Home Blog Page 34

ज्योलिकोट दूषित पेयजल प्रकरण पर मुख्य सचिव सख्त, 15 दिन में प्रदेशभर की वाटर सप्लाई स्कीम्स का होगा सत्यापन

  • लापरवाही पर जताई नाराजगी
  • पेयजल नेटवर्क की जियो मैपिंग से लेकर क्वालिटी टेस्टिंग तक के दिए निर्देश
  • स्वास्थ्य विभाग को 15 दिन तक सर्विलांस बढ़ाने को कहा

देहरादून। नैनीताल के ज्योलिकोट में दूषित पेयजल की घटना को लेकर शासन ने गंभीर रुख अपनाया है। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे प्रकरण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य सचिव ने प्रदेशभर की प्रमुख वाटर सप्लाई स्कीम्स का अगले 15 दिनों में भौतिक सत्यापन कराने के साथ ही पूरे पेयजल नेटवर्क की जियो मैपिंग और जीआईएस जियो-रेफरेंसिंग के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में शिक्षक, पटवारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, ट्यूबवेल ऑपरेटर समेत बड़ी संख्या में फील्ड स्तर के कार्मिकों का मजबूत नेटवर्क मौजूद है। इसके बावजूद ज्योलिकोट में दूषित पेयजल की स्थिति की जानकारी समय पर सामने नहीं आना गंभीर विषय है। उन्होंने अधिकारियों को इस नेटवर्क का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए ऐसा सूचना और फीडबैक मैकेनिज्म विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता अथवा स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल शासन और संबंधित विभागों तक पहुंच सके। उन्होंने प्रदेश की प्रमुख वाटर सप्लाई स्कीम्स की सोर्स से लेकर उपभोक्ता तक पूरी मैपिंग कराने को कहा। इसमें पानी के स्रोत, स्टोरेज टैंक, पाइपलाइन, सीवर लाइन, क्रॉसिंग प्वाइंट और कंज्यूमर एंड तक संभावित लीकेज की स्थिति को शामिल किया जाएगा। अगले 15 दिनों में इन व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। 

मुख्य सचिव ने स्टोरेज टैंकों की सफाई, क्लोरीनेशन का रिकॉर्ड, क्लोरीन की उपलब्धता एवं उपयोग तथा पानी में कॉलीफॉर्म समेत अन्य आवश्यक मानकों की नियमित जांच और रिकॉर्ड रखने को भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। पेयजल और सीवरेज लाइनों के क्रॉसिंग प्वाइंट्स को विशेष रूप से चिन्हित करने तथा पुराने पाइपों के रिप्लेसमेंट समेत आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पेयजल और सीवरेज लाइनों की जांच के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार कर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पहले से जारी दिशा-निर्देशों के बावजूद यदि कहीं पेयजल दूषित होने की घटना सामने आती है तो यह तय किया जाए कि एसओपी का पालन किस स्तर पर नहीं हुआ और उसके कारण क्या रहे। पेयजल की गुणवत्ता की निगरानी को और व्यापक बनाने के लिए मुख्य सचिव ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को एसटीपी और सरफेस वाटर के साथ प्रमुख शहरों में नियमित पेयजल क्वालिटी टेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रदेशभर के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का सरप्राइज इंस्पेक्शन कराने को भी कहा गया है।

जनस्वास्थ्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि जहां भी दूषित पेयजल अथवा इस तरह की कोई घटना सामने आती है, वहां तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी जाए। सीएमओ और सीएमएस स्तर की व्यवस्थाओं को सक्रिय रखते हुए डॉक्टरों की टीम को तैयार रखा जाए। अगले 15 दिनों में प्रदेशभर में आवश्यक स्वास्थ्य सर्विलांस और जांच की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने जिला स्तर पर गठित समितियों को केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि समितियां ग्राउंड लेवल अधिकारियों के साथ नियमित संवाद और ब्रेनस्टॉर्मिंग के जरिए अपने क्षेत्रों से सूचना एवं फीडबैक प्राप्त करें। इस व्यवस्था को वन टाइम एक्सरसाइज के बजाय स्थायी सर्विलांस मैकेनिज्म के रूप में विकसित किया जाए और जरूरत के अनुसार स्थायी स्टैंडिंग कमेटियां गठित कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने विभागों को अपने सिस्टम को दुरुस्त करने के साथ पुराने अनुभवों का भी इस्तेमाल करने को कहा। सेवानिवृत्त लाइनमैन और लंबे समय तक फील्ड में काम कर चुके अनुभवी कर्मचारियों से पुराने पाइपलाइन नेटवर्क, क्रॉसिंग और संवेदनशील स्थलों की जानकारी लेकर जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की घटना होने पर प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर विभागाध्यक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी तय की जाएगी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी।

