानी। शहर में खराब सड़कों की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता उवेस राजा ने अपने साथियों के साथ विरोध प्रदर्शन कर सड़क की जल्द मरम्मत की मांग उठाई। उत्तर उजाला बरेली रोड से नूरी मस्जिद इंदिरा नगर छोटी रोड तक सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मंगलवार को सांकेतिक धरना दिया गया। उवेस राजा का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क पर बने गड्ढों और खराब सतह के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा की खराब स्थिति का सीधा असर स्थानीय जनता पर पड़ता है। उनका कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोगों के साथ आगे भी आंदोलन किया जाएगा।

उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल, 14 अधिकारियों को मिली नई तैनाती

  • एक एएसपी, 10 सीधी भर्ती के डीएसपी और तीन पदोन्नत अधिकारियों के तैनाती आदेश जारी

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश में पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। रिक्त पदों के सापेक्ष कुल 14 अधिकारियों को विभिन्न जनपदों और पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें एक सहायक पुलिस अधीक्षक, 10 सीधी भर्ती के पुलिस उपाधीक्षक तथा तीन पदोन्नत पुलिस उपाधीक्षक शामिल हैं। आदेश के तहत आईपीएस अधिकारी देव व्रत जोशी, आईपीएस-आरआर 2023 बैच को सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर जनपद हरिद्वार में तैनाती दी गई है। 

वहीं पदोन्नति के फलस्वरूप राजेश साह को बागेश्वर, प्रदीप पन्त को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार और नदीम अतहर को आईआरबी द्वितीय देहरादून में नई जिम्मेदारी मिली है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद दक्ष शोखंद को हरिद्वार, दिव्येश उपाध्याय को पौड़ी गढ़वाल, अंकित थपलियाल को ऊधम सिंह नगर और लव शर्मा को नैनीताल में तैनाती दी गई है। इसी क्रम में तनुजा बिष्ट को टिहरी गढ़वाल, आदित्य तिवारी को देहरादून, समीरण भट्ट को नैनीताल, दीप्ति कैड़ा को पिथौरागढ़, अवनी तिवारी को रुद्रप्रयाग तथा विनय सिंह को नैनीताल में तैनाती मिली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों के नई तैनाती वाले जनपदों और इकाइयों में कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू होगी। रिक्त पदों पर इन नियुक्तियों से संबंधित क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

शिमला चोरी का माल रुद्रपुर में बरामद, चार आबकारी कर्मी गिरफ्तार

  • हिमाचल पुलिस के साथ ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
  • लाखों के आभूषण और नकदी बरामद होने का दावा

रुद्रपुर। हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुई चोरी के मामले की जांच करते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस और हिमाचल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में चार आबकारी कर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर चेकिंग के दौरान बरामद चोरी की संपत्ति को अपने पास रखने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से शिमला चोरी प्रकरण से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नकदी बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के मुताबिक शिमला के सदर थाना क्षेत्र में 8 सितंबर को दर्ज मुकदमे में एक आवास से नकदी, सोने-हीरे के आभूषण, घड़ियां और अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायत थी। मामले की जांच के दौरान एक नेपाली महिला समेत कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी सामने आई। हिमाचल पुलिस ने मामले की जांच में ऊधम सिंह नगर पुलिस से सहयोग मांगा था। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पंतनगर और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना और संदिग्धों के आवागमन की जानकारी जुटाकर जांच आगे बढ़ाई। 

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि चोरी के बाद संदिग्ध शिमला से दिल्ली पहुंचे और वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से रुद्रपुर होते हुए नेपाल की ओर जा रहे थे। जांच के दौरान रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट से पुलिस को अहम सुराग मिला। पुलिस के अनुसार 8 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे आबकारी कर्मियों ने उक्त कार को चेकिंग के लिए रोका था। वाहन और उसमें सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनकी चेकिंग की गई। पुलिस का दावा है कि बाद की जांच और पूछताछ में चोरी की संपत्ति को अपने पास रखने के मामले में चार आबकारी कर्मियों की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार बलजीत सिंह निवासी किच्छा, नईम निवासी केलाखेड़ा, पप्पू लाल निवासी गदरपुर और देवेंद्र कुमार निवासी मालधनचौड़ को हिमाचल पुलिस और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 20 सितंबर की रात गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से शिमला चोरी के मामले से संबंधित बहुमूल्य संपत्ति बरामद होने का दावा किया गया है।गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़ी आवश्यक कानूनी कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में चोरी की संपत्ति के स्रोत, उसे आरोपियों के कब्जे में आने और अन्य संदिग्धों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच जारी है।

ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी के प्रेमी की हत्या के आरोप में दंपती गिरफ्तार

  • दूधियाबंद के जंगल में मिला था बिजनौर निवासी का शव
  • पुलिस ने मोतीचूर स्टेशन से दबोचा दंपती; हत्या में इस्तेमाल चापड़ बरामद

हरिद्वार। दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए हरिद्वार पुलिस ने कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक लगातार महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था और कथित तौर पर धमकियां भी दे रहा था। इसी से परेशान होकर महिला ने पति को जानकारी दी, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। शव के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में सूचना भेजकर पहचान के प्रयास किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, बिजनौर, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की। मृतक के बेटे की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया। 

पुलिस की पूछताछ के अनुसार नरेंद्र का इलाज मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा था, इसी दौरान गोपाल की उसकी पत्नी से जान-पहचान हुई। पुलिस का दावा है कि बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए और गोपाल महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा। महिला के अनुसार कथित तौर पर उसे अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। मामले की जानकारी महिला ने अपने पति को दी, जिसके बाद हत्या की योजना बनाए जाने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात में वह उसे गंगा घाट की ओर ले गई। पुलिस का दावा है कि गोपाल के शराब पीकर सो जाने के बाद पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने चापड़ और छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक का मोबाइल और पर्स गंगा में फेंकने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।

पुलिस ने गिरफ्तार नरेंद्र और उसकी पत्नी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्या के पीछे बताए जा रहे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

यूओयू में वित्तीय प्रबंधन पर मंथन, ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन

  • पूर्व उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक निरंजन पंत ने वित्तीय जवाबदेही पर दिया विशेष व्याख्यान
  • हिमालय-केंद्रित अध्ययन की पहचान विकसित करने का सुझाव

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में वित्तीय प्रबंधन, जवाबदेही और संस्थागत कार्यप्रणाली को लेकर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन केंद्र (सीआईक्यूए) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भारत के पूर्व उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक निरंजन पंत ने वित्तीय व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार साझा किए। कार्यक्रम के बाद विश्वविद्यालय परिसर में ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। विशेष व्याख्यान में निरंजन पंत ने कहा कि वित्तीय प्रबंधन केवल लेखांकन और बजट तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें योजना एवं बजट निर्माण, व्यय और खरीद प्रक्रिया, परिसंपत्तियों का प्रबंधन, लेखा व्यवस्था, आंतरिक नियंत्रण, लेखा परीक्षा और संसाधनों का संकलन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान का बजट उसकी प्राथमिकताओं और लक्ष्यों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने वित्तीय निर्णयों में वैधानिकता, औचित्य और सक्षम प्राधिकरण की स्वीकृति के महत्व पर जोर देते हुए कार्य निष्पादन आधारित और परिणामोन्मुख बजट व्यवस्था को अपनाने की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार संस्थागत वित्तीय प्रबंधन को केवल खर्च की निगरानी तक सीमित रखने के बजाय उसे संस्थान के परिणामों और उपलब्धियों से जोड़ना जरूरी है।

मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के संदर्भ में निरंजन पंत ने बदलते शैक्षणिक परिवेश में मुक्त विश्वविद्यालयों की भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय को हिमालयी विषयों और हिमालय-केंद्रित अध्ययन के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान विकसित करने की दिशा में काम करने का सुझाव दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी ने व्याख्यान में सामने आए विचारों और सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन बिंदुओं को संस्थागत स्तर पर समझने और लागू करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने निरंजन पंत के अनुभव और मार्गदर्शन को विश्वविद्यालय के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम का उद्घाटन संबोधन अनुसंधान निदेशालय एवं सीआईक्यूए के प्रमुख प्रो. गिरिजा पाण्डे ने किया। उन्होंने कहा कि सीआईक्यूए विश्वविद्यालय में वित्तीय समझ, संस्थागत कार्यप्रणाली और शैक्षणिक प्रदर्शन में निरंतर सुधार के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को विश्वविद्यालय से जोड़ रहा है। कार्यक्रम में प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्रो. गिरिजा पाण्डे, श्री खेमराज भट्ट सहित शिक्षक, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और लेखा अनुभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. मंजरी अग्रवाल ने किया, जबकि संयोजन प्रो. गगन सिंह ने किया। विशेष व्याख्यान के बाद विश्वविद्यालय परिसर में ईवी चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया गया। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय और ईज़ी चार्ज के सहयोग से स्थापित इस स्टेशन का उद्देश्य परिसर में विद्युत वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत परिवहन को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर ईज़ी चार्ज के प्रतिनिधि प्रशांत मौजूद रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ईवी चार्जिंग स्टेशन की स्थापना को हरित प्रौद्योगिकी, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सतत विकास की दिशा में एक पहल बताया।

