- हरिद्वार बाईपास स्थित नेक्सा शोरूम के पास हुआ विवाद
- पुलिस चौकी में भी दोबारा भिड़ने का आरोप
- घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल के लिए भेजा
देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामे के मामले में पुलिस ने चर्चित कंटेंट क्रिएटर एवं यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास एक व्यक्ति के साथ मारपीट की जा रही थी। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों को हिरासत में लिया। वहीं, पीड़ित राज सिंह चौहान की तहरीर पर अनुराग डोभाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। देहरादून पुलिस के मुताबिक, पांच अक्टूबर की रात करीब 10 बजे नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि हरिद्वार बाईपास स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवक आपस में झगड़ रहे हैं। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां अनुराग डोभाल और उनके साथियों पर राज सिंह चौहान के साथ मारपीट करने का आरोप सामने आया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को बाईपास चौकी ले गई।
पुलिस का कहना है कि चौकी में दोनों पक्षों से बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान कथित तौर पर दोबारा राज सिंह चौहान से भिड़ने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके उग्र होने और मौके पर भीड़ जुटने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद चारों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत नियमानुसार हिरासत में लिया गया। मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, उनकी शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
