- कंट्रोल रूम को पति ने खुद फोन कर पत्नी को गोली मारने की दी सूचना
- मौके पर मृत मिली 26 वर्षीय काजल, हत्या का मुकदमा दर्ज
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और महिला का शव एक प्लॉट में बने कमरे से बरामद किया। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले धीरज पंवार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। कॉल की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली।
पुलिस के अनुसार महिला की मौत गोली लगने से हुई। काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर, सत्य साईं मंदिर के पास क्लेमेनटाउन में अपने पति के साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार मृतका के भाई अभिषेक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद चल रहा था। घटना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति धीरज पंवार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




