- 8 पुलिसकर्मियों को सेवा के आधार पर और 6 को विशिष्ट कार्य के लिए मिलेगा सम्मान, दो कार्मिकों को मरणोपरांत पदक
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस कार्मिकों के चयन की घोषणा करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मान दिया है। चयनित 14 कार्मिकों में आठ को सेवा के आधार पर, जबकि छह पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। विशिष्ट कार्य के लिए चयनित दो पुलिसकर्मियों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा।सेवा के आधार पर पदक पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ उत्तराखंड नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय गिरीधर सिंह रावत, निरीक्षक नागरिक पुलिस मोहम्मद यासीन तथा 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चन्द्र शामिल हैं।
वहीं विशिष्ट कार्य के लिए स्वर्गीय निरीक्षक मनोज मनराल, अभिसूचना एलआईयू देहरादून और स्वर्गीय उपनिरीक्षक विनोद कुमार, नागरिक पुलिस टिहरी गढ़वाल को मरणोपरांत पदक प्रदान किया जाएगा। इनके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर तथा पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल को भी विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों द्वारा कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव के साथ किए जा रहे कार्यों का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के सम्मान से पूरे पुलिस बल को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिलने वाला यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस के उन कार्मिकों के समर्पण और सेवाभाव की पहचान है, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है।












