Home Blog Page 24

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 65 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

  • एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने सुभाष नगर बैरियर पर कार से पकड़ी स्मैक
  • पुलिस के अनुसार कीमत करीब 65.40 लाख रुपये

लालकुआं। मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि–ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 218.04 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी नैनीताल और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई सुभाष नगर बैरियर के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान की। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम लालकुआं क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार कार में सवार दो लोगों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरौली कलां, ऊधम सिंह नगर और मूल निवासी बहेड़ी, बरेली तथा मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक नदीम खान ट्रक ड्राइवर है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। मामले में कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब धारा 29 के तहत आगे की जांच करते हुए स्मैक की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए गिरफ्तारी टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

हरिद्वार पुलिस में फेरबदल, बढ़े दो नए सर्किल

  • तीन राजपत्रित अधिकारियों के आगमन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने बदले क्षेत्राधिकार, जिले में अब नौ पुलिस सर्किल

,हरिद्वार। जनपद में तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के आगमन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों के सर्किल में बड़ा फेरबदल किया है। कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग को बेहतर तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से जिले में दो नए पुलिस सर्किल बढ़ाए गए हैं। नए क्षेत्राधिकार निर्धारण के बाद अब जनपद में कुल नौ पुलिस सर्किल होंगे। नए व्यवस्था के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी देवव्रत जोशी को सर्किल बहादराबाद की जिम्मेदारी दी गई है। उनके अधीन कोतवाली बहादराबाद और कोतवाली कलियर रहेंगी। क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी सर्किल नगर का दायित्व संभालेंगे, जिसमें कोतवाली नगर और कोतवाली श्यामपुर शामिल हैं। वहीं क्षेत्राधिकारी संजय चौहान को सर्किल ज्वालापुर की जिम्मेदारी दी गई है, जिसके अंतर्गत कोतवाली ज्वालापुर और कोतवाली पथरी रहेंगी।

सर्किल सदर की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र बलूनी को सौंपी गई है। उनके क्षेत्र में कोतवाली सिडकुल और पुलिस लाइन शामिल की गई है। क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी सर्किल रुड़की की कमान संभालेंगी, जिसमें कोतवाली रुड़की और कोतवाली गंगनहर शामिल हैं। क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी को सर्किल मंगलौर का दायित्व सौंपा गया है। उनके अधीन कोतवाली मंगलौर और कोतवाली झबरेड़ा रहेंगी। क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र सिंह नेगी को सर्किल लक्सर की जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें कोतवाली लक्सर और कोतवाली खानपुर शामिल हैं। क्षेत्राधिकारी सुमित पाण्डे सर्किल भगवानपुर की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके क्षेत्र में कोतवाली भगवानपुर और थाना बुग्गावाला शामिल किए गए हैं। क्षेत्राधिकारी दक्ष शोखंद को सर्किल रानीपुर का प्रभारी बनाया गया है। उनके अधीन कोतवाली रानीपुर और कोतवाली कनखल रहेंगी।

अल्पसंख्यक युवाओं का बनेगा डेटाबेस, AI और ड्रोन तकनीक से जोड़ने की तैयारी

  • उत्तराखंड अल्पसंख्यक हुनर परिषद की पहल
  • युवाओं की रुचि और रोजगार की जरूरत के आधार पर तैयार होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम

देहरादून। उत्तराखंड में अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को रोजगार और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से जोड़ने के लिए नई पहल की जा रही है। उत्तराखंड अल्पसंख्यक हुनर परिषद पहली बार युवाओं का विशेष डेटाबेस तैयार करेगी। इसमें उनकी रोजगार संबंधी जरूरतों, मौजूदा कौशल और प्रशिक्षण की आवश्यकताओं की जानकारी जुटाई जाएगी। इसी आधार पर भविष्य में रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। खास बात यह है कि अब युवाओं को पारंपरिक हुनर के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ड्रोन तकनीक जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी प्रशिक्षित करने की योजना है। परिषद का उद्देश्य केवल युवाओं के आंकड़े जुटाना नहीं, बल्कि उनकी रुचि और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। डेटाबेस से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कितने युवा रोजगार की तलाश में हैं, किन्हें अतिरिक्त कौशल की जरूरत है और कितने युवा नई तकनीकों में प्रशिक्षण लेना चाहते हैं। इसके आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में लक्षित प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जा सकेंगे।

अब तक अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को कारपेंटर और वेल्डर जैसे पारंपरिक कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाता रहा है। अब उन्हें बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुसार AI, ड्रोन और अन्य तकनीकी क्षेत्रों से जोड़ने की तैयारी है, ताकि युवा रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर भी तलाश सकें। उत्तराखंड अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष शोएब अहमद के अनुसार, युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उनकी जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते ने कहा कि युवाओं का यह डेटाबेस भविष्य की योजनाओं और रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस पहल से उम्मीद है कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं के कौशल विकास को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा और उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

पुलिस में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां, एसएसपी ने जारी किए आदेश

  • राजपत्रित अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव
  • जिले की पुलिस व्यवस्था को लेकर दायित्व आवंटित

