Home Blog Page 33

शराब के नशे में खतरनाक तरीके से स्कॉर्पियो दौड़ा रहा चालक पकड़ा, वाहन सीज

  • रात्रि चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस की कार्रवाई
  • मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई

हल्द्वानी। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान नैनीताल पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक तरीके से स्कॉर्पियो चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने चालक को रोककर जांच की, जिसमें उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में 23 और 24 सितंबर की मध्यरात्रि को चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या UK04 AQ 6161 को रोका। पुलिस के अनुसार वाहन को चालक खतरनाक तरीके से चला रहा था। चालक की जांच किए जाने पर उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक आशीष सुयाल पुत्र भुवन चंद्र सुयाल, निवासी गैस गोदाम रोड, कृष्णा विहार, मुखानी, नैनीताल के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई की और वाहन को सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से सड़क पर चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। ऐसे में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दीपक सिंह कार्की, कांस्टेबल कमलेश सिंह और कांस्टेबल 866 नापु भूपाल सिंह शामिल रहे।

दुर्गा सिटी सेंटर विवाद में नैनीताल पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

  • दिल्ली चाट दुकान में तोड़फोड़ और ग्राहकों से मारपीट का आरोप
  • CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने चार युवकों को दबोचा

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के बीच दुर्गा सिटी सेंटर के पास छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद और तोड़फोड़ के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की देर रात दिल्ली चाट की दुकान के पास हुए विवाद के दौरान कुछ युवकों ने दुकान में घुसकर कथित तौर पर तोड़फोड़ की और सामान लेने आए ग्राहकों तथा सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर जगदंबा नगर, भोटियापड़ाव निवासी दुकान संचालक बिपिन चंद्र जोशी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आदित्य सिंह रावत उर्फ एएस ठाकुर, निवासी त्रिलोक नगर लालडांट, मुखानी, उम्र 21 वर्ष, कवि नेगी निवासी मोती निवास भोटियापड़ाव, कार्तिक नागिला निवासी गोरापड़ाव तथा ईशान शर्मा निवासी तीनपानी, शक्तिनगर, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने उनके विरुद्ध धारा 172 के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए धारा 35(3) के तहत नोटिस भी तामील कराया है। इस कार्रवाई में चौकी भोटियापड़ाव के उप निरीक्षक कृपाल सिंह के साथ कांस्टेबल विजय भारद्वाज, कांस्टेबल मुकेश सिंह और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छात्रसंघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, दो गुटों की झड़प में FIR दर्ज

  • SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी की दो टूक—कैंपस में चुनावी गतिविधियां करें
  • शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किया तो होगी कड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के बीच शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में मारपीट, कुर्सियां तोड़े जाने और हेलमेट व लाठी-डंडों के इस्तेमाल की सूचना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने छात्रसंघ चुनाव से जुड़े प्रत्याशियों, छात्र नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि चुनाव की आड़ में किसी भी तरह की गुटबाजी, हुड़दंग, रैली या यातायात व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनावी गतिविधियां निर्धारित कैंपस सीमा के भीतर रहेंगी, जबकि कैंपस के बाहर सभी पर सामान्य कानून लागू होगा।

पुलिस के अनुसार देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद की सूचना विभिन्न माध्यमों से मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी में मारपीट के साथ कुर्सियां तोड़े जाने और हेलमेट व लाठी-डंडों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। घटना के कारण और पूरे विवाद की विस्तृत जांच की जा रही है। दिल्ली चाट दुकान संचालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जा रहा है। ऐसे में चुनाव से जुड़े सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी गतिविधियों के नाम पर शहर में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने शाम के समय छात्रों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी बढ़ाने की बात कही है।

