Home Blog Page 23

परमिट की शर्तें तोड़ने वाले वाहन चालकों पर पुलिस का शिकंजा, 73 वाहन सीज

  • यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को चला अभियान
  •   258 चालान और पांच लाइसेंस/परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने परमिट की शर्तों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 258 चालान किए, 73 वाहन सीज किए और पांच ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, टीएसआई रामनगर और सीपीयू हल्द्वानी को परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नैनीताल पुलिस की कार्रवाई में कुल 73 वाहनों को सीज किया गया। इनमें 72 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा पांच मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस अथवा परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान संयोजन शुल्क के रूप में 47 हजार रुपये भी वसूल किए। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करना और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। अभियान के दौरान निरीक्षक यातायात हल्द्वानी की ओर से नौ वाहन सीज किए गए। निरीक्षक यातायात भीमताल/भवाली/कैंचीधाम क्षेत्र में भी नौ वाहनों पर सीज की कार्रवाई हुई, जबकि सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहनों को सीज किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न थाना क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

फटे बैग लेकर स्कूल पहुंच रहे बच्चों को मिली नई उम्मीद, उवेस राजा ने बांटे नए बैग

  • गांधीनगर के दो सरकारी स्कूलों में सामाजिक कार्यकर्ता की पहल
  • बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी

हल्द्वानी। शिक्षा से किसी बच्चे को वंचित न होना पड़े, इसी उद्देश्य से सामाजिक कार्यकर्ता उवेस राजा ने गुरुवार को गांधीनगर क्षेत्र के दो सरकारी स्कूलों में बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने अपने साथियों के साथ राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांधीनगर और राजकीय प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर में जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए। नए बैग पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कार्यक्रम के दौरान उन बच्चों को बैग उपलब्ध कराए गए, जिनके पुराने स्कूल बैग फट चुके थे या पढ़ाई के लिए उपयोगी स्थिति में नहीं थे। 

उवेस राजा ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसी सोच के साथ जरूरतमंद बच्चों तक स्कूल बैग पहुंचाने की छोटी सी पहल की गई है। उवेस राजा ने कहा कि शिक्षा बच्चों के बेहतर भविष्य की बुनियाद है। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सामाजिक पहल भी बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। बैग वितरण के दौरान स्कूलों के बच्चों ने नए बैग पाकर खुशी जताई। इस अवसर पर उवेस राजा के साथ उनके सहयोगी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संदेश रहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद हर बच्चे को पढ़ाई का अवसर मिलना चाहिए और समाज को इसके लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए।

दुग्ध उत्पादकों को 30 करोड़ की सौगात, लालकुआं दुग्ध संघ के 34 हजार परिवारों को मिलेगा लाभ

  • दूध मूल्य प्रोत्साहन, साईलेज और चारा परिवहन अनुदान के लिए स्वीकृत हुई धनराशि
  • मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री और दुग्ध विकास मंत्री का जताया आभार

लालकुआं। दुग्ध उत्पादकों के हित में राज्य सरकार की ओर से 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को राहत मिलेगी, जबकि लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार भी सीधे लाभान्वित होंगे। मुकेश बोरा के अनुसार, स्वीकृत 30 करोड़ रुपये में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान और 3 करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों के लिए भी प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि 14 करोड़ रुपये की दूध मूल्य प्रोत्साहन राशि में से लालकुआं दुग्ध संघ को करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। 

इसी तरह 13 करोड़ रुपये के साईलेज अनुदान में संघ को लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये तथा 3 करोड़ रुपये के चारा परिवहन अनुदान में करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिलने की संभावना है। मुकेश बोरा ने कहा कि साईलेज अनुदान से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी। वहीं, चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों को चारा लाने-ले जाने में होने वाले खर्च में राहत मिलेगी। इन योजनाओं से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की ओर से मिलने वाला प्रोत्साहन और अनुदान दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ दुग्ध व्यवसाय को गति देने में मदद करेगा। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों के हित में 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा दुग्ध व्यवसाय को और मजबूती मिलेगी।

गढ़ भोज दिवस पर मेडिकल कॉलेज में दिखी उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक खान-पान की झलक

  • नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लगाए पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल
  • लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित ऑडिटोरियम में बुधवार को गढ़ भोज दिवस पर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक खान-पान की रंगारंग झलक देखने को मिली। राजकीय नर्सिंग कॉलेज, हल्द्वानी की ओर से आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं ने पहाड़ के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए और लोकगीत-लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या और राजकीय नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शबिस्ता अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह का उद्देश्य उत्तराखंड के पारंपरिक खाद्य पदार्थों और स्थानीय खान-पान को बढ़ावा देने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी भोजन संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, गहत, भट्ट, राजमा, जख्या सहित स्थानीय अनाज, दालों, साग-सब्जियों और पारंपरिक खाद्य पदार्थों से तैयार व्यंजनों की विविधता देखने को मिली।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या ने कहा कि गढ़ भोज उत्तराखंड की सदियों पुरानी खाद्य परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों से तैयार होने वाले पारंपरिक व्यंजन स्वाद के साथ-साथ पोषण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, गहत, भट्ट और स्थानीय साग-सब्जियां उत्तराखंड के पारंपरिक खान-पान की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बदलते खान-पान के बीच स्थानीय एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और लोक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय उत्पादों के उपयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय उत्पादकों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है। गढ़ भोज दिवस के अवसर पर नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाकर पहाड़ की खाद्य संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की विविधता प्रदर्शित की। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्तराखंड की लोक विरासत के रंग भर दिए और उपस्थित लोगों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू कराया। इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शबिस्ता अहमद, असिस्टेंट प्रोफेसर अनिता अधिकारी, ट्यूटर अंजू रानी, दीपिका जंगपांगी, सागर जोशी, गीतांजलि साह, संजय मेहता, मयंक राणा सहित नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

पवलगढ़ में जनप्रतिनिधियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों पर हुआ संवाद

  • सुरेश भट्ट ने क्षेत्रवासियों से की मुलाकात
  • सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा कर स्थानीय जरूरतों और सुझावों पर चर्चा

कोटाबाग। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के पवलगढ़ में पूर्व मंडल उपाध्यक्ष प्रकाश नैनवाल के आवास पर क्षेत्रवासियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण एवं स्वास्थ्य अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने भी शिरकत की। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर ग्रामीणों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी क्षेत्रवासियों के साथ साझा की गई। साथ ही ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझावों को सुना गया।

सुरेश भट्ट ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के साथ लगातार संवाद के माध्यम से स्थानीय समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रधान पूरन छिमवाल, ग्राम प्रधान रेखा बधानी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी, बूथ अध्यक्ष दीपक तिवारी, चंदन बिष्ट, महेश चंद्र सती, दिनेश बधानी, त्रिलोचन बधानी, दयाकिशन बधानी, राजेंद्र त्रिपाठी और कमल बोहरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच संवाद को मजबूत करना तथा क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को सामने लाना रहा।

कैंचीधाम में पर्यटन विभाग का बड़ा एक्शन, 26 होटल-होम स्टे पर शिकंजा

  • नियमों की अनदेखी पर 22 इकाइयों पर 10-10 हजार का जुर्माना
  • बिना पंजीकरण चल रहे प्रतिष्ठानों को बंद करने के निर्देश, चार को नोटिस

नैनीताल। देश-दुनिया में तेजी से लोकप्रिय हो रहे कैंचीधाम क्षेत्र में पर्यटन विभाग ने होटल और होम स्टे इकाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त कुमाऊं मंडल और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी की टीम ने क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाकर 26 होटल और होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने, पंजीकृत क्षमता से अधिक कमरों का संचालन और पर्यटन नियमावली के मानकों का उल्लंघन सामने आने पर विभाग ने कार्रवाई की। निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 22 पंजीकृत होटल और होम स्टे इकाइयों पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। विभाग के अनुसार इन इकाइयों में पंजीकृत कमरों से अधिक कमरों का संचालन करने और पर्यटन नियमावली के प्रावधानों का पालन नहीं करने की शिकायतें व अनियमितताएं सामने आई थीं।

जिन इकाइयों पर अर्थदंड लगाया गया, उनमें चिराग होम स्टे, त्रिशूल होम स्टे, कृष्णा होम स्टे, मंजू पांडे होम स्टे, रेखा बिष्ट होम स्टे, त्रिलोकी होम स्टे, माधवी होम स्टे, निर्मल रिसोर्ट एंड कॉटेज, मां भगवती होम स्टे, रोहित होम स्टे, दीप्ती होम स्टे, कुंदन नेगी होम स्टे, शरद तिवारी होम स्टे और हर्षित तिवारी होम स्टे समेत अन्य इकाइयां शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान बिना पंजीकरण संचालित पाई गई दो इकाइयों के खिलाफ अर्थदंड लगाने के साथ ही तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग की इस कार्रवाई से कैंचीधाम क्षेत्र में बिना पंजीकरण पर्यटन कारोबार संचालित करने वालों में हड़कंप मचा है। विभाग की ओर से उमेश दत्त तिवारी होम स्टे, होटल ट्रिनिटी, मारुति होम स्टे, बाबा बैंसन रिसोर्ट, होटल मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, होटल ग्रीन वैली और होटल मोहन रेजेंसी समेत संबंधित इकाइयों के खिलाफ संचालन बंद करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 

निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर चार इकाई संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरिराज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा शामिल हैं। संबंधित संचालकों से अनियमितताओं के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में होटल और होम स्टे इकाइयों का लगातार भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन नियमावली के मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कैंचीधाम में बढ़ते पर्यटक दबाव के बीच पर्यटन विभाग की यह कार्रवाई व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने और पर्यटकों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मिलावट और खाद्य मानकों की अनदेखी पर प्रशासन का शिकंजा, 22 मामलों में 3.70 लाख का जुर्माना

  • खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की सुनवाई
  • मिठाई, दूध, पनीर, घी और पैक्ड खाद्य पदार्थों से जुड़े मामलों में कार्रवाई

नैनीताल। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी विवेक राय ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत 22 मामलों की सुनवाई करते हुए संबंधित खाद्य कारोबारियों पर कुल 3.70 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। कार्रवाई के दौरान अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण-विक्रय और गलत लेबलिंग जैसे मामलों को गंभीरता से लिया गया। सुनवाई के दौरान हल्द्वानी के सती मिष्ठान भंडार पर अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयों का निर्माण, भंडारण और बिक्री पाए जाने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। सरस्वती स्नैक्स, भोटियापड़ाव पर अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के मामले में भी 15 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। बिना पंजीकरण खाद्य कारोबार करने के मामले में इश्तयाक अहमद पर 15 हजार रुपये, जबकि मॉ. वैष्णो कम्युनिकेशन एंड पतंजलि स्टोर पर कालातीत खाद्य सामग्री बेचने के मामले में 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। 

वीके मार्ट रिटेल लिमिटेड पर खाद्य अनुज्ञप्ति में अपूर्ण एवं भ्रामक सूचना देने के मामले में सबसे अधिक 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। अधोमानक दूध बेचने के मामलों में गुरमीत सिंह पर 15 हजार और कृष्णा डेयरी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। मदर डेयरी प्वाइंट, कुसुमखेड़ा में अधोमानक पनीर की बिक्री के मामले में 15 हजार रुपये, जबकि राम शर्मा द्वारा अधोमानक खुले घी की बिक्री पर 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा पूर्णानंद-अंबादत्त फुलारा प्रतिष्ठान पर गंदगी और पंजीकरण में सही पता दर्ज नहीं होने के मामले में 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक अनुज्ञप्ति नहीं होने के मामलों में भी प्रशासन ने कार्रवाई की। मोहित पाल पर 5 हजार, बब्लू पाल और बलवंत पाल पर 10 हजार, हीरा सिंह पाल पर 10 हजार, फैजुद्दीन पर 5 हजार, अजय पाल एवं झम्मन पाल झटका मटन एंड चिकन शॉप पर 5 हजार, नवीन पाल पर 10 हजार तथा शेखर पाल पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। कालाढूंगी के सुन्दर लाल मटन शॉप पर मानकों के विपरीत अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य कारोबार करने के मामले में 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नमकीन एवं गजक भंडार, सरस्वती विहार लालडांठ पर मिथ्याछाप गजक बेचने के मामले में 15 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं कपिलाज स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट तथा खंडेलवाल रॉयल प्रोडक्ट्स, बरेली द्वारा मिथ्याछाप पैक्ड खाद्य सामग्री के निर्माण और बिक्री के मामले में 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रतिष्ठान के हल्द्वानी स्थित मामले में अधोमानक खुले खोये की बिक्री पाए जाने पर 30 हजार रुपये का अतिरिक्त अर्थदंड लगाया गया। ज्योलिकोट के जफर फिश शॉप पर बिना अनुज्ञप्ति खाद्य कारोबार करने के मामले में 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

झोलाछाप डॉक्टरों पर अब चलेगा प्रशासन का डंडा, अवैध क्लीनिक मिले तो होंगे सील

  • डीएम ललित मोहन रयाल ने दिए सख्त निर्देश
  • नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमें गठित
  • FIR के साथ हटाए जाएंगे प्रचार सामग्री और होर्डिंग्स

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और पंजीकरण के संचालित हो रहे दवाखानों, नीम-हकीमों और झोलाछाप क्लीनिकों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, जो स्थानीय पुलिस के समन्वय से अवैध क्लीनिकों की जांच करेंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ लोग बिना वैध चिकित्सकीय अर्हता और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित कर रहे हैं। अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा मरीजों का इलाज किया जाना जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से जोखिमपूर्ण है। गठित टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर क्लीनिक संचालकों की शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल काउंसिल का वैध पंजीकरण और औषधि लाइसेंस समेत आवश्यक दस्तावेजों का गहन सत्यापन करेंगी।

