Home Blog Page 36

गैंग से जुड़ाव के सवाल पर धीरज बिष्ट का जवाब—कहा, मेरा किसी गैंग से कोई संबंध नहीं

  • एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के अध्यक्ष पद प्रत्याशी ने पत्रकार वार्ता में आरोपों को बताया गलत, कहा—छात्र हित रहेंगे प्राथमिकता

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अधिकृत अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट ने कथित आईटीआई गैंग से जुड़े होने के सवालों पर अपना पक्ष रखा। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई पत्रकार वार्ता में धीरज बिष्ट ने स्पष्ट किया कि उनका किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है। धीरज बिष्ट ने कहा कि वह वॉलीबॉल के नेशनल खिलाड़ी रहे हैं और एबीवीपी ने उन्हें छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।

उनके मुताबिक चुनावी माहौल के बीच कुछ लोगों की ओर से उनका नाम कथित गैंग से जोड़ा जा रहा है, जिसे उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि उनका किसी भी आपराधिक गैंग से कोई संबंध नहीं है और चुनाव को लेकर उनके खिलाफ इस तरह की बातें बेवजह प्रचारित की जा रही हैं। धीरज बिष्ट ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में उनका मुख्य फोकस छात्रों से जुड़े मुद्दों पर रहेगा और वह छात्र हितों की आवाज उठाने के लिए काम करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और कॉलेज में छात्र हितों से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

हृदयेश कुमार बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य

  • नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
  • संगठन की मजबूती और सामाजिक समरसता के लिए समर्पण का संकल्प

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, उत्तराखंड में हृदयेश कुमार को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने पर हृदयेश कुमार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश मोर्चा प्रभारी कुंदन परिहार, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। हृदयेश कुमार ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ सार्थक करने का निरंतर प्रयास करेंगे। 

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, अनुसूचित जाति समाज के उत्थान और जनसेवा के लिए कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों से मिले स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया। हृदयेश कुमार ने कहा कि वह संगठन की नीतियों और विचारधारा के अनुरूप समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

लालकुआं से बेंगलुरु की साप्ताहिक ट्रेन अब नियमित, यात्रियों को बड़ी राहत

  • 05074/05073 विशेष ट्रेन का संचालन खत्म
  • अब 15302/15301 साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी 
  • कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी रेल सेवा

लालकुआं। लालकुआं से बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। इज्जतनगर मंडल के अनुसार लालकुआं–क्रान्तिवीर संगोल्लि रायाण्ण (बेंगलुरु सिटी) के बीच संचालित साप्ताहिक विशेष ट्रेन अब नियमित सेवा में बदल गई है। शनिवार से यह ट्रेन 15302/15301 साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित रूप से संचालित होगी। रेलवे के मुताबिक नियमित होने के बाद यह साप्ताहिक एक्सप्रेस लालकुआं से बेंगलुरु के बीच लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी। 

ट्रेन अपने सफर के दौरान इज्जतनगर, बरेली, कासगंज, मथुरा जंक्शन, आगरा, झांसी, नागपुर और विजयवाड़ा सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। विशेष ट्रेन के नियमित एक्सप्रेस के रूप में संचालन शुरू होने से उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं, मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा। रेलवे की ओर से ट्रेन के नियमित संचालन को लेकर जानकारी जारी कर दी गई है। इससे लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों से बेंगलुरु समेत मार्ग के अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल संपर्क और सुगम होने की उम्मीद है।

पुल पर फंदे से लटका मिला युवक, पुलिस जांच में जुटी

  • सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट
  • मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी के रूप में हुई

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर आवश्यक जांच की गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव पर किसी तरह की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जिसकी जांच करने पर वह मृतक के रिश्तेदार की होना सामने आया। 

घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसकी पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी पुत्र कपूरचंद निवासी घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून, हाल निवासी वेदवानी विहार, बालावाला के रूप में की। परिजनों ने भी शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। मामले में पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में ABVP और NSUI ने घोषित किए अध्यक्ष प्रत्याशी

  • धीरज बिष्ट और मेहुल शाह आमने-सामने
  • अब निर्दलीय दावेदारी पर टिकी निगाहें

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रमुख छात्र संगठनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और NSUI ने अध्यक्ष पद के लिए अपने-अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। ABVP ने धीरज बिष्ट, जबकि NSUI ने मेहुल शाह को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। ABVP की ओर से जारी घोषणा में धीरज बिष्ट को अध्यक्ष पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी बताया गया है। वहीं NSUI ने राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद मेहुल शाह को एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव 2026 के लिए अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है।

