Home Blog Page 21

100 किलो सोने का लालच देकर धोखाधड़ी का आरोप, खटीमा में चार गिरफ्तार

  • जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर-अंगूठे के निशान लेकर लाखों रुपये हड़पने और धमकाने का आरोप, रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने दबोचा

खटीमा। घर में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर कथित तौर पर धोखाधड़ी करने, जमीन के दस्तावेजों के जरिए लाखों रुपये के लेन-देन और धमकी देकर दबाव बनाने के मामले में खटीमा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वे कथित तौर पर कहीं जाने की फिराक में थे। मामले में जमीन से जुड़े दस्तावेजों, धनराशि के लेन-देन और अन्य आरोपों की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने कोतवाली खटीमा में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता के पिता को घर या जमीन में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच दिया। कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम लेने का आरोप है। 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जमीन से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए गए, जिनमें करीब 46 लाख और 80 लाख रुपये की धनराशि का उल्लेख बताया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके पिता को कार में ले जाकर बंधक बनाया गया और हथियार दिखाने के साथ झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाया गया। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये नकद लेने और जमीन को कथित तौर पर कम कीमत पर बिकवाने की साजिश रचने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस इन आरोपों और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी खटीमा रेलवे स्टेशन के पास मौजूद हैं और कहीं जाने की तैयारी में हैं। 

इसके बाद पुलिस टीम ने संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मण सिंह भाटिया निवासी वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया, खटीमा, विवेक कुमार निवासी बानूसी, झनकट, नंद किशोर निवासी बंडिया और शिव सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर भुड़िया, खटीमा के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को मुकदमा संख्या 308/2026 में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है। धनराशि के लेन-देन, जमीन के दस्तावेजों, कथित धमकियों और जमीन खरीदने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से जमीन की खरीद-फरोख्त कानूनी प्रक्रिया के तहत करने और धोखाधड़ी होने पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, भाजपा ने विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति की

  • प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद विधानसभा क्षेत्रवार प्रभारियों की घोषणा

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आगामी चुनाव के मद्देनजर विधानसभा क्षेत्रवार प्रभारियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद जारी सूची में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी संबंधित प्रभारियों को सौंपी गई है।  

विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति को चुनाव से पहले संगठनात्मक व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रभारियों के माध्यम से विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और चुनाव संबंधी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।

अस्पताल में चापड़ लहराकर डॉक्टरों को धमकाने वाला गिरफ्तार, लूट और हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे दर्ज

  • छोटे भाई के विवाद की सूचना पर नशे में अस्पताल पहुंचा था आरोपी
  • सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने दबोचा

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर घुसने और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ व सुरक्षाकर्मियों को डराने-धमकाने के मामले में दून पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने छोटे भाई के अस्पताल में हुए विवाद की जानकारी मिलने पर चापड़ लेकर वहां पहुंचा था। घटना के दौरान अस्पताल में भय का माहौल बनने के साथ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शोभा की शिकायत पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की और 11 अक्टूबर को रौनक मल्होत्रा (29) को गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंच गया और वहां मौजूद डॉक्टरों व अन्य लोगों को डराने-धमकाने लगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

धामी कैबिनेट के 13 बड़े फैसले: अग्निवीरों को भर्ती में छूट, बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी

  • हरिद्वार में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में बाढ़ मैदानों के नियमन से लेकर जन विश्वास विधेयक तक अहम निर्णय
  • स्वजल के 215 पदों की अवधि भी बढ़ाई

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण सभागार में हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में युवाओं, आपदा प्रबंधन, निवेश, आवास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सेवामुक्त अग्निवीरों की भर्ती संबंधी नई नियमावली, मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में विकास गतिविधियों को नियंत्रित करने वाली नियमावली सहित कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने राज्य की समूह ‘ग’ की सीधी भर्ती वाले वर्दीधारी पदों पर सेवामुक्त अग्निवीरों के सेवायोजन के लिए नई क्षैतिज आरक्षण नियमावली को मंजूरी दी। सरकार के अनुसार, नई व्यवस्था में लिखित परीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षा में छूट के प्रावधान शामिल किए गए हैं। इससे पहले वर्ष 2025 की नियमावली में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा और शारीरिक दक्षता परीक्षा में छूट का प्रावधान था। बच्चों के साहस और वीरता को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत विपरीत परिस्थितियों में असाधारण साहस, पराक्रम, मानवीय संवेदना और वीरता का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।

