सतर्कता विभाग ने रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई को ट्रैप कर पकड़ा
दूसरे पक्ष से लेन-देन विवाद में समझौता कराने के नाम पर मांगी थी रकम
हरिद्वार। उत्तराखंड सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जिले के रानीपुर थाने में तैनात एएसआई सोनिया को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एएसआई शिकायतकर्ता से दूसरे पक्ष के साथ लेन-देन के विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत मांग रही थीं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सतर्कता विभाग ने ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की। सतर्कता विभाग के अनुसार, टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत प्राप्त हुई थी कि रानीपुर थाने में तैनात एएसआई शिकायतकर्ता से उसके पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही हैं।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम गठित की और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया। विभाग के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर की जा सकती है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
ग्रामीणों ने रखे स्थानीय मुद्दे और सुझाव
कालाढूंगी। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के गेबुआ में जनसंपर्क अभियान के तहत राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण एवं स्वास्थ्य अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। भट्ट ने कहा कि जनता से निरंतर संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं को समझना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम का आयोजन नारायण सिंह अधिकारी के आवास पर किया गया। यहां सुरेश भट्ट ने क्षेत्रवासियों के साथ संवाद करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने ग्रामीणों के सुझावों को सुनते हुए क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न जनहितकारी पहलों की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के बीच नियमित संवाद से स्थानीय समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान की दिशा में प्रयास करने में मदद मिलती है। ग्रामीणों की भागीदारी से विकास कार्यों को क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गंगा बिष्ट, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विपिन कांडपाल, उपप्रधान धर्मानंद सती, भाजयुमो जिला आईटी सह-संयोजक पारस बेलवाल सहित रमेश जोशी, शिशपाल खनायत, नीरज जोशी, महिपाल अधिकारी, मयंक अधिकारी, मोहन सिंह बिष्ट, खुशराज बिष्ट, आनंद राम, प्रदीप कुमार, इंदर सिंह बिष्ट, चंदन बिष्ट, हेमंत सती, अतुल अधिकारी और मोहित अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा दीक्षा अधिकारी, बीना जोशी, विनीता अधिकारी, राधिका देवी और हेमा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।
पर्यटन पंजीकरण होगा सरल, चारधाम मार्ग पर बढ़ेंगी पार्किंग सुविधाएं
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने व्यापारी हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत, उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन, पर्यटन व्यवसाय के पंजीकरण का सरलीकरण, चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग और बाजारों में सड़क-नाली निर्माण जैसे मुद्दे शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों की भूमिका केवल खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि वे रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और राज्य के विकास में अहम योगदान देते हैं। सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है। इसी सोच के साथ व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों और सरकार के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा समस्याओं के समाधान के लिए राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। इन समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी कर सकें। इसके साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाने और सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने की घोषणा की गई। पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।
चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित करने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों तथा नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन कदमों से व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के साथ स्थानीय बाजारों में सुविधाएं बेहतर करने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में व्यापार और निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाया जा रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के साथ 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष औद्योगिक पार्कों हेतु भूमि चिह्नित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के व्यापारी स्थानीय बाजारों के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान स्थापित कर सकें। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्मारिका का विमोचन किया और व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। उन्होंने व्यापारियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा सकता है। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत और सरिता आर्या, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जाधारी राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान रास्ता रोककर स्कूटी घेरने और मोबाइल छीनने की कोशिश का आरोप
पुलिस ने थाने बुलाकर कराया नोटिस तामील