हल्द्वानी में कार एक्सेसरीज़ के गोदाम में भीषण आग, तीन फायर यूनिटों ने संभाला मोर्चा

  • घने काले धुएं के बीच अग्निशमन टीम ने चलाया अभियान
  • गोदाम में फंसे कुत्ते को भी सुरक्षित बाहर निकाला

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी के पीछे बुधवार तड़के कार एक्सेसरीज़ के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन फायर यूनिटों को आग बुझाने के अभियान में लगाया गया। घने काले धुएं के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती सामने आई, जिसके बाद पहले स्मोक एग्जॉस्ट के जरिए धुएं को बाहर निकाला गया और फिर आग पर प्रभावी तरीके से काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के अनुसार, आग लगने की सूचना बुधवार 23 सितंबर को सुबह करीब 5:20 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गया। आग की भीषणता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल तीन फायर यूनिटों को मोर्चे पर लगाया। 

मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO), फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) और फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर (FSSO) की मौजूदगी में राहत एवं अग्निशमन अभियान चलाया गया। अधिकारी के मुताबिक, गोदाम के अंदर घना काला धुआं भरा होने के कारण आग तक पहुंचने और उसे बुझाने में दिक्कत आ रही थी। स्थिति को देखते हुए अग्निशमन टीम ने पहले स्मोक एग्जॉस्ट के माध्यम से गोदाम के भीतर जमा धुएं को बाहर निकाला। इसके बाद टीम ने अंदर प्रवेश कर आग पर काबू पाने की कार्रवाई तेज की। अभियान के दौरान अग्निशमन कर्मियों को गोदाम के अंदर एक कुत्ता भी फंसा हुआ मिला। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों के कुशल निर्देशन और अग्निशमन दल की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन संबंधित स्तर पर किया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने में मदद मिली।

MDMA तस्करी का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार, 44.61 ग्राम ड्रग्स बरामद

  • राजपुर पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई
  • पुलिस के अनुसार आरोपी तकनीकी कोर्स के छात्र और दिल्ली के ‘सिद्धू गैंग’ के कथित पैडलर

देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी देहरादून में हाईप्रोफाइल ड्रग्स MDMA की कथित तस्करी और बिक्री में शामिल थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम MDMA बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर की रात चेकिंग अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। शहंशाई रिजॉर्ट, ओल्ड मसूरी रोड के पास एक कार में सवार चार युवकों को 27.12 ग्राम MDMA के साथ पकड़ा गया। वहीं सहस्रधारा हेलीपैड के पास दो अन्य युवकों को 17.49 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगांई, चिराग रस्तोगी, अभिषेक थापा और वैभव ममगांई के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 44.61 ग्राम MDMA के अलावा एक इग्निस कार और 12 पॉलीथिन पैकेट भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि वे देहरादून और अन्य राज्यों के विभिन्न संस्थानों से तकनीकी शिक्षा के कोर्स कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू से संपर्क और उसके कथित नेटवर्क के लिए काम करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत अन्य स्थानों से MDMA लाकर देहरादून में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी विशेष रूप से कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर MDMA बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए कथित रूप से नशे के कारोबार में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस अब कथित सप्लाई नेटवर्क, दिल्ली कनेक्शन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशे की तस्करी और बिक्री से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

किच्छा में चुनावी तनाव पर पुलिस का एक्शन, एक गिरफ्तार, 30 हिरासत में

  • मतगणना परिसर में विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा

किच्छा। नगर पालिका किच्छा और सिरौलीकलां के चुनाव के दौरान मंडी परिसर स्थित चुनाव स्थल पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों व प्रत्याशियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी पंतनगर ले जाया गया, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया। इससे पहले चुनाव प्रक्रिया के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति सामने आने की खबरें आई थीं।

पुलिस ने विधायक के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की करने के आरोप में धीरज कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी आस्था कॉलोनी, लालपुर, किच्छा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इसके अलावा शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले लोगों को चिन्हित करते हुए पुलिस ने अब तक 30 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस और प्रशासन ने चुनाव स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी है। एसएसपी ऊधम सिंह नगर ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का कार्यक्रम जारी, 29 सितंबर को मतदान

  • 23 सितंबर को अधिसूचना
  • 25 को नामांकन और 26 सितंबर को जांच व नाम वापसी
  •   28 सितंबर शाम चार बजे थमेगा प्रचार

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर को कराए जाएंगे। विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 23 सितंबर को चुनाव अधिसूचना जारी होगी, जबकि मतदान के बाद उसी दिन मतगणना, परिणाम की घोषणा और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि इसी दिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। 28 सितंबर को जिला प्रशासन की स्वीकृति मिलने की स्थिति में छात्रों की आमसभा सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। 

