हल्द्वानी। हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि महिला आरक्षण का प्रावधान पहले ही अस्तित्व में आ चुका था। उनके अनुसार वर्तमान में इसे महज एक चुनावी मुद्दा बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। गोदियाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए भाजपा शासित राज्यों में आयोजित होने वाले विधानसभा सत्रों में अपना ठोस संकल्प पेश करेगी, जिसमें 33 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू करने का प्रस्ताव शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर भी बड़ा दावा किया। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस राज्य में मजबूती के साथ उभर रही है और 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई राजनीतिक जॉइनिंग के अलावा जल्द ही 18 और नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है, जिससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और भाजपा के प्रति जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है। ऐसे में आने वाले समय में कई बड़े चेहरे कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं, जिससे आगामी चुनावों में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी।