सितारगंज। ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान उद्यान विभाग की महिला कर्मचारियों के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोप है कि युवकों ने महिला कर्मचारियों का रास्ता रोककर उनकी स्कूटी को घेर लिया और चाबी निकालने व मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया और वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 को सितारगंज ब्लॉक के ग्राम धोहरा में हुई। यहां उद्यान विभाग की महिला कर्मचारी डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के तहत शासकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर पहुंचे चार युवकों पर महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र एवं आपत्तिजनक व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है।
शिकायत के मुताबिक, महिला कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर स्कूटी को घेर लिया। इस दौरान स्कूटी की चाबी निकालने और मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया गया। महिला कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे मौके पर भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। पीड़ित महिला कर्मचारी की तहरीर के आधार पर थाना सितारगंज में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस को आरोपियों की जल्द पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए घटना में शामिल बताए गए चारों युवकों की पहचान की और उन्हें थाने बुलाया। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों को धारा 35(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत नोटिस तामील कराया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए परिजनों की मौजूदगी में महिला कर्मचारियों से लिखित और मौखिक रूप से माफी मांगी। पुलिस ने चारों आरोपियों को भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
इकराम अली की शिकायत पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम हल्द्वानी का आदेश
पहचान का कथित दुरुपयोग कर ऑनलाइन आवेदन करने के मामले में पुलिस करेगी जांच
हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान 28 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए कथित तौर पर फर्जी तरीके से Form-7 दाखिल किए जाने के मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम, हल्द्वानी ने थाना बनभूलपुरा पुलिस को एफआईआर दर्ज कर विवेचना करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने प्रथम दृष्टया मामले को पुलिस जांच योग्य मानते हुए प्रार्थी इकराम अली की धारा 175(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत दाखिल अर्जी स्वीकार कर ली। अदालत में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार, वार्ड नंबर 31 इन्द्रानगर निवासी इकराम अली वर्तमान SIR प्रक्रिया में अपने बूथ पर BLA-2 के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार 20 अगस्त 2026 को उन्हें जानकारी मिली कि निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर 12 अगस्त को भाग संख्या 134 के कुल 28 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल करते हुए ऑनलाइन Form-7 दाखिल किए गए हैं। इकराम अली का कहना था कि उन्होंने न तो किसी मतदाता के संबंध में Form-7 दाखिल किया और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपने नाम से ऐसा आवेदन करने के लिए अधिकृत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने उनकी पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग कर कूटरचित आईडी के जरिए खुद को उनके रूप में प्रस्तुत करते हुए निर्वाचन कार्यालय में आवेदन किए।
प्रार्थी के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद 24 अगस्त को थाना बनभूलपुरा को स्पीड पोस्ट के माध्यम से लिखित शिकायत भेजी गई, जो 27 अगस्त को थाने में प्राप्त हुई। कार्रवाई न होने पर 29 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भी शिकायत भेजी गई, जो 31 अगस्त को प्राप्त हुई। इसके बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होने पर इकराम अली ने 15 सितंबर को न्यायालय में धारा 175(3) BNSS के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल किया। मामले में थाना बनभूलपुरा से आख्या भी तलब की गई थी। पुलिस की ओर से दी गई आख्या में शिकायत को SIR-Form-7 से संबंधित बताते हुए कहा गया था कि शिकायतकर्ता संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज करा सकता है। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित यह उपचार और कथित अपराध की पुलिस जांच दो अलग-अलग विषय हैं। न्यायालय ने माना कि कथित फर्जी आवेदन में इस्तेमाल User ID/Login, पंजीकृत मोबाइल नंबर, ई-मेल, OTP, प्रमाणीकरण विवरण, IP Address और संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जानकारी हासिल कर अज्ञात आरोपियों की पहचान करना पुलिस विवेचना के माध्यम से ही प्रभावी ढंग से संभव है।
न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा इकराम अली की पहचान का कथित दुरुपयोग करते हुए निर्वाचन संबंधी सरकारी प्रक्रिया में उनके नाम से आवेदन प्रस्तुत करना संज्ञेय अपराध की परिधि में आता प्रतीत होता है। हालांकि, कौन-कौन सी धाराएं लागू होंगी, इसका निर्धारण विवेचना अधिकारी पर छोड़ा गया है। यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम शुभांगी गुप्ता ने 6 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी करते हुए थाना बनभूलपुरा के भार साधक अधिकारी को इकराम अली की 24 अगस्त की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करने और मामले की विधि के अनुसार विवेचना करने के निर्देश दिए। आदेश की प्रति तत्काल संबंधित थानाध्यक्ष को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। मामले में अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि कथित तौर पर 28 अन्य मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली से हटवाने का प्रयास किया गया है। अब पुलिस जांच के दौरान फर्जी Form-7 किसने दाखिल किए, किस User ID या माध्यम का इस्तेमाल हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इन बिंदुओं की जांच की जाएगी। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट मनीष कुमार पांडे, एडवोकेट दानिश हुसैन, एडवोकेट आसिफ कुरैशी, एडवोकेट ज़मीर सैफी ने पैरवी की।
