- घने काले धुएं के बीच अग्निशमन टीम ने चलाया अभियान
- गोदाम में फंसे कुत्ते को भी सुरक्षित बाहर निकाला
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी के पीछे बुधवार तड़के कार एक्सेसरीज़ के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन फायर यूनिटों को आग बुझाने के अभियान में लगाया गया। घने काले धुएं के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती सामने आई, जिसके बाद पहले स्मोक एग्जॉस्ट के जरिए धुएं को बाहर निकाला गया और फिर आग पर प्रभावी तरीके से काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के अनुसार, आग लगने की सूचना बुधवार 23 सितंबर को सुबह करीब 5:20 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गया। आग की भीषणता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल तीन फायर यूनिटों को मोर्चे पर लगाया।
मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO), फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) और फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर (FSSO) की मौजूदगी में राहत एवं अग्निशमन अभियान चलाया गया। अधिकारी के मुताबिक, गोदाम के अंदर घना काला धुआं भरा होने के कारण आग तक पहुंचने और उसे बुझाने में दिक्कत आ रही थी। स्थिति को देखते हुए अग्निशमन टीम ने पहले स्मोक एग्जॉस्ट के माध्यम से गोदाम के भीतर जमा धुएं को बाहर निकाला। इसके बाद टीम ने अंदर प्रवेश कर आग पर काबू पाने की कार्रवाई तेज की। अभियान के दौरान अग्निशमन कर्मियों को गोदाम के अंदर एक कुत्ता भी फंसा हुआ मिला। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों के कुशल निर्देशन और अग्निशमन दल की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन संबंधित स्तर पर किया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने में मदद मिली।