SSP के मुताबिक शाम पांच से छह बजे के बाद यदि छात्रों के किसी गुट द्वारा शहर के अलग-अलग हिस्सों में झुंड बनाकर घूमने, होटल, रिजॉर्ट, ढाबे या कैफे में समूह बनाकर अड्डेबाजी करने की स्थिति सामने आती है तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही वाहनों का समूह बनाकर मिनी रैली या अघोषित रैली निकालने, रैश ड्राइविंग करने, यातायात बाधित करने, गुट बनाकर अशांति फैलाने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। SSP ने कहा कि हल्द्वानी की जनता की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए शहर में पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था को बढ़ाया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि छात्र चुनावी गतिविधियां कैंपस में कर सकते हैं, लेकिन कैंपस से बाहर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव: 287 नामांकन फॉर्म बिके, अध्यक्ष पद के लिए 7 बिके

  • नामांकन पत्र बिक्री के दौरान सभी प्रमुख पदों पर छात्रों ने दिखाई दिलचस्पी
  • कला संकाय प्रतिनिधि के लिए सबसे ज्यादा 133 फॉर्म

हल्द्वानी। एमबीपीजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को लेकर गुरुवार को नामांकन पत्र बिक्री की प्रक्रिया पूरी हुई। नामांकन पत्र खरीदने को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कॉलेज प्रशासन के अनुसार विभिन्न पदों के लिए कुल 287 नामांकन फॉर्म बिके हैं। सबसे अधिक रुचि संकाय प्रतिनिधि के पदों को लेकर दिखाई दी, जबकि अध्यक्ष पद के लिए सात छात्रों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य एनएस बनकोटी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव के तहत नामांकन पत्र बिक्री की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई गई। अध्यक्ष पद के लिए कुल सात फॉर्म खरीदे गए। उपाध्यक्ष पद के लिए भी सात नामांकन फॉर्म की बिक्री हुई, जबकि छात्रा उपाध्यक्ष पद के लिए दो फॉर्म खरीदे गए। सचिव पद के लिए चार, संयुक्त सचिव छात्रा पद के लिए दस और कोषाध्यक्ष छात्रा पद के लिए 11 नामांकन फॉर्म बिके। सांस्कृतिक सचिव पद के लिए चार छात्रों ने नामांकन पत्र खरीदे, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए सात फॉर्म की बिक्री हुई।

संकाय प्रतिनिधि पदों पर सबसे ज्यादा नामांकन पत्र खरीदे गए। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के लिए नौ, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए 49 और कला संकाय प्रतिनिधि के लिए 53 नामांकन फॉर्म खरीदे गए। कॉलेज प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों के लिए कुल 287 नामांकन फॉर्म की बिक्री हुई है। नामांकन पत्रों की बिक्री के आंकड़ों से स्पष्ट है कि चुनाव को लेकर छात्रों के बीच व्यापक रुचि बनी हुई है और कॉलेज परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब नामांकन प्रक्रिया के अगले चरण में उम्मीदवारों की ओर से औपचारिक नामांकन दाखिल किया जाएगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद चुनाव मैदान में मौजूद प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर साफ होगी। छात्रसंघ चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर में राजनीतिक और छात्र गतिविधियां भी लगातार तेज होती जा रही हैं।

भोलेनाथ गार्डन में मकान की दूसरी मंजिल पर भीषण आग, कपड़ों के गोदाम में मचा हड़कंप

  • गली के भीतर गोदाम होने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी
  • फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा लाखों के नुकसान की आशंका

हल्द्वानी। भोलेनाथ गार्डन क्षेत्र में एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि मकान की दूसरी मंजिल पर कपड़ों का गोदाम संचालित हो रहा था, जहां अचानक आग भड़क उठी। गोदाम गली के अंदर होने के कारण अग्निशमन टीम के सामने आग बुझाने के दौरान चुनौती भी रही। आग तेजी से फैलने की सूचना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं अग्निशमन अभियान की निगरानी की। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग जिस गोदाम में लगी, वह प्रदीप गारमेंट्स का बताया जा रहा है। गोदाम में कपड़े रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लिया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा सामान जलने की सूचना है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अग्निशमन कर्मियों की ओर से आग को नियंत्रित करने का प्रयास जारी रहा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग के कारण और वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

छात्रसंघ चुनाव के बीच हल्द्वानी में दो गुटों की मारपीट, वीडियो वायरल

  • जगदम्बा नगर में हंगामे के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया, पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