चुनाव प्रचार 28 सितंबर की शाम चार बजे के बाद पूरी तरह बंद करना होगा। इसके बाद 29 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित करने के साथ शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ के विभिन्न पदों की संरचना भी निर्धारित की है। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष छात्र, उपाध्यक्ष छात्राओं के लिए आरक्षित, सचिव, संयुक्त सचिव छात्राओं के लिए आरक्षित, कोषाध्यक्ष छात्राओं के लिए आरक्षित और सांस्कृतिक सचिव के एक-एक पद शामिल हैं। इसके अलावा प्रत्येक संकाय से एक संकाय प्रतिनिधि और एक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि का चुनाव होगा। चुनाव खर्च को लेकर जारी निर्देशों में छात्र संख्या के आधार पर अधिकतम सीमा तय की गई है। 10 हजार से कम छात्र संख्या वाले संस्थानों में अधिकतम 25 हजार रुपये और 10 हजार से अधिक छात्र संख्या वाले संस्थानों में अधिकतम 50 हजार रुपये खर्च किए जा सकेंगे। चुनाव प्रचार में पोस्टर, बैनर और पैम्पलेट समेत प्रचार सामग्री हस्तनिर्मित रखने का प्रावधान भी आदेश में दोहराया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित परिसर निदेशकों, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, प्राचार्यों और छात्रसंघ प्रभारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद विश्वविद्यालय से जुड़े परिसरों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।

मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में फैकल्टी भर्ती की कवायद तेज, 10 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार

  • मेडिकल कॉलेज और राज्य कैंसर संस्थान में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू
  • शैक्षणिक और चिकित्सा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और राज्य कैंसर संस्थान में रिक्त संकाय पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिसमें अलग-अलग शहरों से पहुंचे कुल 10 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार रिक्त संकाय पदों पर नियुक्ति के लिए हाल ही में समाचार पत्रों के माध्यम से विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसी क्रम में मंगलवार को चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए। मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के विभिन्न पदों के लिए पांच अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें अस्थि रोग, बाल रोग और स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग से एक-एक तथा जनरल सर्जरी विभाग से दो अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया।

एसोसिएट प्रोफेसर के पदों के लिए दो अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें एक अभ्यर्थी बाल रोग विभाग और एक न्यूरो सर्जरी विभाग के पद के लिए साक्षात्कार में शामिल हुआ। वहीं राज्य कैंसर संस्थान हल्द्वानी में विभिन्न संकाय पदों के लिए तीन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार हुए, जिनमें दो ने असिस्टेंट प्रोफेसर और एक ने एसोसिएट प्रोफेसर पद के लिए प्रतिभाग किया। साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। प्राचार्य ने बताया कि विभिन्न विभागों में रिक्त संकाय पदों को भरने के लिए 10 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेज में संकाय सदस्यों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। प्रो. डॉ. अजय आर्या ने कहा कि संकाय सदस्यों की उपलब्धता बढ़ने से मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसका लाभ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ-साथ अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी मिलेगा।

राज्यसभा चुनाव का बिगुल: उत्तराखंड की एक सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान

  • यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी, 29 सितंबर को अधिसूचना

नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों के द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक रिक्त राज्यसभा सीट के उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। आयोग के अनुसार मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशी 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को होगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी।

उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने जा रहा है। इसी एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भी इसी कार्यक्रम के तहत चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल में रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे से रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी हेतु पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने की भी जानकारी दी है।

बाजपुर में STF का बड़ा खुलासा: SIM Box से चल रहा था अवैध टेलीकॉम गेटवे

  • 114 सिम कार्ड, 2 SIM Box और 77 एंटीना बरामद
  • विदेशी/VoIP कॉल को भारतीय नंबर में बदलकर पहचान छिपाने का आरोप