नैनीताल। जिले की पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी मंजुनाथ टीसी (आईपीएस) ने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां आवंटित की हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर अधिकारियों के नाम के अनुसार उनके दायित्व निर्धारित किए गए हैं। आदेश के तहत संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करना होगा।

उत्तराखंड में 4.9 तीव्रता का भूकंप, चमोली में रहा केंद्र

  • रात 10:23 बजे महसूस किए गए भूकंप के झटके
  • धरती के 13 किलोमीटर नीचे था केंद्र

चमोली। उत्तराखंड में मंगलवार रात भूकंप के झटके दर्ज किए गए। उपलब्ध भूकंपीय जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 मापी गई। इसका केंद्र चमोली जिले में था। भूकंप रात 10 बजकर 23 मिनट 13 सेकंड (भारतीय समयानुसार) पर दर्ज किया गया।भूकंपीय आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 30.103 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.561 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई धरती के भीतर करीब 13 किलोमीटर बताई गई है।

देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

  • प्लंबिंग के काम के लिए घर पहुंचा था आरोपी
  • पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद पेचकस से हमले का आरोप
  • पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। एक घर में बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची महिला की पेचकस से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्लंबर है और पिछले दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर काम करने आता था। प्रारंभिक पूछताछ में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से रायपुर थाना पुलिस को तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में चोरी की सूचना मिली। बताया गया कि स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ रखा है। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, जहां घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और एक महिला लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़े मिले। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को कोरोनेशन अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में काम करती थीं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजकुमार प्लंबर का काम करता है और करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग संबंधी काम कर रहा था। घटना वाले दिन भी उसे काम के लिए घर बुलाया गया था। पुलिस का कहना है कि काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली तिलया देवी आवाज सुनकर वहां पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते दिखाई दिया है। अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

कैंचीधाम जाने से पहले होटल की बुकिंग जरूरी, वीकेंड पर यातायात व्यवस्था होगी सख्त

  • आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को दिए निर्देश
  • ओवररेटिंग पर रोक और शिप्रा नदी में नहाने पर पाबंदी की तैयारी
  • मंदिर में हेड काउंट कैमरे लगाने के भी निर्देश

नैनीताल। कैंचीधाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम पहुंचें। आयुक्त ने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को वीकेंड पर आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को टैक्सी और बाइक की नियमित जांच करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में विभागीय बूथ स्थापित करने को कहा गया। बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर यातायात बाधित न होने देने के निर्देश दिए।

कैंचीधाम क्षेत्र में खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की ओवररेटिंग रोकने के लिए आयुक्त ने सभी दुकानदारों को रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। वहीं, शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए। मंदिर समिति को श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने और मंदिर के गेटों को 15 दिन के भीतर स्वचालित तरीके से खोलने की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि भीड़ का प्रबंधन बेहतर ढंग से किया जा सके। आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित विभागों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने और निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर डामरीकरण और पैचवर्क का काम जारी है। आयुक्त ने सभी कार्य शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में पूरी हों परियोजनाएं: महापौर गजराज बिष्ट

  • UUSDA कार्यालय में विकास योजनाओं की समीक्षा
  •   गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
  • जनता को असुविधा से बचाने पर दिया जोर

हल्द्वानी। शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की रफ्तार तेज करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए महापौर गजराज बिष्ट ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। UUSDA के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में महापौर ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए।बैठक में प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित सहायक अभियंता मौजूद रहे। महापौर ने नगर में संचालित विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए तथा सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।

महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे और शहर के विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

देहरादून में यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार गिरफ्तार, मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज

  • हरिद्वार बाईपास स्थित नेक्सा शोरूम के पास हुआ विवाद
  • पुलिस चौकी में भी दोबारा भिड़ने का आरोप
  • घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल के लिए भेजा

देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामे के मामले में पुलिस ने चर्चित कंटेंट क्रिएटर एवं यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास एक व्यक्ति के साथ मारपीट की जा रही थी। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों को हिरासत में लिया। वहीं, पीड़ित राज सिंह चौहान की तहरीर पर अनुराग डोभाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। देहरादून पुलिस के मुताबिक, पांच अक्टूबर की रात करीब 10 बजे नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि हरिद्वार बाईपास स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवक आपस में झगड़ रहे हैं। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां अनुराग डोभाल और उनके साथियों पर राज सिंह चौहान के साथ मारपीट करने का आरोप सामने आया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को बाईपास चौकी ले गई।

पुलिस का कहना है कि चौकी में दोनों पक्षों से बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान कथित तौर पर दोबारा राज सिंह चौहान से भिड़ने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके उग्र होने और मौके पर भीड़ जुटने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद चारों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत नियमानुसार हिरासत में लिया गया। मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, उनकी शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

  • विधानसभा में दाखिल किया नामांकन, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
  • भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक भी रहे मौजूद

देहरादून। उत्तराखंड में राज्यसभा सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन के अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधानसभा, देहरादून में उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिनेश आर्य को नामांकन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल राजनीतिक सफर की कामना की। नामांकन के अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक भी इस दौरान उपस्थित रहे। राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य के नामांकन के अवसर पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें शुभकामनाएं देकर पार्टी की ओर से समर्थन व्यक्त किया।