हल्द्वानी। जगदम्बा नगर क्षेत्र में बुधवार रात दो गुटों के बीच कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। वायरल वीडियो हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली चाट भंडार के पास का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मामला छात्रसंघ चुनाव और छेड़खानी से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को तितर-बितर किया गया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी क्राइम ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी इस तरह की गतिविधि या हुड़दंग की सूचना मिलती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की जाए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

ज्योलिकोट प्रकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी

  • बुखार, डायरिया, पीलिया समेत H1N1 और डेंगू पर विशेष निगरानी
  • ज्योलिकोट के होटल-रिसॉर्ट कर्मचारियों की होगी स्क्रीनिंग
  • एक और मौत का डेथ ऑडिट कराया जाएगा

हल्द्वानी। ज्योलिकोट में दूषित पेयजल प्रकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में बीमारी की निगरानी और रोकथाम की व्यवस्था और तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) और इंटीग्रेटेड हेल्थ इंफॉर्मेशन प्लेटफॉर्म (IHIP) के तहत बुखार, डायरिया, पीलिया, उल्टी-दस्त और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोजाना रिपोर्टिंग की जा रही है। ज्योलिकोट की घटना के बाद सर्विलांस को और इंटेंसिफाई किया गया है, ताकि किसी भी क्षेत्र में बीमारी के मामलों का क्लस्टर सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग तत्काल कार्रवाई कर सके। सीएमओ ने बताया कि जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल के नेतृत्व में टीम प्रतिदिन प्राप्त होने वाले मामलों की निगरानी कर रही है। किसी गांव या क्षेत्र में एक साथ बीमारी के अधिक मामले सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर भेजी जा रही हैं और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि तराई क्षेत्र के मोटाहल्दू, कालाढूंगी और रामनगर के अलावा हल्द्वानी के बनभूलपुरा, गौलापार और आसपास के उन क्षेत्रों में भी सर्विलांस बढ़ाया गया है, जहां पहले बुखार अथवा अन्य बीमारियों के अधिक मामले सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की आशा, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य स्तर की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में कैंप कर रही हैं। मेडिकल ऑफिसरों को भी कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन कैंपों में बुखार और पीलिया के साथ-साथ H1N1, सीजनल फ्लू, डायरिया, डेंगू और अन्य जलजनित एवं वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएमओ ने लोगों से साफ-सफाई और बीमारी से बचाव के उपायों को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और घरों की जालियां बंद रखें। जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए साफ और सुरक्षित पानी का इस्तेमाल करने तथा आवश्यकतानुसार पानी को उबालकर पीने पर भी जोर दिया गया है। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षा विभाग और आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों के बीच हैंडवॉशिंग की प्रक्रिया को बढ़ावा देने, परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने और क्लोरीनेशन पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया है। बीएड, नर्सिंग कॉलेजों समेत अन्य संस्थानों में भी स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर ध्यान देने को कहा गया है। ज्योलिकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने होटल, होमस्टे और रिसॉर्ट में कार्यरत कर्मचारियों का विवरण भी मांगा है। सीएमओ के अनुसार कर्मचारियों की सूची के आधार पर उनकी स्क्रीनिंग कराई जाएगी, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण या बीमारी के मामले की समय रहते पहचान की जा सके। 

पेयजल की गुणवत्ता की निगरानी में जल संस्थान से भी सहयोग लिया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि पानी के नमूनों की टेस्टिंग कराई जा रही है और यदि किसी स्थान पर पानी की गुणवत्ता से संबंधित समस्या सामने आती है तो वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल सक्रिय किया जाएगा। वहीं, ज्योलिकोट प्रकरण में हाल में हुई एक और मौत को लेकर सीएमओ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उनके अनुसार मृतक के शराब सेवन से संबंधित जानकारी भी सामने आई है और इस पहलू को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति पहले स्थानीय चिकित्सा इकाई में उपचार के लिए आया था और बाद में बीडी पांडे अस्पताल पहुंचने पर उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया था, जहां उसका उपचार किया गया। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि मौत का वास्तविक कारण अभी अंतिम रूप से नहीं बताया जा सकता। इसके लिए डेथ ऑडिट कराया जाएगा और समिति की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों और किस कारण से हुई। उन्होंने कहा कि ज्योलिकोट प्रकरण को स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से ले रहा है और निगरानी, जांच तथा उपचार की व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

