- 22 लोग थे सवार, 21 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, एक यात्री बस के नीचे फंसा, रेस्क्यू अभियान जारी
नैनीताल। मुक्तेश्वर घूमने आए पर्यटकों से भरी एक बस सतबुंगा के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बस में चालक समेत कुल 22 लोग सवार बताए जा रहे हैं। बताया गया कि सभी पर्यटक फरीदाबाद के रहने वाले हैं और मुक्तेश्वर घूमने के बाद बस संख्या यूपी14 क्यूटी-9690 से भवाली की ओर लौट रहे थे। सतबुंगा के समीप अचानक बस अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर एक-एक कर 21 यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से भवाली और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। खाई की गहराई और दुर्गम स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने ह्यूमन चेन बनाकर घायलों को सड़क तक पहुंचाया। इसी दौरान एक यात्री के बस के नीचे दबे होने की सूचना से रेस्क्यू अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की टीमें उसे निकालने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मौके पर भवाली सीओ रविकांत सेमवाल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहकर राहत-बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। हादसे में कितने लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी स्थिति कैसी है, इसकी विस्तृत जानकारी चिकित्सा जांच के बाद सामने आएगी। फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीमें सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई हैं।