कैबिनेट ने उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली, 2026 को स्वीकृति दी। इसका उद्देश्य बाढ़ संभावित क्षेत्रों में भूमि उपयोग और निर्माण गतिविधियों को विनियमित करना तथा बाढ़ के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखते हुए जन-धन और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करना है। इसके साथ ही उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी दी गई, जिससे अग्निशमन और आपात सेवाओं को वर्तमान जरूरतों के अनुरूप अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक, 2026 को विधानसभा में पेश करने की स्वीकृति दी गई। प्रस्ताव का उद्देश्य छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने और मामूली तकनीकी या प्रक्रियात्मक गलतियों के लिए नागरिक दंड तथा प्रशासनिक कार्रवाई की व्यवस्था करना है। वहीं, उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास अधिनियम की अनुसूची में संशोधन को मंजूरी देते हुए परिसंपत्तियों के विनिवेश और मुद्रीकरण से प्राप्त आय का 92 प्रतिशत संबंधित सार्वजनिक अभिकरणों को देने का प्रावधान किया गया।

हरिद्वार के ऋषिकुल स्थित श्री मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। योजना के तहत संस्थान को योग एवं ध्यान, आयुर्वेद अनुसंधान, ज्योतिष, ललित कला, हिंदू अध्ययन और आध्यात्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। कैबिनेट ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वजल और राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के कुल 215 पदों की निरंतरता 1 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 तक बढ़ाने की मंजूरी दी। इनमें स्वजल के 189 और राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 26 पद शामिल हैं। हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की निर्धारित चौड़ाई में तीन मीटर की शिथिलता देने और ऊधमसिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधार को भी मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन तथा उत्तराखंड विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी दी गई। सत्र की तिथि और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया। बैठक में राज्य के विकास में निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार भी व्यक्त किया गया।

त्योहारों से पहले हल्द्वानी बाजार में अतिक्रमण पर सख्ती की तैयारी, फिर होगी मुनादी

  • सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने व्यापारियों को दी चेतावनी
  • रास्तों और पटरियों पर कब्जा करने वालों पर नगर निगम के साथ होगी कार्रवाई

हल्द्वानी। त्योहारों के सीजन में बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। बाजार क्षेत्र में सड़कों और पटरियों पर दुकानें सजाने तथा रास्तों पर कारोबार करने की शिकायतों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों को पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन पर्याप्त सुधार नहीं हुआ है।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि हर साल त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या सामने आती है। व्यापारियों को कई बार समझाने के साथ ही मुनादी कराकर भी रास्तों और पटरियों पर व्यवसाय न करने की अपील की गई है। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के माध्यम से एक बार फिर मुनादी कराई जाएगी। इसके बाद भी अतिक्रमण जारी रहने पर नगर निगम के साथ मिलकर प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य बाजार में आवागमन सुचारु रखना और त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम व परेशानी से राहत दिलाना है।

बिजली चोरी पर बड़ा एक्शन, सुबह पांच बजे से छापेमारी, 108 मामलो में कार्यवाही

  • 50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस वाले फीडर रडार पर
  • सात टीमों ने चलाया अभियान, मीटर सीज कर स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी

हल्द्वानी। शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार सुबह पांच बजे से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित इलाकों में सात टीमों ने निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान कथित तौर पर कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। कार्रवाई के दौरान करीब 108 एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और संबंधित मीटर सीज किए गए हैं। मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों का अध्ययन किया जा रहा था। जांच में बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसी के बाद व्यापक चेकिंग की योजना बनाई गई। अभियान में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, एई और जेई समेत विभागीय विजिलेंस व पुलिस की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

मुख्य अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए घरों के अंदर लगे मीटरों को बाहर शिफ्ट करने और सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने की योजना है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी रोकना और ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। शेखर त्रिपाठी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन दिलाने या बिल जमा कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे मांगता है, तो इसकी शिकायत पुलिस से करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारियों से जुड़ी कुछ शिकायतों को भी संज्ञान में लिया गया है। ऐसे मामलों में जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल, विभागीय विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