कुमाऊं कमिश्नर के निर्देश पर चला सघन चेकिंग अभियान
अनधिकृत रेंटल व टैक्सी बाइक के खिलाफ 175 चालान
नैनीताल/हल्द्वानी। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के निर्देश पर परिवहन विभाग ने नैनीताल और हल्द्वानी क्षेत्र में अनधिकृत रूप से संचालित रेंटल बाइक और टैक्सी बाइक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की तीन विशेष प्रवर्तन टीमों ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 टैक्सी बाइक वाहनों को सीज किया, जबकि विभिन्न अनियमितताओं में 175 चालान किए गए। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग अरविंद पांडेय के नेतृत्व में नैनीताल शहर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना वैध अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहे दोपहिया वाहनों और अनधिकृत बाइक टैक्सी संचालन पर अंकुश लगाना रहा। नैनीताल शहर में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, जगदीश चंद्र और अपराजिता पांडे की संयुक्त टीमों ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की।
इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की गई। नैनीताल मार्ग से जुड़े मैदानी क्षेत्रों और प्रवेश द्वारों हल्द्वानी तथा काठगोदाम में भी परिवहन विभाग की टीमों ने अभियान चलाया। परिवहन उपनिरीक्षक आरसी पंवार, गिरीश कांडपाल और नंदन सिंह की टीम ने दोपहिया वाहनों की जांच करते हुए अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। आरटीओ अरविंद पांडेय ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अनधिकृत वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों में दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने वाले टैक्सी बाइक और रेंटल बाइक संचालकों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच गुरुवार को रुद्रपुर में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत निकाले गए विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से देशभर में भी इसी मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं ने गल्ला मंडी से अंबेडकर चौक तक पैदल मार्च निकाला। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद अंबेडकर चौक पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा मताधिकार के सम्मान को लेकर नारे लगाए।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई। सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर इस मुद्दे पर आंदोलन किया जा रहा है। सिद्दीकी ने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कही जाएगी। उन्होंने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग उठाने की भी बात कही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी एक पद या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि उनके अनुसार लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी और तथ्यात्मक समाधान होना चाहिए। ऐसे में रुद्रपुर का यह प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया को लेकर जारी देशव्यापी राजनीतिक बहस के बीच इंडिया गठबंधन के स्थानीय स्तर पर एकजुट प्रदर्शन के रूप में सामने आया।
प्रदर्शन में प्रदर्शन में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाड़ी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी, काशीपुर महानगर अध्यक्ष अलका पाल, सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी और सीपीएम की अमनदीप कौर, सपा के मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओसियन यादव, राम सिंह सागर, मजहर रिजवी, इस्लाम मिकरनी, सनी गुप्ता, शेर सिंह, सूरज गुप्ता, शिवम सिंह, अरशद अयूब, उमैर मतीन, अनस सिद्दीकी, मुनीर अंसारी, सरताज अंसारी, आकिब, जावेद मिकरानी और रिजवान पहलवान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निर्वाचित टीम ने प्रदेश और जिला नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप
जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता बोले—प्रेसवार्ता भ्रामक, कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी कार्यवाहक के रूप में काम कर रही थी इकाई
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के 9 अक्टूबर को प्रस्तावित व्यापार मंडल सम्मेलन से ठीक पहले हल्द्वानी के व्यापार मंडल में संगठनात्मक विवाद खुलकर सामने आ गया है। महानगर व्यापार मंडल की पूरी निर्वाचित टीम ने संगठन से नाता तोड़ने का ऐलान किया है। महानगर इकाई की ओर से प्रदेश और जिला कार्यकारिणी पर मनमानी करने, संगठन को अपने तरीके से संचालित करने और आर्थिक हिसाब-किताब में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नैनीताल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने इन आरोपों को खारिज करते हुए विवाद को लेकर अलग पक्ष रखा है। विपिन गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 5 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित सम्मेलन को लेकर प्रेसवार्ता हुई थी, जिसमें नगर अध्यक्ष योगेश शर्मा के प्रतिष्ठान पर वह स्वयं मौजूद थे। उनके अनुसार, उस समय सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां सामान्य रूप से चल रही थीं और किसी तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी।
