- रात्रि चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस की कार्रवाई
- मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई
हल्द्वानी। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान नैनीताल पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक तरीके से स्कॉर्पियो चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने चालक को रोककर जांच की, जिसमें उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में 23 और 24 सितंबर की मध्यरात्रि को चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या UK04 AQ 6161 को रोका। पुलिस के अनुसार वाहन को चालक खतरनाक तरीके से चला रहा था। चालक की जांच किए जाने पर उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक आशीष सुयाल पुत्र भुवन चंद्र सुयाल, निवासी गैस गोदाम रोड, कृष्णा विहार, मुखानी, नैनीताल के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई की और वाहन को सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से सड़क पर चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। ऐसे में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दीपक सिंह कार्की, कांस्टेबल कमलेश सिंह और कांस्टेबल 866 नापु भूपाल सिंह शामिल रहे।
