Home Blog Page 32

एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव: अध्यक्ष पद पर तीन दावेदार, 26 सितंबर को तय होगा कौन-कौन मैदान में…

  • कला प्रतिनिधि के लिए 33 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
  • कल नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर साफ होने लगी है। कॉलेज के प्राचार्य एनएस बनकोटी के अनुसार विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया है। 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के साथ नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि अंतिम रूप से कौन-कौन से प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं। नामांकन के दौरान अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर चार और छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। सचिव पद के लिए दो और सह-सचिव पद के लिए भी दो प्रत्याशी मैदान में हैं।कॉलेज के नामांकन विवरण के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। कोषाध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। संकाय प्रतिनिधि पदों पर भी बड़ी संख्या में नामांकन हुए हैं। 

नामांकन में सबसे अधिक उत्सुकता कला संकाय प्रतिनिधि पद को लेकर देखने को मिली, जहां कुल 33 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर 12 और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर 14 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इन पदों पर भी चुनावी मुकाबला काफी व्यापक होने की संभावना है। अब 26 सितंबर का दिन एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची स्पष्ट हो जाएगी और इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होना है। करीब 12 हजार छात्र-छात्राओं के मतदान करने की उम्मीद है। नामांकन प्रक्रिया के बाद अब सभी की नजरें 26 सितंबर को होने वाली जांच और नाम वापसी पर टिकी हैं, जिसके बाद चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

रेड अलर्ट का असर, 26 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

  • कक्षा 1 से 12 तक के शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश
  • तेज बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए डीएम ने जारी किया आदेश

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से नैनीताल जिले में 26 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 26 सितंबर को बंद रहेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में 26 सितंबर को रेड अलर्ट की चेतावनी दी गई है। पूर्वानुमान में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम के इस पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका जताई है। ऐसे हालात में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश का निर्णय लिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 26 सितंबर, शनिवार को नैनीताल जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी 26 सितंबर को अवकाश अनुमन्य रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिले में रेड अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

एमबीपीजी में नामांकन के दौरान बवाल, पुलिस से भिड़े छात्र, जुलूस-शक्ति प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई

  • ABVP, NSUI और बागी प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला
  • पुलिस ने रैली में शामिल वाहनों के नंबर किए नोट, छात्र नेताओं की होगी पहचान

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमबीपीजी) में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बजते ही शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान माहौल गरमा गया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत सभी 11 पदों के लिए नामांकन भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कराया गया, लेकिन कॉलेज परिसर के बाहर छात्र नेताओं और समर्थकों के शक्ति प्रदर्शन ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी। जुलूस और नारेबाजी को लेकर छात्रों की पुलिस से तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हालांकि, मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को संभाल लिया। पुलिस की ओर से नामांकन के दौरान जुलूस और शक्ति प्रदर्शन पर रोक के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समर्थकों के साथ कॉलेज के आसपास पहुंचे और जोरदार नारेबाजी करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कई बार तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति को आगे बढ़ने से रोक लिया गया।

एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में इस बार अध्यक्ष पद का मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है। अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) और ABVP से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी के बीच मुकाबला है। बागी प्रत्याशी के मैदान में आने से अध्यक्ष पद की लड़ाई त्रिकोणीय हो गई है और चुनावी समीकरण भी बदलते नजर आ रहे हैं। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों की सक्रियता से साफ है कि आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने वाली हैं। एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने बताया कि 26 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद चुनाव प्रचार औपचारिक रूप से और तेज होने की संभावना है। छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। कॉलेज के करीब 12 हजार छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कॉलेज प्रशासन और पुलिस की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कॉलेज के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि छात्र नेताओं को बिना अनुमति जुलूस और प्रदर्शन नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद रैलियां निकाली गईं। एसपी सिटी के मुताबिक रैली और प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं को चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही रैली में इस्तेमाल किए गए वाहनों के नंबर भी पुलिस ने नोट किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों को पहले ही किसी भी तरह की अराजकता नहीं फैलाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों का उल्लंघन करते हुए जुलूस और प्रदर्शन किए गए। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के पहले ही दिन हुए हंगामे के बाद अब पुलिस और कॉलेज प्रशासन की निगाहें आगामी चुनावी गतिविधियों पर टिकी हैं। 29 सितंबर को होने वाले मतदान तक कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहेगा।

एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन को लेकर पुलिस अलर्ट

  • एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुद संभाली सुरक्षा की कमान
  • अराजकता करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के लिए छात्र नेता नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान एबीवीपी, एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठनों की सक्रियता को देखते हुए कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं एमबीपीजी कॉलेज पहुंचे और मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी तरह की अराजकता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में अवांछित एवं उपद्रवी तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान माहौल खराब करने, आपसी विवाद बढ़ाने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस की ओर से छात्र संगठनों और छात्र नेताओं की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन या भीड़ के कारण किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस का फोकस कॉलेज परिसर में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने पर है। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र संगठनों की बढ़ती सक्रियता के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। अधिकारियों का कहना है कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
::

शराब के नशे में खतरनाक तरीके से स्कॉर्पियो दौड़ा रहा चालक पकड़ा, वाहन सीज

  • रात्रि चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस की कार्रवाई
  • मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई

हल्द्वानी। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान नैनीताल पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक तरीके से स्कॉर्पियो चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने चालक को रोककर जांच की, जिसमें उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में 23 और 24 सितंबर की मध्यरात्रि को चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या UK04 AQ 6161 को रोका। पुलिस के अनुसार वाहन को चालक खतरनाक तरीके से चला रहा था। चालक की जांच किए जाने पर उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक आशीष सुयाल पुत्र भुवन चंद्र सुयाल, निवासी गैस गोदाम रोड, कृष्णा विहार, मुखानी, नैनीताल के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई की और वाहन को सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से सड़क पर चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। ऐसे में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दीपक सिंह कार्की, कांस्टेबल कमलेश सिंह और कांस्टेबल 866 नापु भूपाल सिंह शामिल रहे।

दुर्गा सिटी सेंटर विवाद में नैनीताल पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

  • दिल्ली चाट दुकान में तोड़फोड़ और ग्राहकों से मारपीट का आरोप
  • CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने चार युवकों को दबोचा

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के बीच दुर्गा सिटी सेंटर के पास छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद और तोड़फोड़ के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की देर रात दिल्ली चाट की दुकान के पास हुए विवाद के दौरान कुछ युवकों ने दुकान में घुसकर कथित तौर पर तोड़फोड़ की और सामान लेने आए ग्राहकों तथा सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर जगदंबा नगर, भोटियापड़ाव निवासी दुकान संचालक बिपिन चंद्र जोशी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आदित्य सिंह रावत उर्फ एएस ठाकुर, निवासी त्रिलोक नगर लालडांट, मुखानी, उम्र 21 वर्ष, कवि नेगी निवासी मोती निवास भोटियापड़ाव, कार्तिक नागिला निवासी गोरापड़ाव तथा ईशान शर्मा निवासी तीनपानी, शक्तिनगर, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने उनके विरुद्ध धारा 172 के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए धारा 35(3) के तहत नोटिस भी तामील कराया है। इस कार्रवाई में चौकी भोटियापड़ाव के उप निरीक्षक कृपाल सिंह के साथ कांस्टेबल विजय भारद्वाज, कांस्टेबल मुकेश सिंह और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छात्रसंघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, दो गुटों की झड़प में FIR दर्ज

  • SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी की दो टूक—कैंपस में चुनावी गतिविधियां करें
  • शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किया तो होगी कड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के बीच शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में मारपीट, कुर्सियां तोड़े जाने और हेलमेट व लाठी-डंडों के इस्तेमाल की सूचना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने छात्रसंघ चुनाव से जुड़े प्रत्याशियों, छात्र नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि चुनाव की आड़ में किसी भी तरह की गुटबाजी, हुड़दंग, रैली या यातायात व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनावी गतिविधियां निर्धारित कैंपस सीमा के भीतर रहेंगी, जबकि कैंपस के बाहर सभी पर सामान्य कानून लागू होगा।

पुलिस के अनुसार देर रात छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद की सूचना विभिन्न माध्यमों से मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी में मारपीट के साथ कुर्सियां तोड़े जाने और हेलमेट व लाठी-डंडों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। घटना के कारण और पूरे विवाद की विस्तृत जांच की जा रही है। दिल्ली चाट दुकान संचालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जा रहा है। ऐसे में चुनाव से जुड़े सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी गतिविधियों के नाम पर शहर में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने शाम के समय छात्रों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी बढ़ाने की बात कही है।