दर्दनाक सड़क हादसा: आल्टो कार खाई में गिरी, एक की मौत, दो घायल

  • हरणा-शीतला मार्ग पर SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
  • घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में हरणा-शीतला मार्ग पर रविवार को एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 55 वर्षीय आनंद राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट खैरना और सरियापानी की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्घटनाग्रस्त कार संख्या UK04TA2441 में तीन लोग सवार थे। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोर कुमार (35) और कैलाश राम (46) को खाई से बाहर निकाला। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से खैरना अस्पताल भेजा गया। हादसे में आनंद राम, पुत्र डूंगर राम (55), की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। एसडीआरएफ ने शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे के कारणों का विवरण फिलहाल सामने नहीं आया है।

हल्द्वानी में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई, सपा ने लिया विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प

  • प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी बोले—उत्तराखंड के विकास में नेताजी का रहा अहम योगदान
  •   उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि

हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर हल्द्वानी के आजाद नगर स्थित सपा प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसे संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विचार गोष्ठी में उनके राजनीतिक जीवन और उत्तराखंड के विकास में योगदान पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, व्यापारियों, छात्रों, कर्मचारियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए नेताजी ने पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास संबंधी पहल कीं। 

सिद्दीकी ने पिथौरागढ़ हवाई पट्टी, पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और पेयजल सुविधाओं तथा अलग पर्वतीय विकास मंत्रालय के गठन जैसे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन से जुड़े प्रस्तावों और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए मुलायम सिंह यादव की भूमिका को याद रखा जाना चाहिए। रक्षा मंत्री के रूप में सैनिकों और शहीदों के सम्मान के लिए किए गए फैसलों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की विरासत को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथ मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। गोष्ठी में एडवोकेट सुरेश परिहार और जावेद सिद्दीकी सहित अन्य वक्ताओं ने भी नेताजी के जीवन और योगदान पर विचार रखे।

दिनेश आर्य के राज्यसभा सांसद बनने पर शोएब अहमद ने दी बधाई, कुमाऊं के विकास की जताई उम्मीद

  • दर्जा राज्यमंत्री बोले—संसद में उठेंगे पर्वतीय क्षेत्रों के मुद्दे
  • जनहित से जुड़े विषयों को मिलेगी मजबूती

नैनीताल। दिनेश आर्य के निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर उत्तराखंड हुनर परिषद के उपाध्यक्ष शोएब अहमद ने उन्हें बधाई देते हुए इसे नैनीताल और कुमाऊं मंडल के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य के अनुभव का लाभ क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने में मिलेगा।

शोएब अहमद ने कहा कि दिनेश आर्य ने संगठन में लंबे समय तक कार्य करते हुए अपनी मेहनत और निष्ठा से यह मुकाम हासिल किया है। उनके निर्विरोध निर्वाचन से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में पहुंचने के बाद नैनीताल समेत पूरे कुमाऊं के विकास, पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा। दर्जा राज्यमंत्री ने दिनेश आर्य के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अन्य कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें बधाई दी।

जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटे 250 स्कूल बैग, बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

  • राजकीय इंटर कॉलेज और प्राथमिक विद्यालय में की गई पहल
  • शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों की मदद का लिया संकल्प

हल्द्वानी। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में सामाजिक पहल की गई। राजकीय इंटर कॉलेज इंदिरा नगर और राजकीय प्राथमिक विद्यालय इंदिरा नगर में जरूरतमंद विद्यार्थियों को 250 स्कूल बैग वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य उन बच्चों की मदद करना था, जिनके पुराने स्कूल बैग फट चुके थे और जिन्हें पढ़ाई के लिए नए बैग की आवश्यकता थी। स्कूल बैग वितरण के दौरान शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा गया कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और आर्थिक स्थिति किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। 

जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस तरह के प्रयास बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित करते हैं।इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की जरूरतों को पूरा करने और उनके चेहरों पर खुशी लाने का प्रयास किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता उवैस राजा ने जरूरतमंद बच्चों की सहायता और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।