- यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को चला अभियान
- 258 चालान और पांच लाइसेंस/परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने परमिट की शर्तों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 258 चालान किए, 73 वाहन सीज किए और पांच ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, टीएसआई रामनगर और सीपीयू हल्द्वानी को परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नैनीताल पुलिस की कार्रवाई में कुल 73 वाहनों को सीज किया गया। इनमें 72 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा पांच मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस अथवा परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान संयोजन शुल्क के रूप में 47 हजार रुपये भी वसूल किए। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करना और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। अभियान के दौरान निरीक्षक यातायात हल्द्वानी की ओर से नौ वाहन सीज किए गए। निरीक्षक यातायात भीमताल/भवाली/कैंचीधाम क्षेत्र में भी नौ वाहनों पर सीज की कार्रवाई हुई, जबकि सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहनों को सीज किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न थाना क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
