- दूध मूल्य प्रोत्साहन, साईलेज और चारा परिवहन अनुदान के लिए स्वीकृत हुई धनराशि
- मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री और दुग्ध विकास मंत्री का जताया आभार
लालकुआं। दुग्ध उत्पादकों के हित में राज्य सरकार की ओर से 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को राहत मिलेगी, जबकि लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार भी सीधे लाभान्वित होंगे। मुकेश बोरा के अनुसार, स्वीकृत 30 करोड़ रुपये में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान और 3 करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों के लिए भी प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि 14 करोड़ रुपये की दूध मूल्य प्रोत्साहन राशि में से लालकुआं दुग्ध संघ को करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है।

इसी तरह 13 करोड़ रुपये के साईलेज अनुदान में संघ को लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये तथा 3 करोड़ रुपये के चारा परिवहन अनुदान में करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिलने की संभावना है। मुकेश बोरा ने कहा कि साईलेज अनुदान से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी। वहीं, चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों को चारा लाने-ले जाने में होने वाले खर्च में राहत मिलेगी। इन योजनाओं से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की ओर से मिलने वाला प्रोत्साहन और अनुदान दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ दुग्ध व्यवसाय को गति देने में मदद करेगा। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों के हित में 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा दुग्ध व्यवसाय को और मजबूती मिलेगी।
