- यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी, 29 सितंबर को अधिसूचना
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों के द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक रिक्त राज्यसभा सीट के उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। आयोग के अनुसार मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशी 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को होगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी।

उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने जा रहा है। इसी एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भी इसी कार्यक्रम के तहत चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल में रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे से रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी हेतु पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने की भी जानकारी दी है।