दोनों संगठनों के प्रत्याशी सामने आने के बाद अब चुनावी मुकाबले को लेकर कॉलेज परिसर में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच ABVP से दावेदारी कर रहे आर्यन बेलवाल की अगली रणनीति पर भी छात्र राजनीति की नजर है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि वह संगठन के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में आएंगे या स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतरेंगे। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पहले से ही गतिविधियां तेज हैं। कॉलेज में चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस प्रशासन भी कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर सख्ती बरतने की बात कह चुका है।

पदोन्नति के बाद टिहरी रवाना हुए एएसपी अमित कुमार सैनी, नैनीताल पुलिस ने दी भावभीनी विदाई

  • एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने नई जिम्मेदारी के लिए दी शुभकामनाएं

हल्द्वानी। पदोन्नति के बाद जनपद टिहरी में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे अमित कुमार सैनी को नैनीताल पुलिस ने भावभीनी विदाई दी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने उनके कार्यकाल के दौरान समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं। अमित कुमार सैनी 3 अक्टूबर 2025 से 18 सितंबर 2026 तक नैनीताल जिले में तैनात रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्राधिकारी नैनीताल, भवाली और हल्द्वानी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी रामनगर और सीओ ऑपरेशन का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। 

पुलिस के अनुसार, उनके कार्यकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कई महत्वपूर्ण मामलों के निस्तारण में अहम भूमिका निभाई। विदाई समारोह में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, सीएफओ गौरव किरार सहित नैनीताल पुलिस के अधिकारी और विभिन्न थाना-चौकियों के प्रभारी मौजूद रहे। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमित कुमार सैनी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदोन्नति के बाद अब वह अपर पुलिस अधीक्षक, जनपद टिहरी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व, कुमाऊं विश्वविद्यालय ने जारी किया नया आदेश

  • अध्यक्ष से लेकर सांस्कृतिक सचिव तक सात पदों पर होगा चुनाव
  • उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के पद छात्राओं के लिए आरक्षित

नैनीताल। उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव को लेकर एक बड़ा बदलाव किया गया है। छात्राओं की संख्या 66 प्रतिशत से अधिक होने के दृष्टिगत अब छात्रसंघ चुनावों में उन्हें 50 प्रतिशत पदों पर प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। शासन के निर्देश और विश्वविद्यालय कार्य परिषद की मंजूरी के बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छात्रसंघ चुनावों में छात्राओं के लिए पद आरक्षित करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय परिसर के साथ ही उससे संबद्ध सभी महाविद्यालयों में यह व्यवस्था लागू होगी। सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड शासन की ओर से 17 सितंबर 2026 को जारी निर्देशों में राजकीय विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं के 66 प्रतिशत से अधिक होने का उल्लेख करते हुए छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं के प्रतिनिधित्व के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित करने के निर्देश दिए गए थे। 

इसके बाद विश्वविद्यालय की गठित समिति की संस्तुति पर कार्य परिषद ने 18 सितंबर को इस व्यवस्था को मंजूरी प्रदान कर दी। विश्वविद्यालय के कार्यालय आदेश के अनुसार वर्तमान सत्र 2026-27 के लिए 29 सितंबर 2026 को निर्धारित छात्रसंघ चुनाव में कुल सात प्रमुख पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष छात्र, उपाध्यक्ष छात्रा, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव के पद शामिल हैं। इनमें उपाध्यक्ष छात्रा, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के पद छात्राओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। नए प्रावधान के तहत छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को संस्थागत रूप से बढ़ाया गया है। विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल समेत सभी संबद्ध महाविद्यालयों को वर्तमान सत्र के छात्रसंघ चुनाव इसी व्यवस्था के तहत संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे की ओर से जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था विश्वविद्यालय कार्य परिषद के अनुमोदन के बाद लागू की जा रही है। अब 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव में नई आरक्षण व्यवस्था के तहत प्रत्याशियों और छात्र संगठनों की चुनावी रणनीति भी प्रभावित होगी।

15 अक्टूबर तक उत्तराखंड की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

  • बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी
  • हल्द्वानी बैठक में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अधिकारियों को सख्त निर्देश

हल्द्वानी। उत्तराखंड में बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर सरकार ने अब मरम्मत अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा की और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जाए। बरसात के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में अब संबंधित विभागों को चिन्हित स्थानों पर तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क को गड्ढामुक्त करने के अभियान में लोक निर्माण विभाग के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और नगर निगम भी जिम्मेदारी निभाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पीएमजीएसवाई और संबंधित विभागों के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के अंतर्गत आने वाली सड़कों को निगम द्वारा दुरुस्त किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने कहा कि पीडब्ल्यूडी अपने अधीन आने वाली सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम करेगा। वहीं, शहर के भीतर नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत नगर निगम द्वारा कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। सरकार के इस अभियान का उद्देश्य बारिश के बाद खराब हुई सड़कों को जल्द दुरुस्त कर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना है। अब निगाहें 15 अक्टूबर की समयसीमा पर हैं, जब तक संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य पूरा करना है।

