- जगबंबा नगर में कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- एसपी सिटी बोले—वीडियो में शामिल लोगों की पहचान कर होगी वैधानिक कार्रवाई
हल्द्वानी। शहर के जगबंबा नगर क्षेत्र में दो गुटों के बीच कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वायरल वीडियो हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली चाट भंडार के पास का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले का वीडियो पुलिस के संज्ञान में भी आया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को मिली है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रही घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आ रही है कि पुलिस प्रथम दृष्टया इस घटना के तार छात्रसंघ चुनाव से जुड़े होने की संभावना के आधार पर भी जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक छात्रसंघ चुनाव से घटना के सीधे तौर पर जुड़े होने की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस वीडियो की सत्यता, घटना में शामिल लोगों और विवाद के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
