- सतर्कता विभाग ने रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई को ट्रैप कर पकड़ा
- दूसरे पक्ष से लेन-देन विवाद में समझौता कराने के नाम पर मांगी थी रकम
हरिद्वार। उत्तराखंड सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जिले के रानीपुर थाने में तैनात एएसआई सोनिया को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एएसआई शिकायतकर्ता से दूसरे पक्ष के साथ लेन-देन के विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत मांग रही थीं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सतर्कता विभाग ने ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की। सतर्कता विभाग के अनुसार, टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत प्राप्त हुई थी कि रानीपुर थाने में तैनात एएसआई शिकायतकर्ता से उसके पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही हैं।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम गठित की और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया। विभाग के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर की जा सकती है।