नगर क्षेत्र में कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम, संबंधित उपजिलाधिकारी, संबंधित नगर पालिका परिषद या नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी तथा मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक को समिति में शामिल किया गया है। यह समिति अपने निर्धारित क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, दवाखाने और अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।ग्रामीण क्षेत्रों के लिए गठित समिति में संबंधित उपजिलाधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक, संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा नामित ग्राम विकास अधिकारी या ग्राम पंचायत अधिकारी को शामिल किया गया है। प्रशासनिक टीमें स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में भी झोलाछाप डॉक्टरों और अनधिकृत चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन क्लीनिकों या प्रतिष्ठानों के संचालक वैध प्रमाण-पत्र, पंजीकरण अथवा आवश्यक लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे प्रतिष्ठानों को तत्काल सील करने के साथ दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नीम-हकीमों और अवैध चिकित्सकों द्वारा लगाए गए प्रचार-प्रसार सामग्री, होर्डिंग्स और पोस्टरों को भी तत्काल हटवाया जाएगा। जिलाधिकारी ने गठित समितियों के दायित्वधारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सघन अभियान चलाएं। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई की दैनिक आख्या संबंधित उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी कार्यालय को प्रस्तुत की जाएगी। प्रशासन का यह अभियान अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आमजन को असुरक्षित इलाज से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे, हल्द्वानी में ‘सेवा ज्योति’ से गूंजा राष्ट्रनिर्माण का संदेश

  • शहीद पार्क में हुआ भव्य कार्यक्रम
  • सांसद अजय भट्ट ने मशाल जुलूस के साथ रथ यात्रा को दिखाई हरी झंडी
  • बोले—सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की ऐतिहासिक यात्रा

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को हल्द्वानी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क में आयोजित हुआ, जहां सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण सुना गया और स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण की ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में लगातार देश की सेवा करते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे किए हैं।

अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिली है। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना रहा है। प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कार्यक्रम में मशाल जुलूस के साथ ‘सेवा ज्योति’ रथ यात्रा भी निकाली गई। सांसद अजय भट्ट और अन्य गणमान्य लोगों ने रथ यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा शहीद चौक, ठंडी सड़क से शुरू होकर नगर निगम सेवा ज्योति पार्क तक पहुंची। मशाल सेवा ज्योति यात्रा में अंतरराष्ट्रीय धावक सुरेश पांडे और राष्ट्रीय धाविका ममता पाठक ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

सांसद अजय भट्ट ने कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि नगर निगम पार्क का नाम बदलकर ‘सेवा ज्योति यात्रा पार्क’ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्षों की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम सेवा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर शुभकामनाएं देते हुए देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। साथ ही प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जामंत्री सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, भावना मेहरा, कौस्तुभानंद जोशी, प्रदीप जनोटी, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला सह प्रभारी रनदीप पोखरिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन भट्ट, सह संयोजक कमल रावत, नीरज बिष्ट, सुरेश पांडे और ममता पांडे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, एपीडी चंद्रा फर्त्याल और बीडीओ तनवीर असगर समेत अधिकारी उपस्थित रहे।

‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल

  • हल्द्वानी में कांग्रेस की प्रेसवार्ता
  • मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर उठाए सवाल
  • कल बुद्ध पार्क से निकलेगा जनजागरण मार्च

हल्द्वानी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को लेकर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने बुधवार को निजी होटल में प्रेसवार्ता की। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवाल उठाते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया। कांग्रेस ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित होना और उसके मताधिकार की सुरक्षा निर्वाचन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम हटने अथवा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी जैसी शिकायतें सामने आती हैं तो यह केवल किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक संघर्ष करेगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर निर्वाचन आयोग को स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।

सुमित हृदयेश ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं और उनके अभियान से लोकतंत्र, संविधान तथा मतदाता अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश के विभिन्न वर्गों से संवाद करते हुए जनहित के मुद्दों को लगातार राष्ट्रीय विमर्श में उठाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विभिन्न राज्यों के चुनावी अनुभवों और जमीनी परिस्थितियों के आधार पर चुनावी प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े सवालों को गंभीरता से उठाया है। महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के चुनावों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार जनता के बीच ले जा रही है। सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान मतपेटियों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर सजगता दिखाई। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की कि वे अपने तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचें। किसी प्रकार की विसंगति सामने आने पर नियमानुसार संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराएं।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान किसी राजनीतिक दल के खिलाफ मात्र राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को मतदाता सूची की जांच और मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने और किसी भी विसंगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने के लिए जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे हल्द्वानी के बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक लोकतंत्र, संविधान और मतदाता के अधिकारों की रक्षा का संदेश लेकर जनता के बीच पहुंचेंगे। प्रेसवार्ता में विधायक सुमित हृदयेश, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी समेत हरीश मेहता, मलय बिष्ट, मधु सांगुड़ी, कमला सनवाल, सुहैल सिद्दीकी, गिरीश पांडे, दीप पाठक,