नैनीताल/रामनगर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नैनीताल जनपद के पांच दिवसीय दौरे ने प्रशासनिक हलचल तेज कर दी है, रामनगर पहुंचने पर उनका पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। सोमवार को रामनगर पहुंचने पर संसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कुमाऊंनी परंपरा के अनुसार टोपी, शॉल और पारंपरिक आतिथ्य के साथ उनका अभिनंदन किया गया। दौरे के पहले चरण में लोकसभा अध्यक्ष 27 और 28 अप्रैल को जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में प्रवास करेंगे। इसके बाद 29 अप्रैल को वे रामनगर से नैनीताल पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार वे एटीआई नैनीताल में वन पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण संवाद करेंगे। इसके अलावा वे नैना देवी मंदिर में दर्शन कर स्थानीय स्थलों का भ्रमण भी करेंगे। 30 अप्रैल को लोकसभा अध्यक्ष कैंची धाम में दर्शन करेंगे और नैनीताल में ही रात्रि विश्राम करेंगे। उनका यह दौरा प्रशासनिक, धार्मिक और जनसंवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 1 मई को वे सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर पूरे जनपद में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, वहीं विभिन्न बैठकों और संवाद कार्यक्रमों से स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।





