नैनीताल। धारी ब्लॉक के दूदूली मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। हल्द्वानी से दूदूली की ओर जा रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही मुक्तेश्वर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी पदमपुरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान लता देवी और हरीश चन्द्र बेलवाल के रूप में हुई है। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन में कुल छह लोग सवार थे और दूदूली के पास अचानक नियंत्रण खोने के कारण वाहन गहरी खाई में गिर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। नैनीताल पुलिस ने इस घटना के बाद आमजन से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।