बाजपुर। उत्तराखंड में पहली बार SIM Box के जरिए संचालित किए जा रहे अवैध टेलीकॉम गेटवे का STF की साइबर कुमाऊं यूनिट ने भंडाफोड़ किया है।ऊधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर 114 एयरटेल सिम कार्ड, दो SIM Box, 77 एंटीना, राउटर, मोबाइल फोन और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए हैं। STF के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए विदेशी और VoIP कॉल को भारतीय लोकल मोबाइल नंबर के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा था। STF के अनुसार, साइबर टीम को लंबे समय से अवैध SIM Box के संचालन को लेकर इनपुट मिल रहे थे और इस संबंध में दूरसंचार विभाग (DoT) के संपर्क में रहते हुए जानकारी विकसित की जा रही थी। इसी क्रम में बाजपुर के मुड़िया, ईदगाह के पास एक मकान में अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर STF टीम ने दबिश देकर कादिर पुत्र जाबिर अली, निवासी मिलक जुम्मावाली, थाना भगतपुर, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, SIM Box के माध्यम से विदेशों से आने वाली या इंटरनेट आधारित VoIP कॉल को भारतीय लोकल नंबर में बदला जा रहा था। इससे कॉल प्राप्त करने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय नंबर दिखाई देता था। STF का कहना है कि इस तकनीक का इस्तेमाल कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए किया जा सकता है। जांच में यह भी सामने आने की बात STF ने कही है कि गेटवे में अलग-अलग व्यक्तियों की आईडी का कथित दुरुपयोग कर हासिल किए गए सिम कार्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी के बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से संपर्क और आर्थिक लाभ के लिए नेटवर्क से जुड़े होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, यह गेटवे करीब सात महीने से संचालित किया जा रहा था। STF के मुताबिक SIM Box का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों में भी किया जा सकता है। अवैध टेलीकॉम गेटवे के जरिए सरकारी राजस्व और टेलीकॉम कंपनियों को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।

मामले में आरोपी के विदेशी संपर्कों, साइबर नेटवर्क, बैंक खातों और संभावित अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में वर्ष 2023 में मुरादाबाद के कटघर थाने में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ वहां धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों और भारतीय तार अधिनियम से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के साथ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई का रिकॉर्ड बताया गया है। STF की कार्रवाई में 32 स्लॉट वाले दो SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, एयरटेल इंटरनेट राउटर, सैमसंग A35 मोबाइल, LAN/USB केबल, कनेक्टर, पावर केबल, फाइबर वायर, मीडिया कन्वर्टर और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए हैं। STF ने कहा है कि फर्जी दस्तावेजों पर सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

ज्योलीकोट दूषित पेयजल मामले में छह इंजीनियर निलंबित, सीएम धामी ने तय की जिम्मेदारी

  • जन स्वास्थ्य से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई
  • जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों पर गिरी गाज

देहरादून। नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर उत्तराखंड जल संस्थान और पेयजल निगम के छह वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित अधिकारियों में जल संस्थान हल्द्वानी के प्रभारी अधीक्षण अभियंता, नैनीताल जल संस्थान के सहायक अभियंता और अपर सहायक अभियंता तथा पेयजल निगम भीमताल के अधिशासी अभियंता, प्रभारी सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भविष्य में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने और दो लोगों की मौत की रिपोर्ट सामने आई थी। 

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित सरकार की प्राथमिकता है और जनता के हितों की अनदेखी या दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही NEET-UG 2026 की राज्य केंद्रीयकृत काउंसलिंग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश के मामले में भी कार्रवाई की गई थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आठ अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त किए जाने और उनकी प्रवेश प्रक्रिया रद्द किए जाने की जानकारी सरकार की ओर से दी गई है। ज्योलीकोट प्रकरण में छह अभियंताओं के निलंबन के बाद अब पेयजल व्यवस्था की निगरानी और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सरकार के स्तर पर सख्ती का संदेश गया है।

हल्द्वानी में ऑटो-विक्रम पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 75 से अधिक चालान और 8 वाहन सीज

  • बिना PUC, अधिक धुआं और किराया सूची नहीं लगाने पर कार्रवाई
  • 50 से अधिक वाहनों की मौके पर कराई गई प्रदूषण जांच

हल्द्वानी। शहर में ऑटो और विक्रम वाहनों के नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग अरविंद पाण्डेय के निर्देश पर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों में चले अभियान के दौरान 75 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि आठ वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य फोकस अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों, बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) के संचालित ऑटो-विक्रम, यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने तथा वाहनों में निर्धारित किराया सूची नहीं लगाने वालों पर रहा। बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र के संचालित 10 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, 50 से अधिक वाहनों की मौके पर ही प्रदूषण जांच कराकर उन्हें तत्काल वैध प्रमाण पत्र जारी करवाए गए।

यात्रियों की सुविधा और किराये में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वाहनों में किराया सूची चस्पा नहीं पाए जाने पर 25 वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से निर्धारित किराया वसूलना और वाहन में किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना जरूरी है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग की छह अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। इनमें परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, अपराजिता पांडे और अनुभा आर्य तथा परिवहन उपनिरीक्षक गिरीश कांडपाल, आर.सी. पवार और नंदन सिंह प्रवर्तन दल के साथ शामिल रहे। संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पाण्डेय ने तिपहिया वाहन स्वामियों और चालकों से सभी वैध दस्तावेज पूरे रखने, वाहनों में किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करने और यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन के परमिट के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। विभाग ने साफ किया कि हल्द्वानी शहर में यह प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।