हल्द्वानी में दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, छात्रसंघ चुनाव से कनेक्शन की भी जांच

 

  • जगबंबा नगर में कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
  • एसपी सिटी बोले—वीडियो में शामिल लोगों की पहचान कर होगी वैधानिक कार्रवाई

हल्द्वानी। शहर के जगबंबा नगर क्षेत्र में दो गुटों के बीच कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वायरल वीडियो हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली चाट भंडार के पास का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले का वीडियो पुलिस के संज्ञान में भी आया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को मिली है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रही घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आ रही है कि पुलिस प्रथम दृष्टया इस घटना के तार छात्रसंघ चुनाव से जुड़े होने की संभावना के आधार पर भी जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक छात्रसंघ चुनाव से घटना के सीधे तौर पर जुड़े होने की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस वीडियो की सत्यता, घटना में शामिल लोगों और विवाद के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड पुलिस में तीन डिप्टी एसपी के तबादले

  • पुलिस मुख्यालय ने जारी किया स्थानांतरण आदेश
  • अनुकम्पा और जनहित के आधार पर तत्काल प्रभाव से नई तैनाती

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को तीन पुलिस उपाधीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। महानिदेशक पुलिस कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार तीनों अधिकारियों को उनकी वर्तमान तैनाती से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह स्थानांतरण अनुकम्पा और जनहित के आधार पर किए गए हैं और आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार राकेश बिष्ट, जो वर्तमान में उत्तराखंड हाईकोर्ट सुरक्षा, नैनीताल में तैनात थे, को एसटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र में भेजा गया है। उनका स्थानांतरण अनुकम्पा के आधार पर किया गया है।

इसी क्रम में मनीष शर्मा, जो वर्तमान में जनपद बागेश्वर में तैनात थे, का स्थानांतरण सीबीसीआईडी खंड, हल्द्वानी के लिए किया गया है। उनका तबादला भी अनुकम्पा के आधार पर किया गया है। वहीं स्वप्निल मुयाल, जो वर्तमान में जनपद देहरादून में तैनात थे, को सतर्कता मुख्यालय, देहरादून में नई जिम्मेदारी दी गई है। उनका स्थानांतरण जनहित के आधार पर किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तराखंड भाजपा के नए प्रभारी बने राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी की जिम्मेदारी

  • भाजपा ने संगठन में किया बड़ा फेरबदल
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने तत्काल प्रभाव से की नियुक्तियां

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को विभिन्न राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नई नियुक्तियां कर संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। भाजपा की ओर से जारी नियुक्ति सूची के अनुसार राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। भाजपा की नई संगठनात्मक व्यवस्था के तहत राम माधव को उत्तराखंड के साथ तमिलनाडु का भी प्रभारी बनाया गया है। वहीं उत्तराखंड में उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालेंगी।

भाजपा की ओर से की गई यह नियुक्तियां 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के पुनर्गठन का हिस्सा हैं। पार्टी ने विभिन्न राज्यों में नए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। उत्तराखंड के लिए नई टीम में राम माधव को प्रभारी तथा अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी बनाया गया है। नई जिम्मेदारी के साथ उत्तराखंड भाजपा संगठन में अब प्रदेश प्रभारी के स्तर पर नया नेतृत्व देखने को मिलेगा। राम माधव पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं, जबकि बांसुरी स्वराज दिल्ली से लोकसभा सांसद हैं। अरविंद मेनन भी भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में स्पष्ट किया गया है कि सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी होंगी। उत्तराखंड में नए प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति के बाद प्रदेश भाजपा संगठन की आगामी गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।