अंकिता भंडारी प्रकरण और UPI शुल्क को लेकर सुमित हृदयेश ने उठाए सवाल

  • विधायक बोले—न्याय की मांग सामूहिक
  • सीबीआई जांच पर स्थिति स्पष्ट करे सरकार
  • UPI के नए MDR को लेकर उपभोक्ता और व्यापारी के बीच टकराव की आशंका

हल्द्वानी। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा UPI मर्चेंट लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर भी सवाल खड़े किए। विधायक ने आशंका जताई कि यदि इस शुल्क का बोझ किसी रूप में उपभोक्ताओं तक पहुंचा तो डिजिटल भुगतान व्यवस्था को लेकर व्यापारी और ग्राहक आमने-सामने आ सकते हैं। अंकिता भंडारी मामले को लेकर सुमित हृदयेश ने कहा कि पूरे प्रदेश की सामूहिक मांग है कि अंकिता भंडारी को न्याय मिले। उन्होंने कहा कि उनकी विशेष मांग यह है कि सरकार इस मामले में स्पष्ट करे कि क्या सुशांत सिंह राजपूत प्रकरण की तरह सीबीआई जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वह सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के प्रति अपनी संवेदना रखते हैं, लेकिन अंकिता भंडारी प्रकरण में भी जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है। विधायक ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं बल्कि व्यापक जनभावना से जुड़ी हुई है। उन्होंने सरकार से इस मामले में पारदर्शी जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग रखी। 

प्रेस वार्ता में UPI के नए शुल्क ढांचे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सुमित हृदयेश ने कहा कि 0.4 प्रतिशत MDR को लेकर सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि इसका सीधा असर उपभोक्ता पर नहीं पड़ेगा, लेकिन व्यापारियों की ओर से लागत उपभोक्ताओं पर डालने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उपभोक्ता और व्यापारी के बीच अनावश्यक टकराव पैदा हो सकता है। गौरतलब है कि केंद्र के नए ढांचे के तहत 15 अक्टूबर 2026 से 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट UPI लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू होगा। केंद्र ने स्पष्ट किया है कि यह शुल्क व्यापारी पक्ष पर होगा और इसे उपभोक्ताओं से वसूलने की अनुमति नहीं होगी। सरकार ने यह भी कहा है कि उपभोक्ताओं के लिए UPI भुगतान निःशुल्क रहेगा। सुमित हृदयेश ने मांग की कि UPI की मौजूदा व्यवस्था में किसी भी ऐसे बदलाव से बचा जाए जिससे ग्राहक डिजिटल भुगतान के बजाय नकद लेनदेन की ओर लौटने को मजबूर हों। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी UPI भुगतान लेने से इनकार करने लगते हैं तो उपभोक्ता को ATM और बैंक से नकदी निकालने जैसी वैकल्पिक व्यवस्था पर निर्भर होना पड़ सकता है। विधायक ने नए शुल्क ढांचे को वापस लेने की मांग करते हुए इसे रोलबैक करने की मांग उठाई।

टांडा रोड पर दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

  • एस बैंड के पास सड़क किनारे अचेत मिले थे दोनों युवक
  • अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
  • तेज रफ्तार को प्रथम दृष्टया हादसे की वजह मान रही पुलिस

हल्द्वानी। टांडा रोड पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। एस बैंड के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक राहगीर ने पुलिस को टांडा रोड पर एस बैंड के पास सड़क किनारे बाइक के पेड़ से टकराने और दो युवकों के अचेत पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मोटरसाइकिल संख्या UK06BN8480 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली, जबकि उसके पास दोनों युवक पड़े थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के सिर और मुंह से खून निकल रहा था तथा शरीर में अकड़न पाई गई।

घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान, पुत्र राजपाल सिंह चौहान, निवासी फुलसुंगी, बनखंडी नाथ नगर फेज-4, वार्ड नंबर 1, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर तथा 24 वर्षीय वैभव छाबरा, पुत्र अशोक कुमार, निवासी नंद विहार कॉलोनी, गगनपुर रोड, फुलसुंगी, रुद्रपुर के रूप में हुई है। दोनों के परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं। पुलिस के अनुसार पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए दोनों शवों को मोर्चरी भेजा जा रहा है। पुलिस के प्रथम दृष्टया घटनास्थल निरीक्षण और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बाइक तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, जिससे यह हादसा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच और अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।