- 114 सिम कार्ड, 2 SIM Box और 77 एंटीना बरामद
- विदेशी/VoIP कॉल को भारतीय नंबर में बदलकर पहचान छिपाने का आरोप
बाजपुर। उत्तराखंड में पहली बार SIM Box के जरिए संचालित किए जा रहे अवैध टेलीकॉम गेटवे का STF की साइबर कुमाऊं यूनिट ने भंडाफोड़ किया है।ऊधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर 114 एयरटेल सिम कार्ड, दो SIM Box, 77 एंटीना, राउटर, मोबाइल फोन और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए हैं। STF के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए विदेशी और VoIP कॉल को भारतीय लोकल मोबाइल नंबर के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा था। STF के अनुसार, साइबर टीम को लंबे समय से अवैध SIM Box के संचालन को लेकर इनपुट मिल रहे थे और इस संबंध में दूरसंचार विभाग (DoT) के संपर्क में रहते हुए जानकारी विकसित की जा रही थी। इसी क्रम में बाजपुर के मुड़िया, ईदगाह के पास एक मकान में अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर STF टीम ने दबिश देकर कादिर पुत्र जाबिर अली, निवासी मिलक जुम्मावाली, थाना भगतपुर, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, SIM Box के माध्यम से विदेशों से आने वाली या इंटरनेट आधारित VoIP कॉल को भारतीय लोकल नंबर में बदला जा रहा था। इससे कॉल प्राप्त करने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय नंबर दिखाई देता था। STF का कहना है कि इस तकनीक का इस्तेमाल कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए किया जा सकता है। जांच में यह भी सामने आने की बात STF ने कही है कि गेटवे में अलग-अलग व्यक्तियों की आईडी का कथित दुरुपयोग कर हासिल किए गए सिम कार्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी के बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से संपर्क और आर्थिक लाभ के लिए नेटवर्क से जुड़े होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, यह गेटवे करीब सात महीने से संचालित किया जा रहा था। STF के मुताबिक SIM Box का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों में भी किया जा सकता है। अवैध टेलीकॉम गेटवे के जरिए सरकारी राजस्व और टेलीकॉम कंपनियों को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।

मामले में आरोपी के विदेशी संपर्कों, साइबर नेटवर्क, बैंक खातों और संभावित अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में वर्ष 2023 में मुरादाबाद के कटघर थाने में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ वहां धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों और भारतीय तार अधिनियम से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के साथ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई का रिकॉर्ड बताया गया है। STF की कार्रवाई में 32 स्लॉट वाले दो SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, एयरटेल इंटरनेट राउटर, सैमसंग A35 मोबाइल, LAN/USB केबल, कनेक्टर, पावर केबल, फाइबर वायर, मीडिया कन्वर्टर और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए हैं। STF ने कहा है कि फर्जी दस्तावेजों पर सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



