- मतगणना परिसर में विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा
किच्छा। नगर पालिका किच्छा और सिरौलीकलां के चुनाव के दौरान मंडी परिसर स्थित चुनाव स्थल पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों व प्रत्याशियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी पंतनगर ले जाया गया, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया। इससे पहले चुनाव प्रक्रिया के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति सामने आने की खबरें आई थीं।
पुलिस ने विधायक के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की करने के आरोप में धीरज कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी आस्था कॉलोनी, लालपुर, किच्छा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इसके अलावा शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले लोगों को चिन्हित करते हुए पुलिस ने अब तक 30 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस और प्रशासन ने चुनाव स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी है। एसएसपी ऊधम सिंह नगर ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