SSP के मुताबिक शाम पांच से छह बजे के बाद यदि छात्रों के किसी गुट द्वारा शहर के अलग-अलग हिस्सों में झुंड बनाकर घूमने, होटल, रिजॉर्ट, ढाबे या कैफे में समूह बनाकर अड्डेबाजी करने की स्थिति सामने आती है तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही वाहनों का समूह बनाकर मिनी रैली या अघोषित रैली निकालने, रैश ड्राइविंग करने, यातायात बाधित करने, गुट बनाकर अशांति फैलाने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। SSP ने कहा कि हल्द्वानी की जनता की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए शहर में पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था को बढ़ाया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि छात्र चुनावी गतिविधियां कैंपस में कर सकते हैं, लेकिन कैंपस से बाहर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव: 287 नामांकन फॉर्म बिके, अध्यक्ष पद के लिए 7 बिके

  • नामांकन पत्र बिक्री के दौरान सभी प्रमुख पदों पर छात्रों ने दिखाई दिलचस्पी
  • कला संकाय प्रतिनिधि के लिए सबसे ज्यादा 133 फॉर्म

हल्द्वानी। एमबीपीजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को लेकर गुरुवार को नामांकन पत्र बिक्री की प्रक्रिया पूरी हुई। नामांकन पत्र खरीदने को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कॉलेज प्रशासन के अनुसार विभिन्न पदों के लिए कुल 287 नामांकन फॉर्म बिके हैं। सबसे अधिक रुचि संकाय प्रतिनिधि के पदों को लेकर दिखाई दी, जबकि अध्यक्ष पद के लिए सात छात्रों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य एनएस बनकोटी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव के तहत नामांकन पत्र बिक्री की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई गई। अध्यक्ष पद के लिए कुल सात फॉर्म खरीदे गए। उपाध्यक्ष पद के लिए भी सात नामांकन फॉर्म की बिक्री हुई, जबकि छात्रा उपाध्यक्ष पद के लिए दो फॉर्म खरीदे गए। सचिव पद के लिए चार, संयुक्त सचिव छात्रा पद के लिए दस और कोषाध्यक्ष छात्रा पद के लिए 11 नामांकन फॉर्म बिके। सांस्कृतिक सचिव पद के लिए चार छात्रों ने नामांकन पत्र खरीदे, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए सात फॉर्म की बिक्री हुई।

संकाय प्रतिनिधि पदों पर सबसे ज्यादा नामांकन पत्र खरीदे गए। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के लिए नौ, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए 49 और कला संकाय प्रतिनिधि के लिए 53 नामांकन फॉर्म खरीदे गए। कॉलेज प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों के लिए कुल 287 नामांकन फॉर्म की बिक्री हुई है। नामांकन पत्रों की बिक्री के आंकड़ों से स्पष्ट है कि चुनाव को लेकर छात्रों के बीच व्यापक रुचि बनी हुई है और कॉलेज परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब नामांकन प्रक्रिया के अगले चरण में उम्मीदवारों की ओर से औपचारिक नामांकन दाखिल किया जाएगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद चुनाव मैदान में मौजूद प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर साफ होगी। छात्रसंघ चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर में राजनीतिक और छात्र गतिविधियां भी लगातार तेज होती जा रही हैं।

भोलेनाथ गार्डन में मकान की दूसरी मंजिल पर भीषण आग, कपड़ों के गोदाम में मचा हड़कंप

  • गली के भीतर गोदाम होने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी
  • फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा लाखों के नुकसान की आशंका

हल्द्वानी। भोलेनाथ गार्डन क्षेत्र में एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि मकान की दूसरी मंजिल पर कपड़ों का गोदाम संचालित हो रहा था, जहां अचानक आग भड़क उठी। गोदाम गली के अंदर होने के कारण अग्निशमन टीम के सामने आग बुझाने के दौरान चुनौती भी रही। आग तेजी से फैलने की सूचना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं अग्निशमन अभियान की निगरानी की। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग जिस गोदाम में लगी, वह प्रदीप गारमेंट्स का बताया जा रहा है। गोदाम में कपड़े रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लिया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा सामान जलने की सूचना है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अग्निशमन कर्मियों की ओर से आग को नियंत्रित करने का प्रयास जारी रहा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग के कारण और वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

छात्रसंघ चुनाव के बीच हल्द्वानी में दो गुटों की मारपीट, वीडियो वायरल

  • जगदम्बा नगर में हंगामे के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया, पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

हल्द्वानी। जगदम्बा नगर क्षेत्र में बुधवार रात दो गुटों के बीच कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। वायरल वीडियो हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली चाट भंडार के पास का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मामला छात्रसंघ चुनाव और छेड़खानी से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को तितर-बितर किया गया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी क्राइम ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी इस तरह की गतिविधि या हुड़दंग की सूचना मिलती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की जाए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।