कार्मिकों का विवरण नहीं दिया तो सितंबर का वेतन रुकेगा

  • विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारी तेज
  • डीएम ललित मोहन रयाल ने विभागाध्यक्षों को दिए सख्त निर्देश

नैनीताल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने सरकारी विभागों और शिक्षण संस्थानों पर सख्ती बढ़ा दी है। मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की व्यवस्था के लिए मांगी गई अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों का सितंबर 2026 का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्य कोषाधिकारी नैनीताल को निर्देशित किया है कि जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची अथवा प्रमाण-पत्र के आधार पर ही संबंधित विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों के सितंबर माह के वेतन का आहरण सुनिश्चित किया जाए।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जनपद में स्थित केंद्र एवं राज्य सरकार के सभी सरकारी और अर्द्धसरकारी विभागों, कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों का विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। इसी जानकारी के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान एवं मतगणना के लिए कार्मिकों की व्यवस्था की जानी है। प्रशासन ने संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को पहले ही अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सूची निर्धारित प्रारूप-1 एवं प्रारूप-2 में एक्सेल शीट के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। अब निर्धारित समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों पर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराना होगा।

जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

  • फोन पर धमकी और अभद्र मैसेज भेजने का आरोप
  • पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद किया

हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिडकुल थाना पुलिस और सीआईयू की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे थे। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मोबाइल फोन पर धमकी भरे मैसेज भेजे गए थे। उनकी शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में बीएनएस की धारा 351(3)/352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को सिडकुल थाना क्षेत्र के सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान हिमांशु चोढा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है और मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा पूछताछ किए जाने को लेकर वह नाराज था। पुलिस का दावा है कि इसी नाराजगी में आरोपी ने जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरे मैसेज भेजे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से नया मोबाइल नंबर लिया और उसी नंबर से जेल अधीक्षक के फोन पर धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह कथित तौर पर जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था। पुलिस के अनुसार वह जेल की ओर जा रहा था, तभी चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने बरामद तमंचे के संबंध में मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 बढ़ाई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी के खिलाफ भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में भी पूर्व में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, निवासी लुधियाना, पंजाब और हाल निवासी आईडीपीएल, देहरादून के रूप में हुई है। कार्रवाई में थाना सिडकुल पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की टीम शामिल रही। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखते हुए धमकी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल शुरू कर दी है।

महिला की गोली मारकर हत्या, पति की तलाश में पुलिस

  • कंट्रोल रूम को पति ने खुद फोन कर पत्नी को गोली मारने की दी सूचना
  • मौके पर मृत मिली 26 वर्षीय काजल, हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और महिला का शव एक प्लॉट में बने कमरे से बरामद किया। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले धीरज पंवार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। कॉल की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। 

पुलिस के अनुसार महिला की मौत गोली लगने से हुई। काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर, सत्य साईं मंदिर के पास क्लेमेनटाउन में अपने पति के साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार मृतका के भाई अभिषेक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद चल रहा था। घटना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति धीरज पंवार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

गैंग से जुड़ाव के सवाल पर धीरज बिष्ट का जवाब—कहा, मेरा किसी गैंग से कोई संबंध नहीं

  • एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के अध्यक्ष पद प्रत्याशी ने पत्रकार वार्ता में आरोपों को बताया गलत, कहा—छात्र हित रहेंगे प्राथमिकता

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अधिकृत अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट ने कथित आईटीआई गैंग से जुड़े होने के सवालों पर अपना पक्ष रखा। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई पत्रकार वार्ता में धीरज बिष्ट ने स्पष्ट किया कि उनका किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है। धीरज बिष्ट ने कहा कि वह वॉलीबॉल के नेशनल खिलाड़ी रहे हैं और एबीवीपी ने उन्हें छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।

उनके मुताबिक चुनावी माहौल के बीच कुछ लोगों की ओर से उनका नाम कथित गैंग से जोड़ा जा रहा है, जिसे उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि उनका किसी भी आपराधिक गैंग से कोई संबंध नहीं है और चुनाव को लेकर उनके खिलाफ इस तरह की बातें बेवजह प्रचारित की जा रही हैं। धीरज बिष्ट ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में उनका मुख्य फोकस छात्रों से जुड़े मुद्दों पर रहेगा और वह छात्र हितों की आवाज उठाने के लिए काम करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और कॉलेज में छात्र हितों से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।