- दूधियाबंद के जंगल में मिला था बिजनौर निवासी का शव
- पुलिस ने मोतीचूर स्टेशन से दबोचा दंपती; हत्या में इस्तेमाल चापड़ बरामद
हरिद्वार। दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए हरिद्वार पुलिस ने कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक लगातार महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था और कथित तौर पर धमकियां भी दे रहा था। इसी से परेशान होकर महिला ने पति को जानकारी दी, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। शव के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में सूचना भेजकर पहचान के प्रयास किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, बिजनौर, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की। मृतक के बेटे की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की पूछताछ के अनुसार नरेंद्र का इलाज मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा था, इसी दौरान गोपाल की उसकी पत्नी से जान-पहचान हुई। पुलिस का दावा है कि बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए और गोपाल महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा। महिला के अनुसार कथित तौर पर उसे अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। मामले की जानकारी महिला ने अपने पति को दी, जिसके बाद हत्या की योजना बनाए जाने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात में वह उसे गंगा घाट की ओर ले गई। पुलिस का दावा है कि गोपाल के शराब पीकर सो जाने के बाद पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने चापड़ और छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक का मोबाइल और पर्स गंगा में फेंकने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस ने गिरफ्तार नरेंद्र और उसकी पत्नी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्या के पीछे बताए जा रहे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।