उन्होंने कहा कि वह उस दिन किसी कारणवश देहरादून में थे और लौटने के बाद उन्हें प्रेसवार्ता के बारे में जानकारी मिली। गुप्ता के मुताबिक, इसके बाद अचानक अगले दिन विवाद सामने आया, जिसे लेकर वह स्वयं भी हैरान हैं। विपिन गुप्ता ने कहा कि महानगर इकाई का कार्यकाल वर्ष 2024 में ही समाप्त हो चुका था। उनके अनुसार, संगठन में नई इकाई के गठन और पुरानी इकाई को भंग करने को लेकर चर्चा होती रही, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने दावा किया कि संबंधित पदाधिकारी कार्यवाहक के रूप में काम कर रहे थे और निर्धारित अवधि से अधिक समय तक पद पर बने हुए थे।हिसाब-किताब को लेकर लगाए गए आरोपों पर गुप्ता ने कहा कि संगठन के पास पूरा रिकॉर्ड मौजूद है और किसी तरह की वित्तीय अनियमितता नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि नगर महामंत्री मनोज जायसवाल के पास संगठन का रजिस्टर कई महीनों तक रहा था और मांग किए जाने के बाद रजिस्टर उन्हें उपलब्ध कराया गया।
जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने आर्थिक अनियमितता के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संगठन का हिसाब-किताब पूरा रखा गया है और उसमें एक पैसे की भी गड़बड़ी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि हिसाब को लेकर कोई सवाल है तो बैठकर उसका निस्तारण किया जा सकता है। उन्होंने हालिया प्रेसवार्ता को भी भ्रामक बताते हुए कहा कि संगठन की ओर से 9 अक्टूबर को प्रस्तावित सम्मेलन की तैयारियां जारी हैं और इसमें प्रदेशभर से व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। विपिन गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में नैनीताल जिले की 28 व्यापारिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली, उत्तरकाशी, पुरोला समेत दूरदराज के क्षेत्रों से प्रतिनिधियों के पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 9 अक्टूबर को प्रस्तावित सम्मेलन में मुख्यमंत्री की मौजूदगी तय है और संगठन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। दूसरी ओर, महानगर की निर्वाचित टीम के संगठन से अलग होने के ऐलान के बाद सम्मेलन से पहले व्यापार मंडल के भीतर उपजे विवाद ने हल्द्वानी के कारोबारी राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
दुकान में एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को दी गई सूचना
हल्द्वानी। खुले में बायो मेडिकल वेस्ट फेंकने की शिकायत पर नगर निगम हल्द्वानी ने GRD मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर निगम की संयुक्त टीम के निरीक्षण में बायो मेडिकल वेस्ट का अनुचित तरीके से निस्तारण किए जाने की बात सामने आने पर दुकान का 10 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं, निरीक्षण के दौरान दुकान के फ्रिज और डिस्प्ले में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें रखे पाए जाने की सूचना संबंधित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को दी गई है। नगर निगम की टीम ने शिकायत के आधार पर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार मौके पर बायो मेडिकल वेस्ट को निर्धारित तरीके से निस्तारित करने के बजाय खुले में फेंका जाना पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने नियमानुसार 10 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों को बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार ही करना होगा। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर आगे भी चालानी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान टीम को दुकान के फ्रिज और डिस्प्ले में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी जूस और पानी की बोतलें भी रखी मिलीं। नगर निगम की टीम ने मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को दे दी है, ताकि संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। अभियान में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अतिक्रमण प्रभारी, दोनों मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक समेत नगर निगम की टीम शामिल रही। नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और अन्य प्रतिष्ठानों को बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं मानक अनुरूप निस्तारण को लेकर चेतावनी दी है।
सुमित हृदयेश बोले—वोट की ताकत से खिलवाड़ लोकतंत्र पर हमला
गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा, मतदाता सूची की विसंगतियों को लेकर जनता को किया जाएगा जागरूक
हल्द्वानी। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने जनजागरण मार्च निकाला। विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बुद्ध पार्क, तिकोनिया से एसडीएम कोर्ट तक निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने मताधिकार की रक्षा, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतंत्र को मजबूत करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। मार्च के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है और वोट की ताकत से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका निर्वाचन आयोग की ओर से स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब दिया जाना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कहा कि संविधान प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के माध्यम से अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है और इस अधिकार की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की रक्षा के इस संघर्ष को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक के मतदान का अधिकार महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी समाधान जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ और वार्ड स्तर तक जाकर लोगों को मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने के लिए जागरूक करेंगे। किसी भी तरह की विसंगति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को हल्द्वानी में बूथ और वार्ड स्तर तक ले जाने की बात कही गई।