- हल्द्वानी में यूयूएसडीए, पेयजल निगम, जमरानी और लोनिवि के कार्यों की समीक्षा
- मार्च से पहले पूरे हों पेयजल संबंधी काम, शनि बाजार में सड़क बंद किए बिना होगा निर्माण
हल्द्वानी। शहर में चल रहे विकास कार्यों की धीमी रफ्तार, निर्माण की गुणवत्ता और आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करें। साथ ही निर्माण के दौरान यातायात और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। शुक्रवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में यूयूएसडीए, पेयजल निगम, जमरानी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और सुनियोजित तरीके से कार्य करें, ताकि विकास कार्यों के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने यूयूएसडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों और प्रभावित लोगों को इसकी जानकारी दें तथा उन्हें विश्वास में लेकर काम किया जाए।

निर्माण कार्य व्यवस्थित और व्यवधान रहित तरीके से संचालित किए जाएं, जिससे आमजन को कम से कम असुविधा हो। पेयजल निगम के अधिकारियों को उन्होंने पेयजल से संबंधित सभी कार्य मार्च से पहले अनिवार्य रूप से पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी गर्मियों में शहरवासियों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। सीवर लाइन बिछाने के कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और डीपीआर के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के साथ नियमित निगरानी करने को भी कहा। शनि बाजार क्षेत्र में निर्माण कार्यों को लेकर डीएम ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सड़क को पूरी तरह बंद न किया जाए और यातायात तथा आवागमन सुचारू रखा जाए। उन्होंने कार्य शुरू करने से पहले गोलापार सहित संबंधित क्षेत्रों के स्टेकहोल्डर्स और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुनने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि जिस हिस्से में खुदाई की जाए, उसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द भरकर रास्ता आवागमन के लिए सुचारू किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को केवल पत्राचार तक सीमित न रहने की हिदायत देते हुए नियमित निरीक्षण और कार्यों का फॉलोअप करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्दियों में रात के समय सड़कों पर यातायात अपेक्षाकृत कम रहता है, इसलिए रात्रिकालीन समय का अधिकतम उपयोग कर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। जरूरत के अनुसार श्रमिकों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि काम निर्धारित समय में पूरा हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, परियोजना निदेशक यूयूएसडीए कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


