देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

  • प्लंबिंग के काम के लिए घर पहुंचा था आरोपी
  • पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद पेचकस से हमले का आरोप
  • पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। एक घर में बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची महिला की पेचकस से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्लंबर है और पिछले दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर काम करने आता था। प्रारंभिक पूछताछ में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से रायपुर थाना पुलिस को तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में चोरी की सूचना मिली। बताया गया कि स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ रखा है। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, जहां घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और एक महिला लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़े मिले। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को कोरोनेशन अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में काम करती थीं।

देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजकुमार प्लंबर का काम करता है और करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग संबंधी काम कर रहा था। घटना वाले दिन भी उसे काम के लिए घर बुलाया गया था। पुलिस का कहना है कि काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली तिलया देवी आवाज सुनकर वहां पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते दिखाई दिया है। अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Read more

Local News