देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वीकेंड पर दून पुलिस का “नाइट स्ट्राइक” अभियान लगातार असर दिखा रहा है। प्रेमनगर क्षेत्र में मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए देर रात बड़े स्तर पर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने होटल, रिसोर्ट, रेस्टोरेंट, पब, बार, हॉस्टल और पीजी में एक साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कार्रवाई करते हुए देर रात सड़कों पर घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें थाने लाकर सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान कोटड़ा संतूर स्थित होरीजन रिसोर्ट में छापेमारी के दौरान अवैध रूप से शराब परोसे जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने मौके से रिसोर्ट संचालक अमृतदीप को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
वहीं मौके पर मौजूद 13 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, बीयर कैन, हुक्का सामग्री और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षण संस्थानों के आसपास गुटबाजी, हुड़दंग और अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी ने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा दून पुलिस की पहली प्राथमिकता है और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।





