पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे, हल्द्वानी में ‘सेवा ज्योति’ से गूंजा राष्ट्रनिर्माण का संदेश

  • शहीद पार्क में हुआ भव्य कार्यक्रम
  • सांसद अजय भट्ट ने मशाल जुलूस के साथ रथ यात्रा को दिखाई हरी झंडी
  • बोले—सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की ऐतिहासिक यात्रा

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को हल्द्वानी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क में आयोजित हुआ, जहां सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण सुना गया और स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण की ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में लगातार देश की सेवा करते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे किए हैं।

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे, हल्द्वानी में ‘सेवा ज्योति’ से गूंजा राष्ट्रनिर्माण का संदेश

अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिली है। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना रहा है। प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कार्यक्रम में मशाल जुलूस के साथ ‘सेवा ज्योति’ रथ यात्रा भी निकाली गई। सांसद अजय भट्ट और अन्य गणमान्य लोगों ने रथ यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा शहीद चौक, ठंडी सड़क से शुरू होकर नगर निगम सेवा ज्योति पार्क तक पहुंची। मशाल सेवा ज्योति यात्रा में अंतरराष्ट्रीय धावक सुरेश पांडे और राष्ट्रीय धाविका ममता पाठक ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे, हल्द्वानी में ‘सेवा ज्योति’ से गूंजा राष्ट्रनिर्माण का संदेश

सांसद अजय भट्ट ने कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि नगर निगम पार्क का नाम बदलकर ‘सेवा ज्योति यात्रा पार्क’ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्षों की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम सेवा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर शुभकामनाएं देते हुए देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। साथ ही प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जामंत्री सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, भावना मेहरा, कौस्तुभानंद जोशी, प्रदीप जनोटी, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला सह प्रभारी रनदीप पोखरिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन भट्ट, सह संयोजक कमल रावत, नीरज बिष्ट, सुरेश पांडे और ममता पांडे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, एपीडी चंद्रा फर्त्याल और बीडीओ तनवीर असगर समेत अधिकारी उपस्थित रहे।

Read more

Local News