हल्द्वानी में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई, सपा ने लिया विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प

  • प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी बोले—उत्तराखंड के विकास में नेताजी का रहा अहम योगदान
  •   उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि

हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर हल्द्वानी के आजाद नगर स्थित सपा प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसे संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विचार गोष्ठी में उनके राजनीतिक जीवन और उत्तराखंड के विकास में योगदान पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, व्यापारियों, छात्रों, कर्मचारियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए नेताजी ने पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास संबंधी पहल कीं। 

हल्द्वानी में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई, सपा ने लिया विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प

सिद्दीकी ने पिथौरागढ़ हवाई पट्टी, पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और पेयजल सुविधाओं तथा अलग पर्वतीय विकास मंत्रालय के गठन जैसे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन से जुड़े प्रस्तावों और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए मुलायम सिंह यादव की भूमिका को याद रखा जाना चाहिए। रक्षा मंत्री के रूप में सैनिकों और शहीदों के सम्मान के लिए किए गए फैसलों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की विरासत को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथ मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। गोष्ठी में एडवोकेट सुरेश परिहार और जावेद सिद्दीकी सहित अन्य वक्ताओं ने भी नेताजी के जीवन और योगदान पर विचार रखे।

Read more

Local News